Category: लाइफ स्टाइल

  • मूंग स्प्राउट्स अक्की रोटी: नाश्ते में बनाएं कर्नाटक की मशहूर रेसिपी, जानें आसान तरीका

    मूंग स्प्राउट्स अक्की रोटी: नाश्ते में बनाएं कर्नाटक की मशहूर रेसिपी, जानें आसान तरीका

    भारत विविधता का देश है और इसकी झलक यहां के खान-पान में भी देखने को मिलती है, खासकर रोटियों में. आज हम आपको स्प्राउट्स वाली अक्की रोटी बनाने का आसान तरीका बताएंगे. अक्की रोटी कर्नाटक की फेमस रोटी है, जिसे आमतौर पर चावल के आटे से बनाया जाता है. लेकिन इसमें मूंग स्प्राउट्स मिलाकर इसे और पौष्टिक बनाया जा सकता है.

    इस रोटी को बनाने के लिए गाजर, नारियल, हरा धनिया और मसालों का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. इसे बनाना भी काफी आसान है और आप इसे नाश्ते या शाम के स्नैक्स में खा सकते हैं. तो आइए जानते हैं मूंग स्प्राउट्स अक्की रोटी कैसे बनाते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.

    इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)
    1 कप मूंग स्प्राउट्स
    1/2  कप चावल का आटा
    1 गाजर (कद्दूकस की हुई)
    ¼ कप ताजा नारियल (कद्दूकस किया हुआ)
    ¼ कप हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)
    2 हरी मिर्च
    ½ इंच अदरक
    4 लहसुन की कलियां
    ½ बड़ा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
    1 बड़ा चम्मच तिल
    1 बड़ा चम्मच घी
    स्वादानुसार नमक
    जरूरत के अनुसार पानी
    सेंकने के लिए घी या तेल

    मूंग स्प्राउट्स अक्की रोटी कैसे बनाएं?
    सबसे पहले मूंग स्प्राउट्स, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन को मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि पेस्ट बहुत ज्यादा बारीक न हो.
    अब एक बड़े बाउल में चावल का आटा लें. इसमें तैयार स्प्राउट्स का पेस्ट, कद्दूकस की हुई गाजर, नारियल, हरा धनिया, तिल, लाल मिर्च पाउडर, नमक और एक बड़ा चम्मच घी डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.
    मिश्रण में थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें. आटा ऐसा होना चाहिए कि इसे तवे पर आसानी से फैलाया जा सके.
    अब तवे पर थोड़ा घी या तेल लगाएं. तैयार आटे का एक हिस्सा तवे पर रखें और हाथों से पतली रोटी की तरह फैलाएं. रोटी में कुछ छोटे छेद कर दें और ऊपर से थोड़ा घी या तेल डालें.
    तवे को ढककर मध्यम आंच पर रोटी को सुनहरा और कुरकुरा होने तक पकाएं. फिर इसे पलटकर दूसरी तरफ से भी थोड़ी देर सेंक लें.
    गरमागरम मूंग स्प्राउट्स अक्की रोटी तैयार है. इसे नारियल की चटनी, हरी चटनी या अपनी पसंद की सब्जी के साथ परोस सकते हैं.

     

  • व्रत में बनाएं खिली-खिली साबूदाना खिचड़ी, चिपकने से बचाने के लिए अपनाएं ये सीक्रेट ट्रिक

    व्रत में बनाएं खिली-खिली साबूदाना खिचड़ी, चिपकने से बचाने के लिए अपनाएं ये सीक्रेट ट्रिक

    नवरात्रि या किसी भी व्रत में जब भी कुछ हल्का, सेहतमंद और एनर्जेटिक खाने का मन करे, तो वही उबले आलू खाने के बजाय दानेदार साबूदाना खिचड़ी बनाएं. साबूदाना कार्बोहाइड्रेट का बेहतरीन स्रोत है, जो व्रत के दौरान शरीर को दिनभर ऊर्जावान बनाए रखता है. जब इसमें भुनी हुई मूंगफली का क्रंच, तीखी हरी मिर्च, कढ़ी पत्ता, सेंधा नमक और चटपटा नींबू का रस मिलाया जाता है तो इसका स्वाद दोगुना हो जाता है.

    अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि खिचड़ी बनाते समय साबूदाना आपस में चिपक जाता है और चिपचिपा हो जाता है. लेकिन अगर आप साबूदाना भिगोने की सही ट्रिक और पकाने का सही तरीका अपनाएंगे, तो आपकी खिचड़ी का हर एक दाना मोती की तरह अलग-अलग और खिला-खिला बनेगा. आइए जानते हैं इसे बनाने की सबसे आसान विधि!

    सामग्री:
    1 कप साबूदाना (मध्यम आकार वाला)
    1/2 कप मूंगफली (भुनी और छिलका उतरी हुई)
    1 बड़ा उबला आलू (छोटे चौकोर टुकड़ों में कटा हुआ)
    2-3 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
    8-10 कढ़ी पत्ते
    1 छोटा चम्मच जीरा
    1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
    1 छोटा चम्मच सेंधा नमक (व्रत वाला नमक)
    1/2 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
    2 बड़े चम्मच देसी घी या मूंगफली का तेल
    बारीक कटा हरा धनिया

    बनाने की शॉर्ट विधि:
    साबूदाना भिगोने का सीक्रेट हैक: साबूदाने को 2-3 बार साफ पानी से धो लें ताकि उसका अतिरिक्त स्टार्च निकल जाए. अब साबूदाने में उतना ही पानी डालें जितने में साबूदाना बस डूब जाए (पानी साबूदाने के स्तर से सिर्फ आधा इंच ऊपर होना चाहिए). इसे 4-5 घंटे या रातभर के लिए ढंककर रख दें. भिगोने के बाद दाने एकदम सॉफ्ट और सूखे-सूखे हो जाएंगे.

    मूंगफली मिक्स करें (दूसरी मास्टर ट्रिक): भुनी हुई मूंगफली को मिक्सी में दरदरा पीस लें. अब भीगे हुए साबूदाने में यह दरदरा मूंगफली का पाउडर, सेंधा नमक और काली मिर्च पाउडर डालकर हाथों से हल्के से मिक्स कर लें. (मूंगफली का पाउडर साबूदाने की नमी सोख लेता है जिससे खिचड़ी बिल्कुल नहीं चिपकेगी).

    तड़का लगाएं: एक कड़ाही में देसी घी या तेल गर्म करें. इसमें जीरा, कढ़ी पत्ता और बारीक कटी हरी मिर्च डालकर चटकाएं. अब उबले आलू डालकर 1-2 मिनट तक हल्का सुनहरा होने तक भूनें.

    खिचड़ी पकाएं: अब मूंगफली मिला हुआ साबूदाना कड़ाही में डालें. धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक लगातार चलाते हुए पकाएं, जब तक कि साबूदाने के दाने पारदर्शी न दिखने लगें. (ज्यादा देर न पकाएं वरना साबूदाना कड़क हो जाएगा).

    फिनिश करें: ऊपर से नींबू का रस और ताजा कटा हरा धनिया मिलाएं. गरमा-गरम खिली-खिली साबूदाना खिचड़ी तैयार है!

  • लौकी से बनाएं क्रिस्पी फिंगर्स, शाम की चाय के साथ मिलेगा कुरकुरा और चटपटा स्वाद

     लौकी की सब्जी तो आपने कई बार खाई होगी लेकिन क्या कभी इससे क्रिस्पी फिंगर्स ट्राई किए हैं. अगर नहीं तो इस बार शाम की चाय के साथ लौकी के क्रिस्पी फिंगर्स बना सकते हैं. यह बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम होते हैं. खास बात यह है कि लौकी की सब्जी खाने से आनाकानी करने वाले बच्चों को भी आप इस तरह लौकी खिला सकते हैं.

    लौकी के क्रिस्पी फिंगर्स बनाने के लिए लौकी, सूजी, जीरा, सफेद तिल और कुछ मसालों की जरूरत होती है. इन सभी चीजों को मिलाकर पहले एक गाढ़ा मिश्रण तैयार किया जाता है. फिर इसे फिंगर जैसी शेप देकर तेल में सुनहरा और कुरकुरा होने तक तला जाता है. आप इन्हें हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ परोस सकते हैं. तो आइए जानते हैं लौकी के क्रिस्पी फिंगर्स कैसे बनाते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.

    इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)
    1 मीडियम साइज की लौकी

    1-2 बड़े चम्मच घी

    1 छोटी चम्मच जीरा

    1 बड़ा चम्मच सफेद तिल

    जरूरत के अनुसार सूजी

    ½ छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर

    ¼ छोटी चम्मच हल्दी पाउडर

    नमक स्वादानुसार

    ½ छोटी चम्मच धनिया पाउडर

    ¼ छोटी चम्मच गरम मसाला

    जरूरत के अनुसार पानी

    तलने के लिए तेल

    लौकी के क्रिस्पी फिंगर्स कैसे बनाएं?

    • सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह धोकर छील लें और कद्दूकस कर लें. अब एक पैन में घी गर्म करें. इसमें जीरा और सफेद तिल डालकर हल्का चटका लें. इसके बाद कद्दूकस की हुई लौकी डालें और चलाते हुए पकाएं.
    • जब लौकी थोड़ी नरम हो जाए, तो इसमें सूजी डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, नमक, धनिया पाउडर और गरम मसाला डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं.
    • इसके बाद जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालें और मिश्रण को लगातार चलाते रहें. इसे तब तक पकाएं, जब तक मिश्रण गाढ़ा न हो जाए और पैन के किनारे छोड़ने न लगे. ध्यान रखें कि मिश्रण बहुत ज्यादा गीला न रहे, वरना फिंगर्स बनाने में परेशानी हो सकती है.
    • अब गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें. हाथों पर हल्का तेल लगाकर मिश्रण से छोटी-छोटी लंबी फिंगर्स बना लें. इस दौरान ध्यान रखें कि सभी फिंगर्स का आकार लगभग एक जैसा हो, ताकि वे एकसाथ अच्छी तरह पक सकें.
    • अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर फिंगर्स को सावधानी से डालें और मध्यम आंच पर सुनहरा भूरा और कुरकुरा होने तक तलें. इन्हें बीच-बीच में पलटते रहें, ताकि सभी तरफ से अच्छी तरह सिक जाएं. तैयार फिंगर्स को निकालकर अतिरिक्त तेल सोखने के लिए टिश्यू पेपर पर रखें.
    • गरमागरम लौकी के क्रिस्पी फिंगर्स तैयार हैं. इन्हें हरी चटनी, टोमैटो सॉस या अपनी पसंद की चटनी के साथ शाम की चाय में परोसें.

     

  • नवरात्रि व्रत में बनाएं चौलाई के लड्डू, गुड़ और देसी घी से 10 मिनट में तैयार होगी स्वादिष्ट मिठाई

    नवरात्रि व्रत में बनाएं चौलाई के लड्डू, गुड़ और देसी घी से 10 मिनट में तैयार होगी स्वादिष्ट मिठाई

     नवरात्रि के व्रत की आज से शुरुआत हो गई है. ऐसे में अगर आप भी आज व्रत रख रहे हैं तो पूरे दिन नौ दिन व्रत रखने का सोच रहे हैं तो व्रत के लिए आज हम आपको घर पर ही चौलाई के लड्डू बनाने की ट्रिक बता रहे हैं. अक्सर लोग इन्हें बाजार से खरीदकर लाते हैं लेकिन आप घर पर ही शुद्ध और सात्विक तरीके से चौलाई के टेस्टी लड्डू बना सकते हैं.

    चौलाई को राजगिरा और रामदाना भी कहा जाता है. इसमें प्रचुर मात्रा में प्रोटीन, कैल्शियम, आयरन और फाइबर होता है जो व्रत के दौरान आपको सुस्ती और थकान से बचाकर दिनभर एनर्जेटिक रखता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इन्हें बनाने के लिए न तो चीनी की जरूरत होती है और न ही किसी तार वाली कठिन चाशनी की. केवल भुनी हुई चौलाई, ऑर्गेनिक गुड़ और थोड़ा सा देसी घी इन 3 साधारण चीजों से आप सिर्फ 10 मिनट में एकदम मखमली और गोल-मटोल लड्डू तैयार कर सकती हैं. आइए जानते हैं इसे बनाने की सबसे आसान विधि.

    सामग्री:
    2 कप भुनी हुई चौलाई (पफ्ड रामदाना)

    1 कप कसा हुआ या बारीक तोड़ा हुआ गुड़

    1 बड़ा चम्मच देसी घी

    1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर (ऑप्शनल)

    2 बड़े चम्मच बारीक कटे काजू और बादाम (ऑप्शनल)

    बनाने का तरीका
    भुनी हुई चौलाई को एक बड़े बारीक छेद वाले सूती कपड़े या छननी से छान लें ताकि नीचे की बिना फूली हुई बारीक चौलाई अलग हो जाए.

    एक कड़ाही में 1 चम्मच देसी घी गर्म करें. इसमें 1 कप कसा हुआ गुड़ और केवल 1 बड़ा चम्मच पानी डालें. धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए गुड़ को पिघलाएं. जैसे ही गुड़ में उबाल आए और झाग बनने लगे, गैस बंद कर दें. ध्यान रखें चाशनी को पकाना नहीं है, सिर्फ गुड़ पिघलाना है ताकि लड्डू कड़क न बनें.

    पिघले हुए गरम गुड़ में इलायची पाउडर, भुने मेवे और भुनी हुई चौलाई डालें. एक चम्मच या स्पैटुला की मदद से तुरंत अच्छे से मिक्स करें.

    मिश्रण को हल्का सा गुनगुना होने दें. पूरा ठंडा न होने दें, वरना बंधेगा नहीं. अपने हाथों में थोड़ा सा पानी या देसी घी लगाएं और थोड़ा-थोड़ा मिश्रण लेकर हल्के हाथों से दबाते हुए गोल-गोल लड्डू बांध लें.

    तैयार हैं आपके प्रोटीन से भरपूर बिना चीनी वाले चौलाई के लड्डू! पूरी तरह ठंडा होने के बाद इन्हें एयरटाइट डिब्बे में रख दें, ये पूरे महीने भर तक खराब नहीं होते.

  • नवरात्रि व्रत के लिए घर पर बनाएं 5 तरह के शुद्ध आटे, कुट्टू से राजगिरा तक आसान विधि

    नवरात्रि व्रत के लिए घर पर बनाएं 5 तरह के शुद्ध आटे, कुट्टू से राजगिरा तक आसान विधि

    नवरात्रि के नौ दिनों के व्रत में लोग फलाहार के लिए कई तरह की डिशेज बनाते हैं. इसके लिए वे बाजार से कुट्टू, सिंगाड़े और राजगिरा समेत कई तरह के फलाहारी आटे खरीदकर लाते हैं. लेकिन आप चाहें तो थोड़ी-सी मेहनत से घर पर भी शुद्ध और ताजा आटा तैयार कर सकते हैं. इसके लिए आपको ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है, बस आटा बनाते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है. आज हम आपको व्रत के लिए घर पर कुट्टू, साबूदाना, शकरकंद, राजगिरा और सिंगाड़े का आटा बनाने का आसान तरीका बताएंगे. इन्हें तैयार करके आप साफ और एयरटाइट कंटेनर में स्टोर कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल कर सकते हैं.

    1. कुट्टू का आटा
    ग्रेडिएंट्स (Ingredients)

    1 कप साबुत कुट्टू के दाने
    कैसे बनाएं?

    • कुट्टू का आटा बनाने के लिए सबसे पहले दानों को अच्छी तरह साफ कर लें. इनमें मौजूद कंकड़ और दूसरी अशुद्धियां निकाल दें. अगर दानों को धोते हैं, तो उन्हें पूरी तरह सुखाना जरूरी है.
    • अब एक सूखी कड़ाही में कुट्टू के दानों को मध्यम आंच पर 3 से 5 मिनट तक हल्का भून लें. ध्यान रखें कि दाने ज्यादा न भुनें, वरना स्वाद बदल सकता है. आप चाहें तो बिना भूने दानों से भी आटा तैयार कर सकते हैं.
    • दाने ठंडे होने के बाद उन्हें मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें. अब आटे को महीन छलनी से छान लें. अगर कुछ दाने मोटे रह जाएं, तो उन्हें दोबारा पीसकर छान लें. तैयार आटे को साफ और सूखे एयरटाइट डिब्बे में रखें. इससे आप व्रत में रोटी, पूरी, पराठे और पकौड़े बना सकते हैं.

    2. सिंगाड़े का आटा
    इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)

    जरूरत के अनुसार कच्चे सिंगाड़े

    कैसे बनाएं?

    • सिंगाड़े का आटा बनाने के लिए सबसे पहले कच्चे सिंगाड़ों के छिलके उतार लें और उन्हें अच्छी तरह धो लें. अब इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर किसी साफ प्लेट या ट्रे में फैला दें. टुकड़ों को धूप में तब तक सुखाएं, जब तक वे पूरी तरह सूखकर कड़क न हो जाएं. इनमें नमी रह जाने पर आटा जल्दी खराब हो सकता है.
    • सिंगाड़े के टुकड़े अच्छी तरह सूख जाएं तो उन्हें ठंडा करके मिक्सर में डालें और बारीक पीस लें. तैयार पाउडर को महीन छलनी से छान लें.
    • अगर कुछ टुकड़े मोटे रह जाएं, तो उन्हें दोबारा पीसकर छान लें. तैयार आटे को साफ और सूखे एयरटाइट डिब्बे में रखें. इससे आप व्रत के लिए पूरी, हलवा, पराठे और चीला जैसी कई चीजें बना सकते हैं.

    3. साबूदाने का आटा
    इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)
    आधा कप साबूदाना

    कैसे बनाएं?

    • साबूदाने का आटा बनाने के लिए एक सूखी कड़ाही को मध्यम आंच पर गर्म करें. इसमें साबूदाना डालकर 5 से 10 मिनट तक हल्का भूनें. इसे लगातार चलाते रहें, ताकि साबूदाना जले नहीं. जब दाने अच्छी तरह सूख जाएं, तो गैस बंद कर दें और उन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें.
    • अब साबूदाने को मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें. इसके बाद आटे को छलनी से छान लें. अगर कुछ दाने मोटे रह जाएं, तो उन्हें दोबारा पीस लें. तैयार आटे को एयरटाइट डिब्बे में रखें. इससे आप व्रत में चीला, थालीपीठ और दूसरी फलाहारी डिश बना सकते हैं.

     4. शकरकंद का आटा
    इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)

    जरूरत के अनुसार शकरकंद

    कैसे बनाएं?

    • शकरकंद का आटा बनाने के लिए सबसे पहले शकरकंद को अच्छी तरह धोकर छील लें. अब इन्हें पतले और छोटे टुकड़ों में काट लें. इन टुकड़ों को एक साफ प्लेट या ट्रे में फैलाकर धूप में पूरी तरह सूखने के लिए रख दें. अगर धूप नहीं है तो कम तापमान पर ओवन की मदद से भी इन्हें सुखाया जा सकता है.
    • ध्यान रखें कि शकरकंद के टुकड़ों में नमी बिल्कुल न रहे. अच्छी तरह सूखने के बाद इन्हें ठंडा करें और मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें.
    • तैयार पाउडर को छलनी से छानकर साफ, सूखे और एयरटाइट डिब्बे में रखें. इस आटे का इस्तेमाल व्रत के दौरान चीला, रोटी और दूसरी फलाहारी रेसिपी बनाने में किया जा सकता है.

    5. राजगिरा का आटा

    इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)
    500 ग्राम साबुत राजगिरा (रामदाना)

    कैसे बनाएं?

    • राजगिरा का आटा बनाने के लिए सबसे पहले दानों को अच्छी तरह साफ कर लें. अब एक सूखी कड़ाही को गर्म करें और उसमें राजगिरा डालकर मध्यम आंच पर 3 से 5 मिनट तक हल्का भूनें. दानों को लगातार चलाते रहें और ध्यान रखें कि वे ज्यादा न भुनें.
    • इसके बाद राजगिरा को एक प्लेट में निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें. अब इसे मिक्सर में थोड़ा-थोड़ा करके बारीक पीस लें. आटे को महीन छलनी से छानें और मोटे हिस्से को दोबारा पीस लें.
    • तैयार आटे को एयरटाइट डिब्बे में रखें. राजगिरा के आटे से व्रत में रोटी, पराठे, चीला और पूरी बनाई जा सकती है.

     

  • प्याज के छिलके फेंकने की गलती न करें, पौधों से लेकर किचन तक इन 5 तरीकों से आएंगे काम

    प्याज के छिलके फेंकने की गलती न करें, पौधों से लेकर किचन तक इन 5 तरीकों से आएंगे काम

    सब्जी, दाल या सलाद बनाते समय प्याज हर भारतीय रसोई में रोज इस्तेमाल होता है. लेकिन हम प्याज छीलकर उसके सूखे छिलकों को बिना सोचे-समझे कूड़ेदान में फेंक देते हैं. क्या आप जानते हैं कि प्याज के छिलकों में प्याज से भी ज्यादा एंटी-ऑक्सीडेंट्स, सल्फर, पोटैशियम, कैल्सियम और क्वेर्सेटिन नाम का पाचक तत्व मौजूद होता है.

    ये सूखे छिलके न सिर्फ आपके पौधों के लिए सबसे बेहतरीन प्राकृतिक खाद का काम करते हैं बल्कि सफेद बालों को काला करने, सूप-करी का फ्लेवर बढ़ाने और त्वचा की रंगत सुधारने में कमाल का असर दिखाते हैं. अगर आप प्याज के छिलकों को फेंकने के बजाय इकट्ठा करें तो घर के 5 बड़े काम मुफ्त में हो जाएंगे. आइए जानते हैं प्याज के छिलकों के 5 शानदार इस्तेमाल.

    पौधों के लिए पोटैशियम रिच लिक्विड खाद
    इस्तेमाल: 2 मुट्ठी प्याज के छिलकों को 1 लीटर पानी में डालकर 24 घंटे के लिए ढककर छोड़ दें. 24 घंटे बाद पानी का रंग लाल-भूरा हो जाएगा. इसे छानकर पौधों की जड़ों में डालें. इसमें मौजूद पोटैशियम, आयरन और सल्फर से पौधों में कीड़े नहीं लगते और ढेरों फूल व फल आते हैं.

    सफेद बालों को काला करने का नेचुरल हेयर डाई
    इस्तेमाल: प्याज के छिलकों को कड़ाही में बिना तेल के तब तक भूनें जब तक वे पूरी तरह काले न हो जाएं. अब इस राख को पीसकर पाउडर बना लें. इसमें 1 चम्मच एलोवेरा जेल या नारियल तेल मिलाकर सफेद बालों पर लगाएं. यह बिना किसी केमिकल के बालों को तुरंत नेचुरल काला रंग देता है.

    सूप और करी का रंग व फ्लेवर बढ़ाएं
    इस्तेमाल: वेजिटेबल सूप, स्टू या किसी दाल-ग्रेवी को पकाते समय प्याज के साफ छिलकों को धोकर उबलते समय डाल दें. परोसने से पहले छिलके निकाल लें. इससे सूप या ग्रेवी को खूबसूरत नेचुरल रिच कलर और सोंधा फ्लेवर मिलता है.

    कीड़े-मकौड़ों के लिए नेचुरल पेस्टिसाइड स्प्रे
    इस्तेमाल: प्याज के छिलकों को पानी में 10-15 मिनट उबालें. ठंडा होने पर पानी को स्प्रे बोतल में भरें और 1/2 चम्मच डिशवॉश लिक्विड मिलाएं. इस स्प्रे को पौधों पर छिड़कने से कीड़े, एफिड्स और चींटियां तुरंत भाग जाती हैं.

    इम्युनिटी और गले की खराश के लिए टी
    इस्तेमाल: प्याज के छिलकों को अच्छी तरह धोकर 2 कप पानी में 5-7 मिनट तक उबालें. छानकर इसमें थोड़ा-सा शहद और नींबू का रस मिलाकर पिएं. इसमें मौजूद क्वेर्सेटिन एंटी-ऑक्सीडेंट इम्युनिटी बूस्ट करता है और मौसम बदलने पर होने वाली गले की खराश व सर्दी में राहत देता है.

  • Navratri Vrat Recipe: कुट्टू की रोटी बेलते समय टूटती है? अपनाएं ये तरीका, बनेगी सॉफ्ट और स्वादिष्ट

    Navratri Vrat Recipe: कुट्टू की रोटी बेलते समय टूटती है? अपनाएं ये तरीका, बनेगी सॉफ्ट और स्वादिष्ट

     नवरात्रि के व्रत में फलाहार के लिए लोग कई तरह की चीजें बनाकर खाते हैं. इस दौरान कुट्टू के आटे से पूरी, पराठे और पकौड़े बनाए जाते हैं. कई जगहों पर इसकी रोटी भी बनाई जाती है लेकिन ज्यादातर लोगों की रोटी बेलते वक्त टूटने लगती है. अगर आप भी इस परेशानी की वजह से घर पर कुट्टू की रोटी बनाने से बचते हैं तो अब आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है. आज हम आपको कुट्टू के आटे से नरम, मुलायम और फुल्के की तरह फूली हुई रोटी बनाने का आसान तरीका बताएंगे. इसे घी लगाकर आलू की सब्जी, दही या अपनी पसंद के फलाहारी व्यंजन के साथ खा सकते हैं. तो आइए जानते हैं कुट्टू की सॉफ्ट रोटी बनाने का आसान तरीका.

    इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)
    2 कप कुट्टू का आटा
    2 कप पानी
    1 छोटा चम्मच देसी घी
    सेंधा नमक स्वादानुसार (
    सूखा कुट्टू का आटा, बेलने के लिए
    घी जरूरत के मुताबिक

    कुट्टू की सॉफ्ट रोटी कैसे बनाएं?

    • कुट्टू की रोटी बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में 2 कप पानी डालकर गर्म करें. इसमें सेंधा नमक और एक छोटा चम्मच देसी घी डाल दें. पानी में उबाल आने के बाद गैस बंद कर दें. अब इसमें 2 कप कुट्टू का आटा डालकर अच्छी तरह मिलाएं, ताकि आटा पूरा पानी सोख ले और मिश्रण गाढ़ा हो जाए.
    • अब बर्तन को ढककर 5 मिनट के लिए रख दें. इसके बाद आटे को एक प्लेट या परात में निकाल लें. आटा गर्म होगा, इसलिए इसे थोड़ा संभलकर छुएं. हाथों पर थोड़ा घी लगाकर आटे को हल्के हाथों से गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटे को पूरी तरह ठंडा न होने दें, क्योंकि हल्का गर्म रहने पर इसे गूंथना आसान होता है. अगर आटा बहुत गर्म लगे तो कुछ मिनट इंतजार कर सकते हैं.
    • आटा गूंथने के बाद इसे ढककर रख दें, ताकि यह सूखे नहीं. अब इसकी मध्यम आकार की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. एक लोई को सूखे कुट्टू के आटे में लपेटें और हल्के हाथों से बेल लें. बेलते समय जरूरत के मुताबिक सूखा आटा लगाते रहें, ताकि रोटी चिपके नहीं. इसे बहुत पतला बेलने के बजाय मध्यम आकार में रखना बेहतर रहेगा.
    • अब तवे को अच्छी तरह गर्म करें और उस पर बेली हुई रोटी डाल दें. जब रोटी एक तरफ से हल्की पक जाए तो इसे पलट दें. दूसरी तरफ भी कुछ देर सेंकें. इसे दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें. इसी तरह बाकी रोटियां भी बना लें.
    • गरमा-गरम और मुलायम कुट्टू की रोटी तैयार है. इसे घी लगाकर व्रत में आलू की सब्जी, दही या अपनी पसंद के फलाहारी व्यंजन के साथ खा सकते हैं.
  • नवरात्रि स्पेशल: माता रानी को लगाएं मलाईदार सेब की खीर का भोग, दूध नहीं फटेगा; जानें आसान रेसिपी

    नवरात्रि स्पेशल: माता रानी को लगाएं मलाईदार सेब की खीर का भोग, दूध नहीं फटेगा; जानें आसान रेसिपी

     नवरात्रि और त्यौहारों के सीजन में माता रानी के भोग के लिए अक्सर हम साबूदाने या मखाने की खीर बनाते हैं. लेकिन इस बार अगर आप कुछ नया, स्वादिष्ट और मखमली ट्राई करना चाहते हैं, तो घर में रखे ताजे सेब से मीठी और क्रीमी सेब की खीर बनाएं. सेब की प्राकृतिक मिठास, गाढ़े दूध की मलाई, केसर और इलायची का सुगंधित तड़का इस खीर को बहुत ही खास बनाता है. अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि दूध में सेब डालते ही दूध फट जाता है, लेकिन अगर आप सही ट्रिक से सेब को पकाकर दूध में मिलाएंगे, तो खीर एकदम रबड़ीदार और लच्छेदार बनेगी. आइए जानते हैं इसे बनाने की सबसे आसान विधि!

    सामग्री:
    2 बड़े ताजे और मीठे सेब (छीलकर कद्दूकस किए हुए)

    1 लीटर फुल क्रीम दूध

    1/2 कप चीनी (स्वादानुसार कम या ज्यादा)

    1 बड़ा चम्मच देसी घी

    1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर

    8-10 केसर के धागे (2 चम्मच गर्म दूध में भीगे हुए)

    2 बड़े चम्मच बारीक कटे काजू, बादाम और पिस्ता

    बनाने का तरीका
    एक भारी तले के बर्तन में 1 लीटर फुल क्रीम दूध उबलने रखें. जब दूध में उबाल आ जाए, तो आंच धीमी कर दें और इसे 15-20 मिनट तक पकाएं जब तक कि यह गाढ़ा होकर 3/4 न रह जाए. इसमें केसर वाला दूध और इलायची पाउडर मिला दें.

    एक दूसरे पैन में 1 चम्मच देसी घी गर्म करें. कद्दूकस किया हुआ सेब और चीनी डालें. मध्यम आंच पर 5-7 मिनट तक भूनें जब तक कि सेब का पानी सूख न जाए और सेब गलकर पारदर्शी न हो जाए. (सेब को चीनी के साथ पकाने से उसका खट्टापन खत्म हो जाता है और दूध बिल्कुल नहीं फटता).

    पके हुए सेब के मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें. गाढ़े किए हुए दूध को भी हल्का गुनगुना या ठंडा कर लें. अब ठंडे/गुनगुने दूध में पका हुआ सेब मिलाएं और अच्छी तरह चलाएं.

    कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता डालकर मिक्स करें. खीर को 1-2 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें.

    ठंडी-ठंडी मखमली सेब की खीर तैयार है! नवरात्रि पर माता रानी को भोग लगाएं और फलाहार में मजे से खाएं.

  • 45 की उम्र में भी त्वचा दिखेगी जवां? घर पर बनाएं मुल्तानी मिट्टी का नेचुरल फेस पैक

    45 की उम्र में भी त्वचा दिखेगी जवां? घर पर बनाएं मुल्तानी मिट्टी का नेचुरल फेस पैक

     उम्र बढ़ने के साथ चेहरे पर टैनिंग, झाइयां, फाइन लाइन्स और ओपन पोर्स की समस्या होना आम बात है. लेकिन आजकल खराब लाइफस्टाइल और प्रदूषण की वजह से कई महिलाओं को उम्र से पहले ये दिक्कत होने लगती है. अगर आपकी स्किन भी चमक खो चुकी है तो इसके लिए महंगे ब्यूटी पार्लर जाकर फेशियल कराने या केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स लगाने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. बल्कि किचन की कुछ प्राकृतिक चीजों से आप अपनी खोई हुई सुंदरता वापस पा सकती हैं. यहां हम आपको मुल्तानी मिट्टी में टमाटर का जूस और एलोवेरा से बनने वाला फेस पैक बता रहे हैं जो स्किन के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है.

    मुल्तानी मिट्टी त्वचा से अतिरिक्त तेल और गंदगी को खींचकर चेहरे को टाइट करती है. एलोवेरा जेल गहराई से मॉइश्चराइज करके झुर्रियों को मिटाता है और टमाटर में मौजूद लाइकोपीन व विटामिन-C जिद्दी टैनिंग और काले धब्बों को साफ करके गालों पर प्राकृतिक गुलाबी निखार लाता है. हफ्ते में 2 बार इसे लगाने से 45 की उम्र में भी त्वचा 25 जैसी खिली-खिली और जवां दिखने लगती है. आइए जानते हैं इसे बनाने और लगाने का सही तरीका.

    सामग्री:
    1 बड़ा चम्मच मुल्तानी मिट्टी पाउडर

    1 बड़ा चम्मच ताजा एलोवेरा जेल (या स्टोर-बॉस प्योर जेल)

    1 बड़ा चम्मच ताजा टमाटर का रस (छानकर बीज अलग किया हुआ)

    1/2 छोटा चम्मच गुलाब जल (पेस्ट को स्मूथ बनाने के लिए)

    बनाने का तरीका
    एक कटोरी में 1 चम्मच मुल्तानी मिट्टी लें. इसमें 1 चम्मच एलोवेरा जेल, 1 चम्मच ताजा टमाटर का रस और थोड़ा-सा गुलाब जल मिलाएं.

    सभी चीजों को चम्मच की मदद से अच्छे से फेंट लें ताकि कोई गुठली न रहे और एक स्मूथ पैक तैयार हो जाए.

    अपना चेहरा माइल्ड फेस वॉश से धोकर सुखा लें. अब इस पैक को चेहरे और गर्दन पर नीचे से ऊपर की तरफ एक समान लगाएं.

    इसे 15-20 मिनट के लिए चेहरे पर लगा रहने दें जब तक कि यह 80% सूख न जाए. (पूरा सूखने न दें, हल्का गीला रहने पर ही धो लें).

    चेहरे पर पानी छिड़ककर 1 मिनट हल्के हाथों से गोलाकार में मसाज करें और सादे पानी से धो लें. इसके बाद एलोवेरा जेल या हल्का मॉइश्चराइजर लगा लें. हफ्ते में 2 बार इसका इस्तेमाल करें.

  • नवरात्रि व्रत में बनाएं साबूदाना-मूंगफली का कुरकुरा मिक्सचर, महीनेभर रहेगा फ्रेश

    नवरात्रि व्रत में बनाएं साबूदाना-मूंगफली का कुरकुरा मिक्सचर, महीनेभर रहेगा फ्रेश

    नवरात्रि का पावन पर्व शुरू होते ही व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह होती है कि शाम की चाय के साथ क्या फलाहारी और कुरकुरा खाया जाए. बाजार में मिलने वाली पैकेट बंद फलाहारी नमकीन अक्सर महंगी होती है और उसमें शुद्धता का भरोसा भी नहीं रहता.

    ऐसे में इस नवरात्रि के पहले दिन घर पर ही साबूदाना और मूंगफली का टेस्टी मिक्चर बनाएं. बड़े साबूदाने (नॉयलन साबूदाना), भुनी मूंगफली, मखाने, सेंधा नमक, काली मिर्च और कढ़ी पत्ते के साथ तैयार यह नमकीन स्वाद में तो बेहतरीन होता ही है, साथ ही व्रत के दौरान आपको दिनभर एनर्जेटिक भी रखता है. इसे एक बार बनाकर महीने भर के लिए एयरटाइट डिब्बे में स्टोर किया जा सकता है. आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि!

    सामग्री:
    1 कप बड़ा साबूदाना

    1/2 कप कच्ची मूंगफली

    1 कप मखाने

    8-10 कढ़ी पत्ते

    2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)

    1 छोटा चम्मच सेंधा नमक (व्रत वाला नमक)

    1/2 छोटा चम्मच कुटी हुई काली मिर्च

    1/2 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर

    1/2 छोटा चम्मच पिसी चीनी (खट्टा-मीठा फ्लेवर देने के लिए, ऑप्शनल)

    फ्राई करने के लिए मूंगफली का तेल या देसी घी

    बनाने का तरीका
    साबूदाना फ्राई करें (सीक्रेट हैक): कड़ाही में तेल/घी को बहुत अच्छे से गर्म करें. अब थोड़े-थोड़े साबूदाने छलनी में रखकर तेल में डुबोएं. साबूदाना तुरंत फूलकर एकदम सफेद और डबल साइज का हो जाएगा. इसे निकालकर टिशू पेपर पर रखें. (तेल ज्यादा गर्म होना जरूरी है ताकि साबूदाना अंदर से कच्चा न रहे).

    मूंगफली और मखाने तलें: उसी गर्म तेल में धीमी-मध्यम आंच पर मूंगफली को कुरकुरा होने तक तलें. इसके बाद मखाने को भी हल्का फ्राई करके निकाल लें.

    तड़का लगाएं: 1 चम्मच तेल में कढ़ी पत्ता और बारीक कटी हरी मिर्च को क्रिस्पी होने तक भूनें.

    मसाले मिलाएं: एक बड़े बाउल में फ्राई किया साबूदाना, मूंगफली, मखाने और कढ़ी पत्ते का तड़का डालें. ऊपर से सेंधा नमक, काली मिर्च पाउडर, भुना जीरा पाउडर और पिसी चीनी डालकर अच्छी तरह मिक्स करें.

    स्टोर करें: पूरी तरह ठंडा होने के बाद इसे एयरटाइट जार में भरकर रख लें. पूरा महीना यह मिक्सचर एकदम क्रिस्पी और फ्रेश रहेगा.