रायपुर : छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ के स्थान पर 17 और जवानों के शव बरामद हुए, घटना में शहीद होने वाले जवानों की संख्या 22 हुई : पुलिस।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में शनिवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 22 जवान शहीद हो गए हैं, हालांकि 25 जवानों के शहीद होने की अपुष्ट खबर आ रही है। शहीद जवानों में DRG के 8, STF के 6, कोबरा बटालियन के 6 और बस्तर बटालियन के 2 जवान बताए जा रहे हैं। स्पेशल DG नक्सल ऑपरेशन अशोक जुनेजा ने शहीद जवानों की पुष्टि की है।
वहीं इस मुठभेड़ में 30 से ज्यादा घायल हैं। लापता जवानों की तलाश के लिए सुबह करीब 6 बजे बैकअप फोर्स को रवाना किया गया है। घटनास्थल पर कई जवानों के शव पड़े हुए हैं जिन्हें अब तक रिकवर नहीं किया जा सका है। मुठभेड़ में 9 नक्सलियों के भी मारे जाने का दावा किया जा रहा है। इसमें एक महिला नक्सली का शव बरामद कर लिया गया है।
जानकार के अनुसार बताया जा रहा है कि तर्रेम क्षेत्र के सिलगेर के जंगल में जोनागुड़ा के पास नक्सलियों ने CRPF की कोबरा, CRPF बस्तरिया बटालियन, DRG और STF के जवान पिछले दो दिन से अलग-अलग आपरेशन पर निकले हुए थे। शनिवार सुबह फोर्स को सूचना मिली कि जोनागुड़ा के पास नक्सलियों का जमावड़ा है। पहले भी यहां सैटेलाइट तस्वीरों में कुछ हलचल दिखाई दे रही थी। यह सूचना एक फोर्स के पास आई तो जोनागुड़ा का आपरेशन अधिकारियों ने तय किया। इसके बाद सभी तरह की फोर्स जो उस समय आसपास के जंगलों में सर्चिंग कर रही थी, उसे मैसेज दिन जाने लगे कि वो जोनागुड़ा की ओर बढ़े।
बस्तर के वार जोन विशेषज्ञों के मुताबिक जोनागुड़ा का एक इलाका गुरिल्ला वार जोन के अंतर्गत आता है। इसमें गुरिल्ला वार अर्थात छिपकर हमले की रणनीति ही कारगर होती है। यहां कभी भी एक साथ फोर्स नहीं जाती, छोटी-छोटी टुकड़ियों में जाती है। लेकिन सभी फोर्स को इनपुट मिल रहे थे कि नक्सली यहां है, लिहाजा एक के बाद एक फोर्स की टुकड़ियां यहां पहुंचती रहीं। पहले से U शेप में घात लगाकर बैठे नक्सली इसी इंतजार में थे। फोर्स जैसे ही इस जोन में बड़ी संख्या में घुसी एंबुश में फंस गई। नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग की मुठभेड़ करीब तीन घंटे चली। नक्सली ऊपरी इलाकों थे, फोर्स के एंट्रेंस पर नजर रखे हुए थे, लिहाजा उन्होंने फौज का बड़ा नुकसान किया। कुछ जवानों ने यहां से लगे गांव की ओर पोजिशन के लिए वहां जाने की कोशिश की, लेकिन नक्सलियों ने वहां भी उनका पीछा कर फायरिंग की। नक्सली हमला कर हथियार, सामान लूटते गए और पीछे जंगलों में भागते गए।
बस्तर IG पी सुदंरराज ने शहीद जवानों की पुष्टि की है। उनके नाम अभी तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक 9 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है, जबकि 15 से ज्यादा घायल हैं। स्थिति स्पष्ट करने में और समय लग सकता है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि घटनास्थल पर 250 से ज्यादा नक्सली हो सकते हैं। इनका मूवमेंट अभी भी बना हुआ है। वहीं कुछ लापता जवानों के परिजन भी सामने आए हैं।