रायपुर : सत्रहवीं ऑल इंडिया आईपीएससी बॉयज़ शूटिंग प्रतियोगिता वर्ष 2022-23 का उद्घाटन स्थानीय राजकुमार कॉलेज, रायपुर के जशपुर हॉल में 11 अक्टूबर 2022 को रात्रि 8 बजे सम्पन्न हुआ। इस भव्य आयोजन में देश के सुप्रसिद्ध 13 विद्यालयों के 200 खिलाड़ी विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
उक्त कार्यक्रम राजा टी. सी. देब, चेयरमैन, मैनेजिंग कमेटी, राजकुमार कॉलेज सोसायटी के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा खेल हमारे जीवन का अभिन्न और आवश्यक हिस्सा है। खेल, चाहे टीम आधारित हो या व्यक्तिगत, बच्चों के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण गतिविधि है जो हमें शारीरिक फिटनेस के अलावा अन्य विविध लाभ प्रदान करती है।
मुख्य अतिथि राजा टी.सी. देब ने शूटिंग कप्तान उदयादित्य किशोर मानधाता के नेतृत्व में सभी खिलाड़ियों को शपथ दिलाई। इस शुभ अवसर पर राजकुमार कॉलेज, रायपुर की प्रबंध समिति के सम्मानित सदस्य, शिक्षक गण एवम् पालक उपस्थित थे।
प्राचार्य कर्नल अविनाश सिंह ने 17 वीं बॉयज शूटिंग प्रतियोगिता में आए सभी खिलाड़ियों और उनके शिक्षकों स्वागत किया और कहा खेल सहभागिता, आत्म-सम्मान, आत्मविश्वास का निर्माण करता है और विद्यार्थियों को अकादमिक रूप से उत्कृष्ट बनाने के लिए प्रेरित करता है, जिससे विद्यार्थियों को अपने सामाजिक कौशल का निर्माण करने में सहायता मिलती है साथ ही निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने और निरंतर अभ्यास के तरीके भी सिखाता है। इसलिए इस उद्देश्य से आई. पी. एस. सी. प्रति वर्ष विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं को आयोजित करता है।।
उपरोक्त जानकारी राजकुमार कॉलेज, रायपुर के उप प्राचार्य शिवेंद्रनाथ शाह देव ने दी ।।