UP में जानलेवा हुई भीषण ठंड, हार्ट और ब्रेन अटैक से एक ही शहर में 24 घंटे के भीतर 25 मौतें

यूपी में ठंड जानलेवा हो गई है। कड़ाके की सर्दी से शहरवासियों का जीना मुहाल हो गया है। रात का तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो बुधवार के मुकाबले 4 डिग्री सेल्सियस कम है। ऐसे हालात में कानपुर में गुरुवार को केवल दो सरकारी अस्पतालों में 25 लोगों की जान हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक से चली गई। सभी अस्पतालों में मरीजों की पूरे दिन भीड़ लगी रही। हैलट, उर्सला और कार्डियोलाजी की ओपीडी में मरीजों की संख्या अधिक रही।

लक्ष्मीपत सिंहानिया हृदय रोग संस्थान के निदेशक डॉ. विनय कृष्णा ने बताया कि दिनभर में हृदय रोग से पीड़ित 723 मरीज आए। इनमें 41 मरीजों को भर्ती किया गया। 15 मरीजों की अस्पताल पहुंचने से पहले हो मौत गई। वहीं, सात मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दूसरी ओर, हैलट अस्पताल में लाई गईं उन्नाव की 65 वर्षीय संध्या, कल्याणपुर की 74 वर्षीय रजोल व कन्नौज के 70 वर्षीय जाकिर की मौत ब्रेन स्ट्रोक के कारण हो गई।

नए साल में राहत नहीं नव वर्ष से गुरुवार तक शहरवासियों को शीतलहर से राहत नहीं मिल सकी है। पहले 72 घंटों में उत्तर पूर्वी हवाओं के कारण घना कोहरा, धुंध रहा। इसके बाद उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से कोहरा छंट गया था। बुधवार व गुरुवार को मिश्रित हवाएं चलने के बाद गलन बढ़ गई। गुरुवार गलन ने शहरवासियों को परेशान कर दिया।

गलन से बचें, पानी पीते रहें

गलन की स्थितियों में ठंडे पानी से बचाव करें। शरीर को पूरी तरह ढक कर निकलें। हाथ-पांव तापते रहें। अकारण घरों से न निकलें। गुनगुने पानी से नहाएं। पानी जरूर पीते रहें। तेज हवा चलने के दौरान छोटे बच्चों को धूप में खुला न छोड़ें।

छाएगा घना कोहरा, अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार हवा की दिशा में बदलाव से घना कोहरा छाने की संभावना बढ़ गई है। हल्की बदली हुई तो धूप और कमजोर पड़ सकती है। आईएमडी ने शुक्रवार के लिए भी डार्क यलो अलर्ट जारी किया है। फिलहाल 7 जनवरी तक कोल्ड डे कंडीशन रहने की संभावना है।

पूरे मंडल में रहेगा कोल्ड डे

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कोल्ड डे की स्थितियां बनी रहेंगी। कानपुर मंडल में घना कोहरा संभव है। रात और दिन गलन ऐसी ही बनी रहेगी। धूप भी निकलेगी।

दिन का पारा चढ़ा, रात का घटा

गुरुवार को अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस हो गया जो बुधवार के मुकाबले 02 डिग्री अधिक है। इसके बावजूद यह सामान्य से 2.6 डिग्री कम रहा। इसी तरह रात का पारा 8.4 से 4.4 डिग्री हो गया जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है। 08-10 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। विशेष बात यह रही कि रात भर हवा की दिशा उत्तर पूर्वी और उत्तर पश्चिमी के बीच बदलती रही।

More From Author

अमेरिका प्रतिनिधि सभा में तीसरे दिन भी नहीं हो सका स्पीकर का चयन

इस शेयर में ₹10000 लगाने वाले ₹985 करोड़ के हो गए मालिक फिर भी एक्सपर्ट दे रहे स्टॉक से दूर रहने की सलाह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.