नई दिल्ली. ठंड का मौसम शुरू होते ही घर की महिलाएं खाने में ऐसी चीजें शामिल करना शुरू कर देती हैं, जो न सिर्फ खाने में स्वादिष्ट होती हैं बल्कि जिनकी तासीर भी गर्म होती हैं। ऐसी ही चीजों में तिल और गुड़ का नाम भी शामिल है। सर्दियों में तिल और गुड़ का इस्तेमाल लड्डू से लेकर पराठे बनाने तक के लिए किया जाता है। ये दोनों ही चीजें न सिर्फ खाने में बेहद टेस्टी होती हैं बल्कि ठंड के मौसम में शरीर की गर्माहट भी बनाए रखती है। तो आइए जानते हैं कैसे इन दोनों चीजों का इस्तेमाल करके तैयार किया जाता है टेस्टी तिल गुड़ पराठा।
तिल गुड़ पराठा बनाने के लिए सामग्री-
-2 टेबलस्पून सफेद तिल
-आधा कप गुड़ कद्दूकस किया हुआ
-चुटकी भर नमक
-3 टेबलस्पून गुनगुना देसी घी
-डेढ़ कप गेहूं का आटा
तिल गुड़ पराठा बनाने की विधि-
तिल गुड़ पराठा बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में गुड़ को पिघलाने के लिए आवश्यकतानुसार पानी मिलाकर गर्म करें। जब गुड़ पिघल जाए तो उसे आंच से उतार लें। अब दूसरे बर्तन में तिल डालकर सुनहरा होने तक भून लें। तिल भूनने के बाद गेहूं के आटे में 2 टेबलस्पून घी, नमक और भुने हुए तिल डालकर अच्छी तरह मिक्स करते हुए गुड़ का पानी डालकर नरम आटा गूंध लें। अब इस आटे की लोई लेकर बेलें। ऐसा करते समय थोड़ा-सा घी लगाकर मोड़ लें। इसके बाद पराठे को दोबारा बेलकर नॉनस्टिक तवे पर घी लगाकर पराठे को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें। आपका टेस्टी तिल गुड़ पराठा बनकर तैयार है।