मुख्यमंत्री सहित कई मंत्रियों, भाजपा के नेताओं का भविष्य आज होगा ईवीएम में कैद

रायपुर(realtimes) प्रदेश में दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव के लिए आज सुबह से मतदान प्रारंभ हाे गया है। इस चरण में 70 सीटों पर शाम पांच बजे तक मतदान होना है। इन सीटों में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ प्रदेश के कई मंत्रियों के साथ भाजपा के कई दिग्गज नेता भी शामिल हैं, इनमें प्रदेशाध्यक्ष और सांसद अरुण साव सहित कई पूर्व मंत्री, वर्तमान सांसद और विधायक भी शामिल हैं। इनका भविष्य अब ईवीएम में कैद हो जाएगा। सभी के भविष्य का फैसला 3 दिसंबर को सामने आएगा जब मतगणना होगी।
छत्तीसगढ़ में विधानसभा का चुनाव दो चरणों में हो रहा है। पहले चरण में 20 सीटों पर 7 नवंबर को मतदान हाे चुका है। इस चरण में जहां प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव और भाजपा के कुछ पूर्व मंत्री बस्तर संभाग में मैदान में थे, वहीं प्रदेश के मंत्री मो. अकबर कवर्धा से चुनाव मैदान में थे। इनका भविष्य ईवीएम में पहले ही लॉक हो चुका है। अब बचे प्रत्याशियों की बारी है।

बघेल के सामने बघेल
प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सामने पाटन से भाजपा के सांसद विजय बघेल हैं। इनके बीच पहले भी दो बार मुकाबला हो चुका है। एक-एक के साथ मुकाबला बराबर रहा है। अब तीसरा मुकाबला है। बृजमोहन-महंत रामसुंदर दास में मुकाबला
रायपुर दक्षिण से भाजपा के बृजमोहन अग्रवाल मैदान में हैं। वे सात बार के विधायक हैं और आठवीं बार मैदान में हैं। इस बार उनके सामने कांग्रेस के महंत रामसुंदर दास है। दक्षिण की सीट पर हमेशा से भाजपा और कांग्रेस में सीधा मुकाबला होता है, इस बार भी यही हो रहा है।
मूणत-विकास फिर आमने-सामने
रायपुर पश्चिम से पूर्व मंत्री राजेश मूणत का एक बार फिर से विकास उपाध्यक्ष से मुकाबला हो रहा है। इस बार का मुकाबला कांटे का है। इसके बीच हुए पिछले दो मुकाबलों में एक में जहां 2013 श्री मूणत को जीत मिली थी, वहीं पिछली बार 2018 विकास के हाथ जीत लगी थी। अब तीसरा मुकाबला बड़ा रोचक होने वाला है।
साव का मुकाबला साहू से
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष और बिलासपुर के सांसद अरुण साव को भाजपा ने लोरमी से मैदान में उतारा है। उनके सामने जहां कांग्रेस के थानेश्वर साहू मैदान में हैं, वहीं कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सागर सिंह बैस कांग्रेस छोड़कर जोगी कांग्रेस से मैदान में हैं। ऐसे में यहां पर त्रिकोणीय मुकाबले के आसार है।
ओपी चौधरी की प्रतिष्ठा भी दांव पर
पूर्व आईएएस ओपी चौधरी पिछला चुनाव खरसिया से हार गए थे, इस बार उनकी सीट बदल कर रायगढ़ की गई है। उनके सामने कांग्रेस के विधायक प्रकाश नायक है। इधर भाजपा की एक बागी भी मैदान में हैं।
धरम के सामने सियाराम
भाजपा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक का बिल्हा में सीधा मुकाबला कांग्रेस के सियाराम कौशिक से है।
चंदेल के सामने कश्यप
नेता प्रतिपक्ष भाजपा के नारायण सिंह चंदेल का जांजगीर चांपा में कांग्रेस के व्यास कश्यप से सीधा मुकाबला है। पिछले चुनाव में श्री चंदेल ने कांग्रेस के मोतीलाल देवांगन को मात दी थी।
अमर का शैलेश से मुकाबला
बिलासपुर में पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल का मुकाबला कांग्रेस के विधायक शैलेश पांडेय से हैं। पिछली बार अमर काे शैलेश ने चौथी बार जीत से रोका था।
रेणुका का मुकाबला गुलाब से
भाजपा की सांसद और केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह काे भाजपा ने भरतपुर सोनहट से मैदान में उतारा है। उनका सीधा मुकाबला कांग्रेस के गुलाब कमरो से है।

कांग्रेस के ये दिग्गज मैदान में
महंत और साहू में टक्कर
सक्ति विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. चरणदास महंत के सामने बीजेपी प्रत्याशी खिलावन साहू हैं। यहां दोनों के बीच कांटे की टक्कर है।
टीएस को मिल रही कड़ी टक्कर
अंबिकापुर से कांग्रेस के टीएस सिंहदेव की भाजपा के राजेश अग्रवाल से कड़ी टक्कर है।
ओबीसी के दांव से चौबे पस्त
साजा विधानसभा सीट पर कांग्रेस के रविंद्र चौबे के सामने बीजेपी प्रत्याशी ईश्वर साहू है। यहां पर जातीय समीकरण के चलते कड़ा मुकाबला होगा।
गुरु-चेले की टक्कर
नवागढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस के गुरु रुद्र कुमार को भाजपा के दयाल दास बघेल कड़ी टक्कर दे रहे हैं। यहां पर गुरु चेले में मुकाबला दिलचस्प है।
सतनामी समाज के नेताओं की जंग
आरंग विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. शिवकुमार डहरिया और भाजपा प्रत्याशी गुरु खुशवंत सिंह के बीच कड़ा मुकाबला है। यहां पर सतनामी समाज के नेताओं की जंग दिलचस्प रहेगी
जातीय समीकरण भारी
डौंडीलोहारा विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अनिला भेड़िया को बीजेपी प्रत्याशी देवलाल हलवा ठाकुर के बीच कांटे की टक्कर है।
ताम्रध्वज को सीट बचाने की चुनौती
दुर्ग ग्रामीण विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू को बीजेपी प्रत्याशी ललित चंद्राकर से कड़ी शिकस्त मिल रही है।
ओबीसी बनाम अहेरिया समाज की लड़ाई
खरसिया विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी उमेश पटेल के सामने बीजेपी प्रत्याशी महेश साहू हैं। यहां पर अघरिया समाज और ओबीसी के बीच मुकाबला है।
जयसिंह को मिल रही कड़ी टक्कर
कोरबा विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी जयसिंह अग्रवाल के सामने बीजेपी प्रत्याशी लखनलाल देवांगन हैं। यहां पर पूर्व महापौर होने के नाते देवांगन का शहर में अच्छा होल्ड हैं। कांग्रेस को भाजपा से कड़ी टक्कर मिल रही है।

More From Author

इस विटामिन की कमी से हाथ लगते हैं कांपने

95 साल की बुजुर्ग महिला फूलदेवी ने नागरिक होने का निभाया फर्ज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.