दंतेवाड़ा के गीदम में राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर किया कड़ा प्रहार

जगदलपुर। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने छत्‍तीसगढ़ के बस्‍तर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्‍याशी महेश कश्‍यप के समर्थन में दंतेवाड़ा जिले के गीदम से चुनावी सभा को संबोधित किया। राजनाथ सिंह ने कहा, छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में आप लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की झोली को भर दिया है इसलिए आप सबका धन्यवाद करने आया हूं। भारत को विकास की ऊंचाइयों तक पहुंचाने में हमारे छत्तीसगढ़ का बहुत बड़ा योगदान होगा। राजनाथ सिंह ने कहा, मेरा छत्तीसगढ़ के साथ बहुत अटूट रिश्ता है। छत्तीसगढ़ जब राज्य बना था तब पहली विधानसभा का चुनाव हुआ था तो उस समय पार्टी की तरफ से, केंद्र की तरफ से प्रभारी बन के यहां आया था। तब लोग कहते थे कि भाजपा की सरकार नहीं बनेगी लेकिन हालत बदलते चले गए। जनता ने यह समझना प्रारंभ कर दिया कि अगर छत्तीसगढ़ का भाग्य कोई बदल सकता है तो वह भाजपा ही बदल सकती है। उन्‍होंने कहा, कांग्रेस पार्टी इतने सालों तक हुकूमत में रही है। लंबे समय तक इन लोगों ने भारत को लूटा है और लंबे समय तक सरकार चलाई है। जब-जब कांग्रेस की सरकार यहां आई है, तब भ्रष्टाचार तेजी के साथ बढ़ा है।जब-जब कांग्रेस की सरकार आती है, तब-तब घोटालों की बाढ़ आ जाती है। राजनाथ सिंह ने कहा, आपने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार तो बना दी थी, सब घोटाला तो अलग यहां गोठान घोटाला हो गया, गोबर का घोटाला हो गया। पशुधन के चारों के साथ भी घोटाला कर दिया। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, इस चुनाव के बाद छत्‍तीसगढ़ से कांग्रेस भी निपट जाएगी। जिस तरह से धरती से डायनासोर लुप्‍त हो गए, उसी तरह कांग्रेस भी गायब हो जाएगी। इससे पहले केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज शनिवार को छत्‍तीसगढ़ के जगदलपुर पहुंचे। रक्षा मंत्री राजनाथ का जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट में भाजपा पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। राजनाथ सिंह बस्‍तर के बाद कांकेर लोकसभा क्षेत्र में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। वहीं कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी बस्तर में ही चुनावी सभा करेंगे। राहुल दोपहर में जगदलपुर हवाई अड्डे आएंगे। वहां से हेलीकाप्टर से बस्तर जाएंगे। जहां वह नगर पंचायत के लाल बहादुर शास्त्री मैदान में सभा करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे पर छत्तीसगढ़ सीएम विष्णुदेव साय ने कहा, आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। वे दंतेवाड़ा के गीदम और बालोद में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी के दौरे पर उन्होंने कहा, राहुल गांधी जहां जहां जाते हैं, वहां कांग्रेस का बंटाधार ही होता है।

More From Author

व्यय प्रेक्षक आस्थानंद पाठक ने शहर की सबसे ऊँची बिल्डिंग मल्टीलेवल पार्किंग के टेरिस से सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदाता जागरूकता की दिलाई शपथ

70 करोड़ लोगों के पास जितना धन, उतना हिंदुस्तान में 22 लोगों के पास संपत्ति – राहुल गांधी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.