Day: April 30, 2025

  • तापमान में तेजी से बढ़ोतरी, गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई, 2 मई के बाद होगी हल्की बारिश

    तापमान में तेजी से बढ़ोतरी, गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई, 2 मई के बाद होगी हल्की बारिश

     इंदौर
    मंगलवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। पिछले 24 घंटों में दिन के तापमान में 1.2 डिग्री का उछाल देखा गया।

    पश्चिम-उत्तर-पश्चिम से आई हवा ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस समय दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर करीब 1.5 किमी की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसकी वजह से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है और गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है।

    विशेषज्ञों का कहना है कि दो मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसका हल्का असर मध्य भारत में भी देखने को मिल सकता है। इससे कुछ जगह तेज हवा चलने और हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है।

    उज्जैन में पिघलने लगा डामर

    उज्जैन शहर में भी इस वर्ष रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। हालात ये बन गए हैं कि अब सड़क का डामर तक पिघलने लगा है। लोग बहुत जरूरी होने पर ही दोपहर के समय घर से बाहर निकल रहे हैं। जो निकल रहे हैं वे अपनी आंख, त्वचा और सिर को तेज धूप से बचाने के जतन करते दिख रहे हैं।

    जीवाजी वेधशाला के अनुसार, मंगलवार को दिन का पारा 43 डिग्री और रात का 27 पारा डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। ये सामान्य से तीन डिग्री अधिक और बीते तीन वर्ष में अप्रैल की रिपोर्ट के अनुसार सर्वाधिक है। तापमान बढ़ने का प्रभाव लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ता दिख रहा है।

  • राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से अपात्रों को नाम हटाने का आज आखिरी मौका

    राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से अपात्रों को नाम हटाने का आज आखिरी मौका

    जयपुर

    राज्य सरकार ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (NFSA) के तहत अपात्र लाभार्थियों को सूची से बाहर करने के लिए चलाए जा रहे गिवअप अभियान को 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। अब तक जिन लोगों ने स्वेच्छा से योजना से नाम नहीं हटाया है, उनके लिए यह अंतिम चेतावनी है। सरकार ने साफ किया है कि 30 अप्रैल तक जो लोग खुद सामने आकर नाम हटा लेंगे, उनसे किसी भी प्रकार की पेनल्टी नहीं वसूली जाएगी लेकिन इसके बाद पकड़े जाने पर उन्हें सब्सिडी वाले खाद्यान्न की कीमत 27 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से चुकानी होगी, साथ ही उस पर ब्याज भी जोड़ा जाएगा।

    गौरतलब है कि इस अभियान के तहत अब तक 17 लाख 63 हजार से ज्यादा अपात्र लोग स्वेच्छा से सूची से हट चुके हैं। वहीं दूसरी ओर 20 लाख 80 हजार से अधिक नए पात्र लोगों को सूची में जोड़ा गया है। इससे यह साफ हो गया है कि सरकार की इस कार्रवाई से जरूरतमंदों को राहत मिलने लगी है और वे अब इस योजना का वास्तविक लाभ उठा सकेंगे।

    खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी, अर्द्ध सरकारी या स्वायत्तशासी संस्थाओं में कार्यरत कर्मचारी, जिनकी सालाना आय एक लाख रुपए से अधिक है, पेंशनधारी, आयकरदाता और जिनके पास निजी चौपहिया वाहन हैं, वे इस योजना के दायरे से बाहर हैं। विभाग ऐसे लोगों से अपील कर रहा है कि वे खुद आगे आकर योजना से नाम हटाएं, वरना कार्रवाई तय है।

    अभी भी हजारों की संख्या में ऐसे कर्मचारी हैं, जिन्होंने सूची से नाम नहीं हटाया है। विभाग ने इनकी सूचियां संबंधित विभागों को भेज दी हैं। अब इनसे वसूली की रकम सीधे मासिक वेतन से काटने की तैयारी है। इससे साफ संकेत मिल रहा है कि सरकार इस बार किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।

    इस मामले में सरकार का साफ संदेश है कि जो खुद हटे, वो बचे, जो पकड़े गए, वो चुकाएं। गिवअप अभियान अब अपने अंतिम चरण में है और सरकार की नजरें उन सभी पर टिकी हैं, जो अपात्र होते हुए भी योजना का लाभ उठा रहे हैं।

  • ऑल्टो कार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर, एक परिवार के तीन लोगों की मौत

    ऑल्टो कार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर, एक परिवार के तीन लोगों की मौत

    मुरादाबाद

    ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के गांव खाई खेड़ा नहर वाला मार्ग पर बुधवार तड़के सड़क हादसे में ऑल्टो सवार दंपती और उनकी दस वर्षीय बेटी की मौत हो गई। तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राली चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर और कार को कब्जे में लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

    बिजनौर के थाना शिवाला कला क्षेत्र के गांव फिना रामपुर निवासी कविराज अपने परिवार के साथ ठाकुरद्वारा में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। सुबह वह कार से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही लकड़ी से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

    हादसे में कविराज, उनकी पत्नी मंजू और दस वर्षीय बेटी अराध्या की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार तासु पुत्री सतीश निवासी लोदीपुर, कविराज का बेटा लक्ष्य और एक अन्य जानू घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भेजा, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए गए।

    पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में लेकर फरार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना से मृतक परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने हादसे को लेकर ट्रैक्टर चालकों की लापरवाही पर नाराजगी जताई है।

     

     

  • डॉ. सतीश पूनिया के बेटे और बहू को आशीर्वाद देने जयपुर पहुंचे मंत्री शिवराज सिंह और मप्र के सीएम मोहन यादव

    डॉ. सतीश पूनिया के बेटे और बहू को आशीर्वाद देने जयपुर पहुंचे मंत्री शिवराज सिंह और मप्र के सीएम मोहन यादव

    जयपुर

    मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व केंद्रीय कृषि मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा हरियाणा प्रभारी, भाजपा राजस्थान पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया के जयपुर आवास पहुंचकर उनके पुत्र महीप और पुत्रवधू सिप्पी को सुखमय, खुशहाल, मंगलमय दांपत्य जीवन के लिये आशीर्वाद दिया।

    इस अवसर पर सतीश पूनिया ने शॉल-साफा ओढ़ाकर मोहन यादव व शिवराज चौहान का स्वागत-सत्कार किया। उन्होंने कहा कि जयपुर स्थित निज आवास पर पधारे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री एवं मेरे मित्र डॉ. मोहन यादव से आत्मीय भेंट हुई इस दौरान विद्यार्थी परिषद से लेकर पार्टी से जुड़े अनेकों संस्मरण ताजा हो गए, डॉ. मोहन जनता के सच्चे सेवक हैं।

    डॉ. पूनिया ने शिवराज सिंह चौहान से भेंट को लेकर कहा कि जनप्रिय केंद्रीय कृषि मंत्री एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भाई शिवराज सिंह चौहान के साथ काम करने का मौका मिला, उनका सान्निध्य हमेशा प्रेरणा देने वाला है। आज जयपुर पधारकर शिवराज चौहान ने नवयुगल महीप एवं सिप्पी को आशीष दिया इसके लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।

  • मोदी कैबिनेट बैठक में अहम फैसला, जाति जनगणना कराएगी मोदी सरकार

    मोदी कैबिनेट बैठक में अहम फैसला, जाति जनगणना कराएगी मोदी सरकार

    नई दिल्ली

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की अध्यक्षता में बुधवार को 'सुपर कैबिनेट' मीटिंग हुई, जिसमें केंद्रीय मंत्रिमंडल के कुछ टॉप मंत्री मौजूद थे. इसमें जाति जणगना समेत कई अहम फैसले लिए गए. सरकार ने जनगणना के साथ ही जाति जनगणना कराने का भी फैसला किया है. मीटिंग के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि आने वाली जणगना में जातियों की गणना भी कराई जाएगी.

    दरअसल, राजनीतिक मामलों की कैबिनेट कमेटी यानी CCPA को 'सुपर कैबिनेट' के रूप में जाना जाता है क्योंकि इसमें केंद्रीय मंत्रिमंडल के टॉप मिनिस्टर्स शामिल होते हैं. CCPA के मौजूदा सदस्यों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हैं, जो इसके अध्यक्ष हैं. इसके साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल भी इसमें शामिल हैं.

    अश्विनी वैष्णव ने बताया कि केंद्र सरकार ने शिलांग से सिलचर के बीच नए हाईवे के निर्माण को मंजूरी दे दी है, जिसकी कुल लागत 22,864 करोड़ रुपये होगी. इसके साथ ही 2025-26 गन्ना सत्र के लिए किसानों को राहत देते हुए 355 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को भी मंजूरी दी गई है.

    जातीय जनगणना पर सरकार का बड़ा कदम

    अश्विनी वैष्णव ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हुई कैबिनेट कमेटी ऑन पॉलिटिकल अफेयर्स (CCPA) की बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि अगली जनगणना में जातीय गणना को शामिल किया जाएगा. यह एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, क्योंकि अब तक जातीय जनगणना मूल जनगणना का हिस्सा नहीं रही है.

    उन्होंने कहा, "कुछ राज्यों ने जातीय सर्वे अपने स्तर पर किया है, लेकिन सामाजिक ताने-बाने को समझने के लिए एक समग्र दृष्टिकोण जरूरी है. CCPA ने तय किया है कि अब जातियों की गिनती अगली जनगणना में की जाएगी, किसी अलग सर्वे के तहत नहीं."

    कांग्रेस पर साधा निशाना

    अश्विनी वैष्णव ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी भी जातीय जनगणना को ईमानदारी से नहीं अपनाया. जब वे सत्ता में थे, तब उन्होंने कभी जातीय आधार पर जनगणना नहीं करवाई. आज वे केवल इसे एक राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं.

    उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने जातीय जनगणना को राजनीतिक लाभ के लिए उठाया, लेकिन कभी इसके पीछे वास्तविक सामाजिक उद्देश्यों को नहीं देखा.

    उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संविधान के अनुच्छेद 246 के तहत कुछ राज्य सरकारों को अधिकार है कि वे अपने स्तर पर सामाजिक सर्वेक्षण करें. लेकिन जातीय आंकड़ों का समावेश अब केंद्रीय जनगणना के तहत होगा, ताकि एकरूपता और सटीकता बनी रह सके.

     मोदी सरकार ने जाति जनगणना कराने का बड़ा फैसला किया है. विपक्ष काफी समय से इस मुद्दे को उठा रहा था. इसके अलावा भी कई फैसले मोदी कैबिनेट की बैठक में लिये गए हैंं.पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत आतंकवाद पर बड़े एक्शन की तैयारी में है. 22 अप्रैल को बैसरन में 26 लोगों की जान जाने के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है. दोनों देशों ने एक-दूसरे पर कई सख्त फैसले लिए हैं. राजधानी दिल्ली में हाईलेवल बैठकों का दौर जारी है. मंगलवार को एक के बाद एक तीन बड़ी बैठकें हुईं. पीएम मोदी की अध्यक्षता में आज सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीएस) की बैठक हुई. बता दें कि सीसीएस में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस जयशंकर शामिल हैं.

    मोदी कैबिनेट के बड़े फैसले

    मोदी सरकार कराएगी जाति जनगणना

    मोदी कैबिनेट ने बड़ा फैसला किया है, देश में जाति जनगणना कराई जाएगी. कांग्रेस इस मुद्दे को काफी समय से उठा रही थी.

    -कांग्रेस की सरकारों ने आज तक जाति जनगणना का विरोध किया.

    -1947 से आज तक जातियों की जनगणना नहीं की गई.

    -2010 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने जाति जनगणना का आश्वसन दिया था. एक मंत्रियों के समूह का गठन भी किया गया. इसके बावजूद कांग्रेस की सरकार ने जाति जनगणना के बजाय एक सर्वे कराकर छोड़ दिया.

    -कांग्रेस और इंडी गठबंधन के दलों ने जाति जनगणना को अपने राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया.

  • पाक सांसद पलवशाने कहा, बाबरी मस्जिद के पुनर्निर्माण की पहली ईंट पाकिस्तानी सेना रखेंगी और अजान आर्मी चीफ मुनीर देंगे

    पाक सांसद पलवशाने कहा, बाबरी मस्जिद के पुनर्निर्माण की पहली ईंट पाकिस्तानी सेना रखेंगी और अजान आर्मी चीफ मुनीर देंगे

    लाहौर

    पहलगाम हमले के बाद भारत ने आतंक और आतंकियों के आकाओं को मिट्टी में मिलाने का ऐलान कर दिया है. इस बीच, पाकिस्तान की बौखलाहट दिनोंदिन बढ़ती जा रही है. अब पाकिस्तान की राजनीति से एक बार फिर उकसावे और कट्टरता से भरा बयान सामने आया है. पाकिस्तान की विपक्षी पार्टी PPP से ताल्लुक रखने वाली सांसद पलवशा मोहम्मद जई खान ने अयोध्या और भारत की आंतरिक संप्रभुता पर बेहद विवादास्पद बयान दिया है.

    पलवशा ने कहा, बाबरी मस्जिद के पुनर्निर्माण की पहली ईंट पाकिस्तानी सेना के जवान रखेंगे और पहली अजान पाकिस्तान आर्मी चीफ जनरल असीम मुनीर देंगे. इस बयान ने भारत-पाक संबंधों में पहले से चल रहे तनाव के बीच नया विवाद खड़ा कर दिया है.

    पलवशा, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) से पंजाब सीट से सांसद हैं. हाल ही में पलवशा की PPP के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने भारत के खिलाफ भड़काऊ बयान दिया था.

    'हम चूड़ियां नहीं पहनते'

    पलवशा खान ने बयान में आगे कहा, हम चूड़ियां नहीं पहनते हैं. वक्त आने पर जवाब देंगे. उनका यह बयान ना सिर्फ भारतीय सेना और संवेदनशील धार्मिक मुद्दों पर टिप्पणी है, बल्कि यह पाकिस्तान की ओर से एक स्पष्ट उकसावे की कोशिश भी मानी जा रही है.

    खालिस्तानी आतंकी पन्नू की तारीफ

    पलवशा मोहम्मद ज़ई खान ने अपने भाषण में भारत द्वारा आतंकवादी घोषित किए गए खालिस्तानी समर्थक गुरपतवंत सिंह पन्नू की भी तारीफ की. उन्होंने पन्नू को 'साहसी आवाज' बताया और उसकी वकालत की है.

    गुरपतवंत सिंह पन्नू को भारत सरकार ने UAPA (गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम) के तहत आतंकवादी घोषित कर रखा है और उसकी गतिविधियों को भारत की अखंडता और शांति के लिए सीधा खतरा माना जाता है.

    नफरत फैलाने की कोशिश में PAK के नेता

    भारत सरकार की ओर से फिलहाल इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन कूटनीतिक हलकों में इसे एक गंभीर उकसावे का उदाहरण दिया जा रहा है. सुरक्षा और रणनीति विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तानी नेता बार-बार भारत के धार्मिक और संवेदनशील मुद्दों पर बोलकर नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जो द्विपक्षीय रिश्तों को और अधिक नुकसान पहुंचा सकती है.

    पलवशा मोहम्मद जई खान ने क्या कहा?

    ''ये (भारत) पाकिस्तान को धमकाते हैं तो ये पता होना चाहिए कि उस फौज में तकसीम है, उस फौज का कोई सिख सिपाही… कोई सिख फौजी… पाकिस्तान पर हमला करने को तैयार नहीं है. पाकिस्तान से जंग करने को तैयार नहीं है, क्योंकि उनके लिए गुरु नानक की धरती है. उनके लिए ये पाक धरती है. इस धरती के चप्पे-चप्पे पर गुरु नानक के कदम पड़े हैं और ये यहां में सिखों के जो लीडर हैं- गुरपतवंत सिंह पन्नू… उनकी जुर्रत को सलाम पेश करना चाहिए हमें हाउस को, जिन्होंने कहा है कि भारतीय पंजाब से कोई भारतीय फौज इस तरफ वो नहीं आने देंगे और ये धमकी हमें ये देते हैं कि हमारी लाशें बिछाएंगे तो इनको पता होना चाहिए कि फौज सिर्फ छह- सात लाख नहीं है. यहां 25 करोड़ लोग हैं, जो वक्त आने पर फौज के साथ हैं और ये इंशा अल्लाह ताला सिपाही बनेंगे. मैं अपनी बात खत्म करती हूं और मैं कहती हूं कि भुट्टो साहब ने कहा था कि हम हजार साल जंग करेंगे और बिलावल साहब ने भी उन्हीं की बात को रिपीट किया है और कहा है कि अगर यहां पानी नहीं बहेगा तो खून बहेगा दरियाओं में… मैं सिर्फ ये कहूंगी कि वो वक्त दूर नहीं है, जब बाबरी मस्जिद की पहली ईंट उसकी बुनियाद में पिंडी से एक आम सिपाही लगाएगा और उसमें पहली अजान पाकिस्तान का सिपासलार असीम मुनीर देगा.''

     

  • सतना गोली कांड के 24 घंटे बाद भी आरोपी फरार, TI लाइन अटैच

    सतना गोली कांड के 24 घंटे बाद भी आरोपी फरार, TI लाइन अटैच

    सतना

     मध्य प्रदेश के सतना में प्रधान आरक्षक को गोली मारने की घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपी फरार है। इस मामले में एसपी ने थाना प्रभारी को पुलिस लाइन अटैच कर दिया है। आईजी ने आरोपी पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 12 टीमें लगी हैं। मध्य प्रदेश के साथ उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में भी तलाश की जा रही हैं। एसपी खुद टीमों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

    घटना 28-29 अप्रैल की रात जैतवारा थाना के बैरक में हुई थी। थाने में भोजन करने बैठे प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग को गोली मार दी। गोली मारने के बाद आरोपी अच्चू उर्फ आदर्श शर्मा मौके से भागने में सफल हो गया। घायल प्रधान आरक्षक को आनन फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता सहित अन्य अधिकारी सतना जिला अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

    गोलीकांड मामले में एसपी आशुतोष गुप्ता ने थाना प्रभारी विजय सिंह को पुलिस लाइन अटैच कर दिया है। वहीं आईजी ने आरोपी पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। बताया गया कि आरोपी अच्चू उर्फ आदर्श शर्मा पर कई अपराध दर्ज है। हाल ही में उसने एक युवक साहिल त्रिपाठी की बाइक चोरी की थी, जिसमें उस पर चोरी का मामला दर्ज है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 12 टीमें लगी हैं। मध्य प्रदेश के साथ उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में भी तलाश की जा रही हैं।

  • जब छत्तीसगढ़ के आदिवासी मारे गए, तब किसी को पीड़ा नहीं हुई: गृहमंत्री शर्मा

    जब छत्तीसगढ़ के आदिवासी मारे गए, तब किसी को पीड़ा नहीं हुई: गृहमंत्री शर्मा

    रायपुर

    छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने आज राजधानी रायपुर में प्रेसवार्ता के दौरान तेलंगाना सीमा से लगे कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में बीते 8 दिनों से जारी एंटी नक्सल ऑपरेशन और शांति वार्ता को लेकर बड़ा बयान दिया है। गृहमंत्री शर्मा ने कहा, “आज जब तेलंगाना वाले फंस रहे हैं तो पीड़ा जताई जा रही है, लेकिन जब छत्तीसगढ़ के आदिवासी मारे गए, तब किसी को पीड़ा नहीं हुई। राज्य में नक्सल मुठभेड़ों में अब तक 400 से ज्यादा नक्सली मारे जा चुके हैं, तब कोई वार्ता की बात नहीं कर रहा था।”

    गृहमंत्री शर्मा ने शांति वार्ता का प्रस्ताव रखने वाले संगठनों पर सवाल उठाते हुए कहा, “आखिर ये लोग होते कौन हैं? कौन है ये लोग जो वार्ता की बात कर रहे हैं? दाल में जरूर कुछ काला है।” शर्मा ने यह भी पूछा कि नक्सली यह स्पष्ट करें कि उनकी तरफ से बातचीत के लिए कौन प्रतिनिधित्व करेगा।

    बता दें कि छत्तीसगढ़ और तेलंगाना सीमा से लगे कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में एंटी नक्सल ऑपरेशन बीते 9 दिनों से जारी है। यहां पांच राज्यों के सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के बड़े लीडरों को घेर रखा है। अब तक 5 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। इनमें से 3 महिला नक्सलियों के शव बरामद किये जा चुके हैं।

  • मंत्री दिनेश प्रताप का राहुल गांधी पर तंज, बोले – पिकनिक मनाने आते हैं रायबरेली

    मंत्री दिनेश प्रताप का राहुल गांधी पर तंज, बोले – पिकनिक मनाने आते हैं रायबरेली

    रायबरेली

    जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक में मंगलवार को माहौल उस वक्त गरमा गया, जब उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा पर तीखा हमला बोला. दिनेश प्रताप ने अधिकार क्षेत्र को लेकर सवाल उठाते हुए कहा, “पहले ये तो जानिए कि आपके अधिकार में क्या आता है, फिर मांग रखिए!” किशोरी लाल भी पीछे नहीं हटे और उन्होंने तर्कों के साथ जवाब दिया, जिससे बैठक में तनाव बढ़ गया.

    इस पूरे टकराव के दौरान रायबरेली के सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी मौन रहे. सूत्रों के अनुसार, राहुल शांतिपूर्वक स्थिति को समझने की कोशिश करते नजर आए. बैठक में जिले के विकास कार्यों, योजनाओं और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई.

    दिनेश प्रताप सिंह ने बैठक के बाद भी राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल रायबरेली में पिकनिक मनाने आते हैं और 6 महीने में सिर्फ 5 घंटे यहां बिताते हैं.

  • सांसद आलोक शर्मा बोले किसी मियां में ताकत हो तो लव जिहाद करके दिखाए,उन्होंने ब्राह्मण समाज को एकजुट होने को भी कहा

    सांसद आलोक शर्मा बोले किसी मियां में ताकत हो तो लव जिहाद करके दिखाए,उन्होंने ब्राह्मण समाज को एकजुट होने को भी कहा

    भोपाल
     मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हुए लव जिहाद के मामले में सांसद आलोक शर्मा ने बड़ा बयान दिया है. लव जिहाद पर सांसद जमकर बरसे और कहा कि किसी मियां में ताकत हो तो अब लव जिहाद करके दिखाए. मेरा जन्म दाढ़ी टोपी से निपटने के लिए ही हुआ है. लव जिहाद करने वालों के लिए कड़ी से कड़ी सजा ब्राह्मण समाज देगा. ब्राह्मण समाज की छात्राओं को टारगेट करके लव जिहाद के जाल फंसाया जा रहा है. 5 जून को हिंदू समागम होने जा रहा है. पंडित धीरेन्द्र शास्त्री भोपाल आ रहे है. भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने अक्षय तृतीया के अवसर पर ब्राह्मण समाज के कार्यक्रम में लव जिहाद पर जमकर बरसे। सांसद शर्मा ने कहा कि किसी मियां में ताकत हो तो अब लव जिहाद करके दिखाए। शर्मा ने कहा कि मेरा जन्म दाढ़ी टोपी से निपटने के लिए ही हुआ है। वहीं उन्होंने कहा लव जिहाद करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा ब्राह्मण समाज देगा। आलोक शर्मा ने हिंदुओं से एक होने का आह्वान किया। सांसद आलोक शर्मा ने अक्षय तृतीया के मौके पर भगवान परशुराम की प्रतिमा पर विधि विधान से पूजा अर्चना की। 

    सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि हिंदुओं एक हो जाओ. पुराने भोपाल में हिंदू आबादी घटती जा रही है. सनातनी महिलाओं का गरबा अलग से हो, जिससे लव जिहाद करने वालों की इंट्री न हो. अभी भी वक्त है सम्भल जाओ.

    सनातनी महिलाओं का गरबा अलग करने की मांग
    आलोक शर्मा ने कहा कि पुराने भोपाल में हिंदुओं की आबादी घटती जा रही है। इसके साथ ही सनातनी महिलाओं का गरबा अलग से करने की मांग आलोक शर्मा ने की। सांसद ने बताया कि 5 जून को हिंदू समागम है, जिसमें पंडित धीरेन्द्र शास्त्री शिरकत करेंगे। आपको बता दे कि राजधानी के गुफा मंदिर में भगवान परशुराम की प्रतिमा के सामने ब्राह्मण समाज का कार्यक्रम हुआ था, जिसमें सभी ब्राह्मण समाज के सभी संगठन शामिल हुए थे।