जाने केक बनाने की विधियां

वैसे तो बाजार में सदैव मिठाइयों की भरमार रहती है लेकिन घर में बने हुए व्यंजनों का मजा ही कुछ और होता है। आइए जानते हैं कुछ व्यंजन बनाने की विधियां, ताकि परिवार के सदस्यों के साथ ही आने वाले मेहमानों को भी आपकी पाक कला के गुण गाने का मौका मिले।
 
ब्लैक फारेस्ट केक
 
सामग्री:- 1 डब्बा कंडेस्ड मिल्क, 225 ग्राम मैदा, 100 ग्राम मक्खन, 1 छोटा चम्मच मीठा सोडा, 1 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर, 3 बड़े चम्मच कोको पाउडर, 1 प्याला कोक या पेप्सी।
 
सजावट के लिए:- 250 ग्राम ताजा क्रीम, 2 बड़े चम्मच पिसी चीनी, 1 छोटा टिन चेरी, 1 मिल्क चाकलेट।
 
विधि:- कंडेस्ड मिल्क, कोको पाउडर और मक्खन को अच्छी तरह मिलाएं। मैदे में सोडा व बेकिंग पाउडर डाल कर तीन-चार बार छान लें। अब बारी-बारी से कोक या पेप्सी और मैदा डाल कर बीट करें। तेल लगा हुआ केक टिन में डाल कर गरम ओवन में बेक करें। ठंडा होने पर उलटी तरफ आइसिंग करें।
 
केक को दो भागों में बराबर गोल काट कर दोनों तरफ चेरी का सिरप छिड़क दें। क्रीम को ठंडा करके पिसी चीनी मिला कर बीटर से तब तक बीट करें जब तक वह थोड़ा सख्त न हो जाए। याद रखें कि क्रीम फटे नहीं। इसके लिए क्रीम के बरतन को बर्फ पर रखें। केक के एक हिस्से पर क्रीम लगाकर चेरी फैला दें। थोड़ी सी चेरी सजावट के लिए रख लें। केक को दूसरे भाग से ढक कर पूरी तरह से क्रीम भर दें। अब चाकलेट को ग्रेट करके पूरे केक को ढक दें। केक को चेरी से सजा कर फ्रिज में ठंडा करके परोसें।
 
बिना अंडे व दूध का केक
 
सामग्री:- 1 प्याला चीनी, 1 प्याला पानी, एक तिहाई तेल या मारजरीन, एक चैथाई प्याला किशमिश, एक चैथाई पिसी दालचीनी, 1 चुटकी पिसा जायफल, आधा छोटा चम्मच नमक, सवा दो प्याले मैदा, 1 छोटा चम्मच मीठा सोडा, डेढ़ चम्मच बेकिंग पाउडर, आधा प्याला कटी बादामगिरी, 1 छोटा चम्मच बादाम एसेंस।
 
विधि:- चीनी, पानी, तेल, किशमिश, मसाले और नमक मिलाकर एक बरतन में उबाल आने तक पकाएं। तीन मिनट तक हिलाते रहें। फिर इसे ठंडा करें। मैदा, बेकिंग पाउडर व सोडे को तीन बार छान लें। इसे धीरे-धीरे गीले मिश्रण में मिलाते हुए बीट करें। केक टिन में तेल लगाकर इस मिश्रण को डालें और गरम ओवन में बेक करें। यदि बादाम केक बनाना हो तो कटी हुई बादामगिरी व एसेंस मिलाकर तैयार करें।
 
क्रीम केक
 
सामग्री:- 1 प्याला मलाई, 2 प्याले मैदा, 1 प्याला पिसी चीनी, आधा छोटा चम्मच मीठा सोडा, 1 छोटा चम्मच ईनो साल्ट, 1 प्याला दूध, थोड़ा सा एसेंस।
 
विधि:- मलाई व चीनी को अच्छी तरह मिला लें। दूध और मैदा में मीठा सोडा मिलाकर दो-तीन बार छान लें। बारी-बारी से डाल कर अच्छी तरह बीट करें फिर एसेंस मिलाएं। बाद में ईनो साल्ट डाल कर मिलाएं और तुरंत केक टिन में पलट कर ओवन में बेक करें। पूरी तरह ठंडा होने पर ही टिन से निकालें।
 
अच्छा केक के लिए आप निम्न टिप्स पर गौर कर सकती हैं-
 
-सारी सामग्री सामान्य तापमान पर हो।
 
-केक के मिश्रण को एक ही दिशा में बीट करें।
 
-केक के मिश्रण को इलेक्ट्रिक बीटर से भी बीट कर सकते हैं।
 
-ओवन सदैव कम से कम 15 मिनट के लिए गरम करना जरूरी है। ठंडे ओवन में केक न डालें।
 
-यह देखने के लिए कि केक पक गया है, ढक्कन को अचानक न खोलें।
 
-बिना अंडे का केक और भी अच्छा बनाने के लिए आधे नींबू का रस मिलाएं।
 
-क्रीम को हमेशा ठंडा करके बर्फ के ऊपर रख कर बीट करें।
 
-बिजली के चले जाने पर केक को गैस तंदूर पर भी पकाया जा सकता है।
 
-ओटीजी में केक बनाते समय ध्यान रखें कि उस समय केवल नीचे की राड ही जल रही हो।

 

More From Author

नैंसी क्रिस्टल-पर्ल ड्रेस पहनकर पहुंचीं कान्स, लगाया भारतीयों वाला दिमाग

मिशन इम्पॉसिबल द फाइनल रेकनिंग 8 के फैन हुए राम गोपाल वर्मा, बॉलीवुड निर्माताओं को दिखाया आईना!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.