प्रदेश में पेयजल स्रोतों के साथ-साथ नहरों की सफाई कार्य को भी प्राथमिकता

भोपाल
प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान 30 मार्च से निरंतर जारी है। जिलों में पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई के साथ-साथ नहरों की सफाई के कार्य को भी प्राथमिकता दी जा रही है। माँ नर्मदा के किनारे लगे गाँवों में जन-अभियान परिषद जन-प्रतिनिधियों के नेतृत्व में जल यात्रा का आयोजन कर रही है। यात्रा में ग्रामीणजन बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

जल की एक-एक बूँद बचाने का संदेश
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संकल्पों को साकार करने के लिये शहडोल जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान में 30 मार्च से गतिविधियाँ निरंतर जारी हैं। जिले में नये तालाब बनाये जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुराने तालाबों, बावड़ियों और कुओं का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। जनपद पंचायत बुढ़ार की ग्राम पंचायत मजीरा में नवीन खेत-तालाब का कार्य किया गया। जिले में प्राचीन बावड़ियों के सुधार की पहल भी की गयी है। पानी की बचत के महत्व को समझाने के लिये ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा रचनात्मक गतिविधियाँ की जा रही हैं।

अम्बाह शाखा नहर की जन-सहयोग से साफ-सफाई
मुरैना जिले में नहर, नदियों और तालाबों के आसपास सफाई का कार्य किया जा रहा है। अम्बाह शाखा नहर की वितरिका पर पुलिया के अपस्ट्रीम और डाउन स्ट्रीम में जंगल सफाई एवं मिट्टी हटाने का कार्य जन-भागीदारी से किया गया। विभागीय मैदानी कर्मचारियों ने भी श्रमदान किया। जिले में जन-अभियान परिषद के सदस्य नुक्कड़ नाटक एवं गीत के माध्यम से जन-सामान्य को जल के महत्व के बारे में जानकारी दे रहे हैं। जिले में इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दिया गया है। नागरिकों को घर में लगे नल से पानी के अपव्यय को रोकने और जल-स्रोतों के आसपास सफाई के महत्व के बारे में निरंतर जानकारी दी जा रही है।

प्राचीन बावड़ी पर सफाई अभियान
मंदसौर जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान में जिले की प्राचीन बावड़ी की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले की अति प्राचीन बावड़ी के पुनर्जीवन की कार्य-योजना तैयार की गयी। जन-अभियान परिषद के सदस्यों और नागरिकों ने बावड़ी की सफाई के लिये लगातार श्रमदान करने का संकल्प लिया है। इसी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में खेत-तालाब भी बनाये जा रहे हैं। जिले की नदियों के आसपास सफाई के साथ-साथ आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए पौध-रोपण की योजना भी तैयार की गयी है। सार्वजनिक कुओं की मरम्मत ग्रामीणों की मदद से की जा रही है। उन्हें भविष्य में भी सुरक्षित करने के उपाय किये जा रहे हैं।

कंचन नदी के पुनर्जीवन का कार्य
सिंगरौली जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान में जन-भागीदारी से पेयजल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा है। रीवा कमिश्नर श्री बी.एस. जामोद ने गड़ेरिया पंचायत पहुँचकर कंचन नदी के पुनर्जीवन कार्य में श्रमदान किया। पानी के दुरुपयोग के कारण धरती के जल भण्डार कम हो रहे हैं। भूमि में जल का स्तर तेजी से नीचे जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेत का पानी खेत में, गाँव का पानी गाँव में सुरक्षित होना चाहिये। कमिश्नर ने जिले की स्वयंसेवी संस्थाओं से इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर शामिल होने का आग्रह किया।

विधायक के नेतृत्व में जल रैली
रीवा जिले में जल संरक्षण के कार्य 30 मार्च से निरंतर जारी हैं। जिले के गाँव-गाँव में जल चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। रीवा विकासखण्ड के ग्राम कंदैला में जल गंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व मनगवां के विधायक श्री नरेन्द्र प्रजापति ने किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जल संरक्षण और संवर्धन के लिये जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी वर्षाकाल में परिवार का कम से कम एक सदस्य पौधा रोपित करे और उसकी उचित देखभाल का संकल्प ले। कंदैला ग्राम में जल गंगा रैली तेड़ा तालाब तक निकाली गयी। तालाब के आसपास साफ-सफाई के लिये श्रमदान किया गया।

जागरण यात्रा का आयोजन
डिण्डोरी जिले में जीवन दायिनी माँ नर्मदा के जल को निर्मल रखने के संकल्प के साथ नर्मदा पथ के सर्वेक्षण और जन-जागरण के लिये यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा नर्मदा नदी के किनारे लगे गाँव से होती हुई 5 जून को समाप्त होगी। यात्रा का समापन नर्मदा आरती के साथ किया जायेगा। यात्रा में पड़ने वाले गाँव में ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व और साफ-सफाई के बारे में समझाइश दी जायेगी। जिले में अमृत सरोवर, परकोलेशन टैंक, डग वैल, तालाब जीर्णोद्धार के कार्य प्राथमिकता के साथ नागरिकों की भागीदारी से किये जा रहे हैं। 

More From Author

Lava ने लॉन्च किया iPhone 16 जैसे लुक वाला फोन, 6 हजार से कम है कीमत

रूस और यूक्रेन में जारी जंग के बीच जर्मनी ने बड़ा फैसला, यूक्रेन को 5 अरब पाउंड की मदद करेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.