संभल में बकरीद का पर्व पूरी अकीदत और शांति के साथ मनाया गया

लखनऊ
यूपी के शहरों में आज बकरीद की नमाज शांतीपूर्ण तरीके से पढ़ी गई। अमन और भाईचारे के साथ आज ईद मनाई जा रही है। यूपी की राजधानी लखनऊ में ऐशबाग स्थित ईदगाह में बकरीद के अवसर पर मुस्लिम समुदाय के हजारों लोगों ने बकरीद की नमाज अता की। संभल में बकरीद का पर्व पूरी अकीदत और शांति के साथ मनाया गया। जिले की 105 ईदगाहों और 688 मस्जिदों में हजारों लोगों ने सजदे में झुककर देश में अमन-चैन और तरक्की की दुआ मांगी। बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें साम्प्रदायिक सौहार्द और एकता की झलक देखने को मिली।

संभल में डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सरायतरिन, संभल सहित कई स्थानों पर ईदगाहों और मस्जिदों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों को पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। ईदगाहों और मस्जिदों पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कहीं भी किसी तरह की अव्यवस्था नहीं हुई। पुलिस और प्रशासन की सतर्कता से त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

ईद की नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। कुर्बानी का सिलसिला भी निर्धारित 19 स्थानों पर शुरू हो गया है। संभल नगर पालिका भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए 737 सफाई कर्मचारी और 67 वाहनों की तैनाती की गई। कुर्बानी स्थलों से तुरंत कुड़ा उठाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए।
शिक्षित बनो और खुदा की इबादत करो: मेरठ शहर काजी

मेरठ में भी शनिवार को ईद उल अजहा की नमाज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। शहर काजी डॉक्टर जैनस सालिकिन ने कहा कि हमारी कौम तालीम में काफी पीछे है। दीनी तालीम के साथ-साथ दुनियाबी तालीम भी तरक्की के लिए बेहद जरूरी है। यह संदेश शहर काजी ने दिल्ली रोड स्थित शाही ईदगाह से ईद की नमाज पढ़ने से पहले दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के मार्ग से ही मुसलमानों को उनका हक और अधिकार मिलेगा। भारत हमारा मुल्क है इसमें आपसी भाईचारे के साथ रहने का काम किया जाए।

उन्होंने कहा कि हम सभी लोगों को अपने शहर की स्वच्छता पर भी ध्यान रखना है कुर्बानी करने के बाद अवशेष सड़कों पर खुले में नहीं फेंके। उन्होंने कहा कि हमारे यहां ब्याज लेना और देना हराम है कुछ लोग ब्याज पर ही मोबाइल आदि सामान खरीद रहे हैं। वह ऐसा ना करें। केवल और केवल ईमानदारी के साथ रोजगार करने और आपसी भाईचारे को कायम रखने के लिए काम करें। उन्होंने अपने पड़ोसी के प्रति अच्छा व्यवहार करने और उसका सदैव ध्यान रखने का भी संदेश दिया।इसके बाद शहर काजी ने नमाज पढ़ाई। उधर कारी शफीक उर रहमान ने भी तकरीर करते हुए आपसी भाईचारे का संदेश दिया। शहर की शाही ईदगाह और अन्य ईदगाह और मस्जिदों में शांतिपूर्ण तरीके से ईद की नमाज संपन्न हुई।

 

More From Author

‘एक का आतंकी, दूसरे का फ्रीडम फाइटर’ वाली सोच अब पूरी तरह खत्म होनी चाहिए, राजनाथ सिंह का सख्त संदेश

यूपी के बरेली में चल रहा था सेक्स रैकेट, कॉलगर्ल समेत चार गिरफ्तार, घंटों के हिसाब से बुक होता था कमरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13766/145

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.