रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को 250 रूपए शगुन दिया जाएगा: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

लाड़ली बहनों और माताओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना हमारा लक्ष्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को 250 रूपए शगुन दिया जाएगा
मुख्यमंत्री ने बेलखेड़ा को शासकीय महाविद्यालय की दी सौगात
लाड़ली बहना सहित अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को मिली 2081 करोड़ से अधिक की राशि
56.68 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के हितग्राहियों को 341 करोड़ रूपये
27 लाख बहनों को गैस सिलेंडर रिफलिंग के लिए 39.14 करोड़ रूपये की अनुदान राशि हुई अंतरित
6 हजार से अधिक श्रमिक परिवारों को 150 करोड़ रूपये की अनुग्रह राशि अंतरित
राज्य सरकार वीरांगनाओं के नाम पर चला रही है योजनाएं
शहपुरा में एसडीएम/एसडीओपी कार्यालय की घोषणा
मुख्यमंत्री ने 22.44 करोड़ रूपये की लागत वाले 8 विकास कार्यों का किया लोकार्पण व भूमि-पूजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव जबलपुर जिले के बेलखेड़ा में राज्य स्तरीय लाड़ली बहना एवं महिला सम्मेलन में हुए शामिल

जबलपुर 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि माताओं, बहनों और बेटियों को मान-सम्मान और उनका वाजिब हक दिलाने में राज्य सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। लाड़ली बहनों को आत्मनिर्भर बनाने, सुरक्षा, सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि प्रदान करने के लिए हमारी सरकार द्वारा हर महीने बहनों के खातों में राशि भेजकर बहनों का रक्षाबंधन मनवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगले महीने रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में लाड़ली बहनों को 250 रूपए बढ़ाकर दिया जाएगा, जिससे ताकि बहनें उत्साह पूर्वक त्यौहार मना सकें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को जबलपुर जिले के बेलखेड़ा गांव में राज्य स्तरीय लाड़ली बहना एवं महिला सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की लाड़ली बहनों सहित अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को सिंगल क्लिक के जरिये 2081 करोड़ रूपसे से अधिक की सम्मान एवं सहायता राशि अंतरित की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि हमारी सरकार ने विरासत से विकास का संकल्प लिया है। जबलपुर क्षेत्र महारानी दुर्गावती, रानी अवंतीबाई जैसी वीरांगनाओं की धरती है। हमारी सरकार ने इन वीरांगनाओं के नाम पर योजनाएं चलाई हैं। इनका लाभ प्रदेश की लाखों महिलाओं को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की माताओं और बहनों को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाना ही हमारा लक्ष्य है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में पूरे देश सहित मध्यप्रदेश की महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की 1 करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनों के खातों में लाड़ली बहना योजना की जून माह की किश्त 1551 करोड़ 44 लाख रूपये अंतरित किये। योजनान्तर्गत लाड़ली बहनों को मिलने वाली यह 25वीं किश्त है। योजना में प्रत्येक लाड़ली बहना को प्रत्येक माह 1250 रूपये की राशि उनके बैंक खाता में अंतरित की जाती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहनों की जिंदगी को बेहतर करने मध्यप्रदेश सरकार प्रति महीने साढ़े पंद्रह सौ करोड़ रुपए अंतरित करती है। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल में 30 हजार करोड़ रूपए से अधिक की राशि बहनों को दी गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 56 लाख 68 हजार सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में 341 करोड़ रूपए की राशि, 27 लाख से अधिक बहनों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत सिलेंडर रिफिलिंग की 39.14 करोड़ रुपए की अनुदान राशि और मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल) योजना में 6 हजार 821 श्रमिक परिवारों को 150 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि का भी सिंगल क्लिक से अंतरण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ वितरण करने के साथ ही करीब 22 करोड़ 44 लाख रूपये के विकास कार्यों का भी लोकार्पण और भूमि-पूजन किया।

मुख्यमंत्री की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बरगी विधायक नीरज सिंह के अनुरोध पर बेलखेड़ा में शासकीय महाविद्यालय प्रारम्भ करने और शहपुरा में अनुविभागीय राजस्व कार्यालय व शासकीय कर्मचारियों के आवास भवन के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने शहपुरा में एसडीओपी की पदस्थापना की भी घोषणा की।

बहनों के आशीर्वाद से धन्य हुई जिंदगी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बहनों का आशीर्वाद मिल जाए तो जिंदगी धन्य हो जाती है। उन्होंने कहा कि भाई अकेले अपने घर को गौरवान्वित करता है जबकि बहनें ससुराल और मायके दोनों घरों का गौरव बनती हैं। उन्होंने कहा कि माताएं और बहने घर-परिवार के लिए समर्पण करती हैं और परिवार में बच्चों को बड़ा करने में माताओं और बहनों की भूमिका देवतुल्य होती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत की गौरवशाली संस्कृति रही है। हमारे यहां सात जन्मों की कसमों के साथ विवाह की रस्में होती हैं।

सबको पक्का आवास

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गांव, पहाड़ और नगर में रहने वाले, कच्चे और टूटे छत के मकान में रहने वाले सभी लोगों को पक्का मकान देने का काम किया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस योजना से हमारी माताओं और बहनों की आंखों को धुएं से मुक्ति दिलाने का काम भी प्रधानमंत्री मोदी ने किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गैस रिफिलिंग के तहत प्रदेश की 27 लाख से अधिक बहनों के खाते में भी आज 39.14 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर जल जीवन मिशन के तहत अब हर घर नल से जल पहुंच रहा है इससे माताओं और बहनों को कुंए और दूर दराज के जल स्त्रोतों से पानी लाने के कष्ट से निजात मिली है। मुख्यमंत्री ने बहनों के लिए प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसी कई योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सेना में भी बेटियों को बराबरी का दर्जा मिल रहा है।

गरीबों को मिल रहा निःशुल्क खाद्यान्न

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रेडीमेड गारमेंट के माध्यम से व्यवसाय करने वाली बहनों को 5 हजार रूपए अलग से देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कोदो-कुटकी खरीदने पर प्रति क्विंटल 1 हजार रुपए का बोनस देना प्रारंभ किया है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 1 करोड़ 33 लाख परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न देने का काम भी सरकार कर रही है। बच्चों की पढ़ाई, लिखाई की जवाबदारी सरकार निभा रही है। उन्होंने कहा कि अगले महीने मेधावी छात्रों को स्कूटी और लैपटॉप भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने सांदीपनि विद्यालयों का जिक्र करते हुए कहा कि विद्यालयों में सभी प्रकार के पाठ्यक्रमों की पढ़ाई के साथ खेलों को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर की लाड़ली बहना "गंगा" द्वारा योजना की राशि से सिलाई मशीन व किराना दुकान के माध्यम से अर्जित आय से बेहतर जिंदगी जीने का जिक्र किया। उन्होंने एक ऐसी ही लाड़ली बहना "सीता" का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सीता के बकरी पालन से उनकी जिंदगी बेहतर हो रही है। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में शामिल हुईं लाड़ली बहनों का पुष्पवर्षा कर अभिवादन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव हाल ही में अहमदाबाद में हुई भीषण विमान दुर्घटना में मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।

सांसद आशीष दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मातृशक्ति को मजबूत करने का कार्य लगातार हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश नित नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प की दिशा में सिद्धि के लिए मुख्यमंत्री लगातार कार्य कर रहे है। विधायक नीरज सिंह ने स्वागत भाषण में क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी दी।

जनजातीय लोक नृतकों के साथ ढोल बजाया

हेलीपैड से सभा स्थल पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का जनजातीय लोक नर्तकों ने वाद्ययंत्र बजाकर और जनजातीय लोक नृत्य कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनजातीय लोक नर्तकों के साथ स्वयं ढोल बजाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का साफा-पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया और कामधेनु गाय की प्रतिमा भेंट की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्या पूजन और दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया।

इस दौरान विधायक केंट अशोक रोहाणी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोटियां, जिला ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, विनोद गोटियां, अखिलेश जैन, पूर्व विधायक श्रीमती प्रतिभा सिंह, सहित बड़ी संख्या में लाड़ली बहने और नागरिक मौजूद रहे।

 

More From Author

मंत्री टंक राम वर्मा 17 जून को मंत्रालय महानदी भवन नवा रायपुर में विभागीय कार्याे की समीक्षा करेंगे

ईरान में भारतीय दूतावास सुरक्षा स्थिति पर लगातार नजर, भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13695/1

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.