एमएलसी 2025: काइल मेयर्स पर भारी पड़ी मोनांक पटेल की पारी, एमआई न्यूयॉर्क ने खोला जीत का खाता

न्यूयॉर्क
एमआई न्यूयॉर्क ने मेजर लीग क्रिकेट-2025 (एमएलसी) के नौवें मैच में सिएटल ऑर्कस के खिलाफ सात विकेट से दमदार जीत दर्ज की। इस सीजन ये एमआई की पहली जीत रही, जिसके साथ टीम प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंच चुकी है। दूसरी ओर, सिएटल ऑर्कस को लगातार तीन हार का सामना करना पड़ा है। यह टीम फिलहाल पांचवें पायदान पर है।

मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी सिएटल ऑर्कस ने 20 ओवरों में पांच विकेट गंवाकर 200 रन बनाए। टीम 30 के स्कोर तक अपने दो बड़े विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन इसके बाद शायन जहांगीर ने काइल मेयर्स के साथ मिलकर टीम को संभाल लिया। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी हुई। जहांगीर 34 गेंदों में 43 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें तीन छक्के और इतने ही चौके शामिल थे।

काइल मेयर्स ने चौथे विकेट के लिए कप्तान हेनिक क्लासेन के साथ 72 रन जोड़े। मेयर्स ने 46 गेंदों की तूफानी पारी में 88 रन बनाए, जिसमें 10 छक्के और तीन चौके शामिल रहे। इनके अलावा क्लासेन ने 27 और शिमरोन हेटमायर ने 21 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी टीम की ओर से नवीन-उल-हक ने दो विकेट चटकाए, जबकि माइकल ब्रेसवेल, ट्रेंट बोल्ट और सनी पटेल ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

विशाल टारगेट का पीछा करने उतरी एमआई न्यूयॉर्क ने 25 के स्कोर पर क्विंटन डी कॉक (14) के रूप में बड़ा विकेट गंवा दिया। इसके बाद सलामी बल्लेबाज मोनांक पटेल ने दूसरे विकेट के लिए ब्रेसवेल के साथ मिलकर 119 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत की पटरी पर ला दिया।

गुजरात में जन्मे मोनांक पटेल ने 50 गेंदों में 93 रन जड़ दिए। इस पारी में सात छक्के और आठ चौके भी शामिल रहे। उनके आउट होने के बाद कप्तान निकोलस पूरन मैदान पर उतरे, लेकिन सात रन से ज्यादा नहीं बना सके। एमआई न्यूयॉर्क 152 के स्कोर तक तीन विकेट गंवा चुकी थी। उसके पास यहां से महज 22 गेंदें शेष थीं। ऐसे में ब्रेसवेल ने किरोन पोलार्ड के साथ तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए टीम को एक ओवर शेष रहते जीत दिला दी। ब्रेसवेल ने 35 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए, जबकि पोलार्ड ने 10 गेंदों में नाबाद 26 रन की पारी खेली। विपक्षी टीम के लिए सिकंदर रजा ने दो, जबकि काइल मेयर्स ने एक शिकार किया।

 

More From Author

सचिवालय में डीआईपीआर ऑफिस में लगी आग, फाइलें जलकर खाक

ईरान दशकों बाद पहली बार इस युद्ध में अपने पारंपरिक सहयोगियों के बिना अकेला लड़ रहा है?, कोई नहीं दे रहा साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13695/1

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.