बीजेपी नेता से लूट मामले में पुलिस की जोरदार सर्चिंग, राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास के हर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देख रही

जबलपुर
 कटनी-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर उत्तर प्रदेश के भारतीय जनता पार्टी के नेता के साथ लूट की घटना के आरोपियों की तलाश में पुलिस ने शनिवार को कई जगह सर्चिंग की। क्राइम ब्रांच और पुलिस की अलग-अलग टीमों ने छतरपुर, कटनी, रीवा से लेकर बिलासपुर तक डेरा डाला, जहां संदिग्ध आरोपियों और इस प्रकार की घटनाओं में लिप्त रहे गिरोह एवं डेरे वालों से पूछताछ की। पुलिस ने कटनी-जबलपुर के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे ढाबा, होटल वालों से भी आरोपितों के संबंध में जानकारी ली है। पुलिस राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे झोपड़पट्टी में रहने वाले और अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर आरोपितों के संबंध में टोह लेने का प्रयास कर रही है।

कटनी में पकड़े गए पारधी गिरोह से भी पूछताछ

कटनी पुलिस ने एक पारधी गिरोह को पकड़ा है। उनके पास से भारी मात्रा में सोने की बिस्किट, कई मोटरसाइकिल और धारदार हथियार मिले हैं। इसकी सूचना पाकर खितौला पुलिस की एक टीम कटनी पहुंची है। यह टीम पकड़े गए पारधी गिरोह के सदस्यों से पूछताछ करेगी। कटनी-जबलपुर के बीच लूट की वारदातों में आरोपित मोटरसाइकिल सवार थे। वह कार सवारों के सोने की चेन एवं पर्स को निशाना बना रहे थे। इसके चलते पुलिस पकड़ में आए पारधी गिरोह के इन घटनाओं में लिप्तता की जांच करेगी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्धों पर नजर

पुलिस की एक टीम सिहोरा से लेकर कटनी के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास के प्रत्येक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देख रही है। कुछ सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में आरोपितों के धुंधले चित्र मिले है। उसमें दिख रहे कद-काठी एवं हुलिए के संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हाइवे लूट की घटना में पूर्व में पकड़े गए आरोपितों के साथी भी पुलिस के रडार पर हैं। कटनी एवं आसपास के जिलों की पुलिस को भी संदिग्ध आरोपितों के संबंध में जानकारी दी गई है। वहीं राजमार्ग पर हुई लूट और मारपीट की वारदात के बाद पुलिस विभाग के आला अधिकारी भी जांच पर नजर बनाए हुए हैं।

कई लूट की घटनाए आईं सामने

राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर जबलपुर-कटनी के मध्य एक के बाद एक लूट की पांच घटनाएं हो चुकी है। सभी घटनाओं में कार सवारों को आधी रात में रॉड, लाठी और चाकू से लैस बदमाशों ने लूटा। विरोध करने पर उन पर हमला भी किया। इसी प्रकार की घटना बुधवार की रात को उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के शमशेरपुर निवासी भारतीय जनता पार्टी के नेता सुजीत कुमार सिंह के साथ हुई, जब वह मैहर से मां शारदा देवी के दर्शन करके जबलपुर की ओर जा रहे थे। उनसे खितौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आरोपितों ने उनकी सोने की चेन लूट ली थी और उनके पुत्र एवं पत्नी पर हमला कर दिया था। वाहन चालक के हूटर बजाने पर आरोपित भाग गए थे। इससे पूर्व भी आरोपित इस मार्ग पर पन्ना, जबलपुर, मंडला एवं कटनी के अलग-अलग परिवारों के साथ लूट की घटना हो चुकी हैं।

More From Author

सिंगरौली जिले में 7 उप निरीक्षक, 42 एएसआई समेत 156 पुलिस कर्मियों का तबादला आदेश जारी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय सॉफ्टबॉल खिलाड़ी शालू डहरिया को दी वीडियो कॉल पर शुभकामनाएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.