पंचतत्व में विलीन हुए प्रो. यूपी सिंह, मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

प्रो. सिंह के राजेंद्र नगर स्थित आवास पर पहुंचे सीएम योगी, पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर किया नमन

एमपी शिक्षा परिषद के अध्यक्ष रहे पूर्व कुलपति प्रो. यूपी सिंह को श्रद्धांजलि देने उमड़े लोग

गोरखपुर
महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अध्यक्ष रहे, पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. यूपी सिंह रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। पावन राप्ती नदी के राजघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, मुखाग्नि उनके ज्येष्ठ पुत्र गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. वीके सिंह ने दी। अंतिम संस्कार से पहले गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रो. यूपी सिंह के राजेंद्र नगर स्थित आवास पर जाकर उनके पार्थिव शरीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और भावभीनी श्रद्धांजलि दी। प्रो. सिंह का शनिवार तड़के निधन हो गया था।

बलरामपुर से गोरखपुर आए मुख्यमंत्री सबसे पहले प्रो. यूपी सिंह के आवास पर पहुंचे। उन्होंने स्मृतिशेष महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अध्यक्ष के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया और भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने प्रो. सिंह के पुत्रद्वय प्रो वीके सिंह, प्रो. राजीव कृष्ण सिंह और अन्य परिजनों से आत्मीय संवाद कर उन्हें ढांढस भी बंधाया। यहां महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, राजेश त्रिपाठी, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ला, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह आदि ने भी महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अध्यक्ष रहे प्रो. यूपी सिंह को श्रद्धांजलि दी। प्रो. सिंह के अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर तथा पार्थिव शरीर की अंतिम यात्रा व अंतिम संस्कार के समय महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के पदाधिकारी, सदस्य, परिषद की संस्थाओं के प्रमुख, शिक्षक, कर्मचारी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 

प्रो. यूपी सिंह के पार्थिव शरीर की अंतिम यात्रा फूलों से सजे वाहन पर उनके आवास राजेंद्र नगर से होते हुए गोरखनाथ मंदिर, धर्मशाला, ट्रैफिक तिराहा, कालीमंदिर, गोलघर, कलेक्ट्री चौराहा, भगत सिंह चौक, अलहदादपुर, प्रेमचंद पार्क, ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी होते हुए राप्ती घाट पुल के किनारे से नगर निगम द्वारा निर्मित श्मशान घाट तक पहुंची। यहां वैदिक विधि विधान से उनकी अंत्येष्टि की गई। इस मौके पर प्रो. विश्वनाथ तिवारी, एमएलसी ध्रुव त्रिपाठी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक रमेश जी, डॉ. महेंद्र अग्रवाल, पूर्व विधायक शीतल पांडेय, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. प्रदीप कुमार राव, डॉ. राजवंत राव, डॉ राजेंद्र भारती सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन और आम नागरिक उपस्थित रहे।

More From Author

जीपीएम जिला: पर्यटन संरक्षण और विकास में उदाहरणीय प्रयास

गंगरेल बांध का जलस्तर ऊँचा, महानदी तटवर्ती ग्रामीणों को सतर्क रहने की चेतावनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.