बिना भेदभाव विकास ही असली सेकुलरिज्म, योजनाओं को लेकर पीएम का बड़ा संदेश

लखनऊ 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रेरणा स्थल का लोकार्पण करने के बाद कहा कि बिना भेदभाव सभी को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। यही असली सेकुलरिज्म है। राजधानी लखनऊ में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके पर पीएम मोदी ने यहां बनी तीन विभूतियों पूर्व पीएम भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीन दयाल उपाध्याय की कांस्य की भव्य प्रतिमाओं का अनावरण किया। प्रतिमाओं पर पुष्प डालकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मूर्तियों का अनावरण करने के बाद पीएम मोदी भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।

इसके बाद म्यूजियम पहुंचे। यहां तीनों महापुरुषों के जीवन पर केंद्रित चलचित्र को देखा। मंच पर पीएम मोदी के पहुंचते ही वंदेमातरम से स्वागत किया गया। सीएम योगी ने अटल जी की मूर्ति देकर पीएम मोदी का अभिनंदन किया। पीएम मोदी के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, यूपी भाजपा के अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी के साथ ही दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। यहां से मंच पर पहुंचे और प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया।

पीएम मोदी ने कहा कि यूपी में सुहेलदेव का स्मारक तब बना जब भाजपा की सरकार बनीं। राजा महेंद्र प्रताप सिंह से लेकर चौरीचौरा के शहीदों को भाजपा की सरकार ने ही पूरी श्रद्धा से याद किया। परिवारवादियों की सरकार की विशेष पहचान होती है। दूसरो की लकीर छोटी करने की सोच ने ही भारत में राजनीति को दूषित किया है। कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने भाजपा को अछूत बनाए रखा लेकिन हमने सभी का सम्मान करना सिखाते हैं। पिछले 11 वर्षों में नरसिंहराव और प्रणव बाबू को भारत रत्न दिया गया। यह हमारी सरकार है जिसने मुलायम सिंह और तरुण गोगोई जैसे नेताओं को सम्मान दिया है। यहां सपा से कोई ऐसा उम्मीद भी नही कर सकता है। इनके राज में भाजपा नेताओं को केवल अपमान ही मिलता था।

पीएम मोदी ने कहा कि हमें नहीं भूलना चाहिए कि आजादी के बाद कैसे एक ही परिवार के गुणगान की परंपरा चली है। एक ही परिवार की मूर्तियां, एक ही परिवार की किताब बनाई गई। आज हमारी सरकार हर किसी को सम्मान दे रही है। आज नेताजी की प्रतिमा दिल्ली में है। दिल्ली में कांग्रेस के शाही परिवार ने अपमान किया। यही काम सपा ने यहां किया। भाजपा ने आंबेडकर की विरासत को मिटने नहीं दिया। आजादी के बाद से ही सरदार पटेल के कद को छोटा करने का काम किया। भाजपा ने सरदार पटेल की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा बनाई।

पीएम मोदी ने कहा कि यूपी एक्सप्रेसवे के रूप में पहचान बना रहा है। अटल जी ने ही दिल्ली में मेट्रो की शुरुआत की थी। आज मेट्रो देशभर में फैल रहा है। अटल जी, दीनदयाल, श्यामा प्रसाद की प्रेरणा विकसित भारत का बहुत बड़ा आधार है। इन्ही प्रतिमाएं हमें उर्जा दे रही हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि बिना भेदभाव सभी को पक्का घाट, बिजली, शौचालय, गैस मिल रहा है। यही असली सेकुलरिज्म है। करोड़ों भारतीयों ने गरीबी को हराया है। यह इसलिए संभव हुआ क्योंकि भाजपा सरकार ने जो पीछे छूट गया था, उसे प्राथमिकता दी है। जो अंतिम पंक्ति में था, उसे प्राथमिकता दी है। पहले 25 करोड़ समाजिक सुरक्षा में थे और 85 करोड़ को लाभ मिल रहा है। पहले बैंक खाते कुछ ही लोगों के होते थे। उसी तरह बीमा भी कुछ ही लोगों को मिलता था। हमारी सरकार ने अंतिम व्यक्ति तक बीमा पहुंचाया गया है। आज इस स्कीम से 25 करोड़ से ज्यादा गरीब जुड़े हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि डॉक्टर मुखर्जी ने ही दो विधान… को खारिज किया था। जम्मू कश्मीर में यह व्यवस्था भारत की अखंडता के लिए चुनौती थी। हमारी सरकार को धारा 370 की दीवार को गिराने का सौभाग्य मिला। स्वतंत्र भारत के पहले उद्योग मंत्री के रूप मे भारत को औद्योगिक नीति दी। उसी नीति को हम नई बुलंदी दे रहे हैं। मेड इन इंडिया का सामान पूरी दुनिया में पहुंच रहा है। एक तरफ एक जनपद एक उत्पाद का अभियान चल रहा है। छोटी-छोटी इकाइयों का सामार्थ्य बढ़ रहा है। दूसरी तरफ डिफेंस कॉरिडोर के द्वारा आत्मसम्मान बढ़ रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि यहां पर पहले कूड़े का ढेर जमा था। उसे खत्म करने वालों को बहुत बहुत बधाई देता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि यह राष्ट्र प्रेरणा स्थल संदेश देता है कि हमारा हर प्रयास राष्ट्र निर्माण के लिए सम्मिलित है। सभी का प्रयास ही विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करेगा। पीएम मोदी ने कहा कि यह राष्ट्र प्रेरणा स्थल उस सोच का प्रतीक है जिसने भारत को आत्म सम्मान, एकता और सेवा का मार्ग दिखाया है। डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय जी और अटल जी की प्रतिमाएं जितनी ऊंची हैं, उससे मिलने वाली प्रेरणा उससे भी ऊंची हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन अटल बिहारी वाजपेयी और महामना मदन मोहन मालवीय की जयंती का अद्भुत संयोग लेकर आता है। दोनों ने राष्ट्र सेवा में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। आज ही महाराजा बिजली पासी की भी जन्म जयंती है। लखनऊ का प्रसिद्ध बिजली पासी ने वीरता और सुशासन की जो विरासत छोड़ी उसे हमारे पासी समाज ने गौरव केसाथ आगे बढ़ाया। यह भी संयोग है कि अटल जी ने ही महाराजा बिजली पासी के सम्मान में डाक टिकट जारी किया था। पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरूआत तीन बात भारत माता की जय के साथ की। उन्होंने कहा कि यह लखनऊ की धरती नई प्रेरणा की साक्षी बन रही है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने लोगों को क्रिसमस की बधाई भी दी। कहा कि क्रिसमस का उत्सव सभी के जीवन में खुशियां लाए, यह सभी की कामना है।

More From Author

क्रिसमस से पहले मैग्नेटो मॉल में हंगामा, भीड़ ने सजावट को पहुंचाया नुकसान

भारतीय सेना की सोशल मीडिया पॉलिसी में बड़ा बदलाव, जवानों की इंस्टाग्राम पोस्टिंग पर रोक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13695/1

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.