कांप उठी राजधानी! दिल्ली में 6 साल बाद सबसे ठंडा दिसंबर, पारा गिरने से बढ़ी ठिठुरन

नई दिल्ली 
दिल्ली बुधवार को घने कोहरे की चादर में लिपटी रही जिससे दृश्यता का स्तर 50 मीटर से भी नीचे चला गया। दिल्ली हवाई अड्डे पर करीब 150 उड़ानें रद्द कर दी गईं और 100 से अधिक ट्रेनें देरी से चलीं। धूप नहीं निकलने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में कई जगहों पर कोल्ड डे और कुछ जगहों पर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति देखी गई। 6 साल में बुधवार का दिन दिसंबर का सबसे ठंडा दिन के रूप में दर्ज हुआ। यह मौसम का भी सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और गुरुवार को हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
 
ठंड ने तोड़ा 6 साल का रिकॉर्ड
मौसम विभाग की ओर से साझा किए गए आंकड़े के मुताबिक, दिल्ली में बुधवार का दिन दिसंबर महीने के लिए 6 वर्षों में सबसे ठंडे दिन के रूप में रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस कम है। इससे पहले 2019 में 29 दिसंबर को अधिकतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

किन जगहों पर कोल्ड डे की स्थिति?
बुधवार का दिन दिल्ली में मौसम का सबसे ज्यादा ठंडा दिन रहा। बता दें कि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम होने और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री कम होने पर उसे कोल्ड डे की स्थिति मानी जाती है। अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस से कम हम होने पर सीवियर कोल्ड डे यानी गंभीर शीत दिवस की स्थिति मानी जाती है। बुधवार को सफदरजंग, रिज और आयानगर में शीत दिवस और पालम व लोधी रोड में गंभीर शीत दिवस की स्थिति रही।

कल हल्की बारिश, 3 दिन येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार को दिल्ली-NCR के अलग-अलग हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ से हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय मध्यम और कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है। दिन में कहीं-कहीं शीत दिवस की स्थिति भी बन सकती है। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। IMD ने एक से लेकर 3 तारीख तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पहाड़ों पर हिमपात के बाद गलन भरी सर्दी का पूर्वानुमान है।

150 उड़ानें रद्द, 100 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित
दिल्ली में छाए घने कोहरे का खासा असर विमान सेवाओं पर देखने को मिला है। घने कोहरे के चलते दिल्ली हवाई अड्डे पर लगभग 150 उड़ानों को रद्द कर दिया। दो उड़ानों का मार्ग परिवर्तन भी किया गया। यात्रियों को विमान सेवाओं के संपर्क में रहने और उसी अनुसार यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है। रेल सेवा भी बुरी तरह प्रभावित रही। दिल्ली के अलग-अलग स्टेशनों पर लगभग 100 रेलगाड़ियां देरी से पहुंचीं।

 

More From Author

2026 में मोदी सरकार ने बड़े हाईवे प्रोजेक्ट्स को दी हरी झंडी, नासिक से सोलापुर तक अब होगा सुपरफास्ट सफर

विदा लेते वर्ष 2025 में प्रदेश ने अभी तक की बिजली की अधिकतम मांग की आपूर्ति का बनाया नया कीर्तिमान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.