BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव कल, राजस्थान से भारी समर्थन के संकेत

नईदिल्ली 
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर पार्टी संगठन में हलचल तेज हो गई है। सोमवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पार्टी के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी लक्ष्मण द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इस दौरान पार्टी के लगभग सभी मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में राजस्थान की भूमिका इस बार खास मानी जा रही है। राजस्थान से पार्टी के 20 वरिष्ठ नेताओं को प्रस्तावक के रूप में नामित किया गया है। इन नेताओं में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, दोनों उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और प्रेमचंद बेरवा सहित कई केंद्रीय व राष्ट्रीय स्तर के नेता शामिल हैं।

दिल्ली में दिखेगा शीर्ष नेतृत्व का जमावड़ा

सोमवार को होने वाले नामांकन कार्यक्रम के दौरान भाजपा मुख्यालय में शीर्ष नेतृत्व का जमावड़ा देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी नामांकन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचेंगे। इस दौरान उनकी कई केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि इन बैठकों में संगठनात्मक मुद्दों के साथ-साथ आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर भी चर्चा हो सकती है।

राजस्थान से ये 20 नेता बने प्रस्तावक

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए राजस्थान से जिन 20 नेताओं को प्रस्तावक बनाया गया है, उनमें संगठन और सरकार दोनों का संतुलित प्रतिनिधित्व देखने को मिलता है। प्रस्तावकों की सूची इस प्रकार है—

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी

उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बेरवा

राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर

अरुण चतुर्वेदी

अशोक परनामी

सतीश पूनिया

सीपी जोशी

पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़

राज्यसभा सदस्य घनश्याम तिवाड़ी

सांसद मंजू शर्मा

ओंकार सिंह लखावत

सी. आर. चौधरी

जसवंत विश्नोई

कैलाश चौधरी

प्रभु लाल सैनी

नारायण पंचारिया

अजय पाल सिंह

पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावकों की यह सूची न केवल संगठनात्मक अनुभव को दर्शाती है, बल्कि राजस्थान में भाजपा के भीतर मौजूद विभिन्न राजनीतिक धाराओं का भी प्रतिनिधित्व करती है।

20 जनवरी को होगा नए अध्यक्ष का ऐलान

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की औपचारिक घोषणा 20 जनवरी को की जाएगी। पार्टी में लंबे समय से इस ऐलान का इंतजार किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि बिहार के पांच बार के विधायक नितिन नबीन को 14 दिसंबर को भाजपा का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। हालांकि, खरमास के कारण वे औपचारिक रूप से अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण नहीं कर सके थे। खरमास की अवधि 14 जनवरी को समाप्त हो चुकी है, जिसके बाद अब औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

संगठन को मजबूत करने पर फोकस

कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद से नितिन नबीन लगातार सक्रिय नजर आए हैं। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों का दौरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठकें कीं। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति पर उनका खास फोकस रहा है। इससे पहले वे पार्टी में कई अहम संगठनात्मक पदों पर रह चुके हैं, जिनमें भारतीय जनता युवा मोर्चा के बिहार अध्यक्ष का पद भी शामिल है।

राजनीतिक दृष्टि से अहम मानी जा रही प्रक्रिया

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव ऐसे समय हो रहा है, जब पार्टी लोकसभा चुनावों के बाद नए राजनीतिक समीकरणों और आगामी राज्यों के विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटी है। ऐसे में नए अध्यक्ष की भूमिका संगठनात्मक मजबूती, चुनावी रणनीति और सरकार व संगठन के बीच समन्वय के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।

राजस्थान से बड़ी संख्या में प्रस्तावकों का चयन यह संकेत देता है कि पार्टी राज्य नेतृत्व को राष्ट्रीय स्तर पर खास महत्व दे रही है। अब सभी की निगाहें सोमवार के नामांकन और 20 जनवरी को होने वाले औपचारिक ऐलान पर टिकी हैं

More From Author

सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई, विजय शाह केस में कर्नल सोफिया कुरैशी से जुड़े गंभीर आरोपों पर होगी चर्चा

क्या है ट्रंप का बोर्ड ऑफ पीस और PM मोदी को इसके लिए कितना भुगतान करना होगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13695/1

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.