WPL में आज बड़ा टकराव! MI vs GG मैच तय करेगा प्लेऑफ की किस्मत

वडोदरा
मौजूदा चैंपियन और दो बार की विजेता मुंबई इंडियंस की टीम महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में शुक्रवार को जब गुजरात जॉइंट्स से भिड़ेगी तो दोनों के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण होगा। दोनों टीमें इस मैच में जीत हासिल कर प्लेऑफ में अपनी जगह सुरक्षित करने की कोशिश करेंगी। गुजरात जॉइंट्स फिलहाल 8 अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है और उसका नेट रन रेट -0.271 है। वह मुंबई इंडियंस (छह अंक, नेट रन रेट +0.146) और दिल्ली कैपिटल्स (छह अंक, नेट रन रेट -0.164) से दो अंक आगे है।

GG बड़े अंतर से जीती तो प्लेऑफ क्या, सीधे फाइनल में पहुंचेगी
गुजरात जॉइंट्स का भाग्य अब उसके अपने हाथों में है। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस पर जीत उसे डब्ल्यूपीएल प्लेऑफ में जगह दिला देगी, जबकि रिकॉर्ड अंतर से जीत उसे सीधे फाइनल में पहुंचा सकती है।

अगर गुजरात जॉइंट्स हारी तो?
हालांकि मामूली अंतर से मिली हार भी जॉइंट्स के अभियान को समाप्त कर सकती है। अगर गुजरात जॉइंट्स शुक्रवार को मुंबई इंडियंस से हार भी जाती है, तब भी उसके प्लेऑफ में पहुंचने की थोड़ी संभावना बनी रहेगी, लेकिन ऐसा तभी संभव होगा जब यूपी वॉरियर्स गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और फिर दिल्ली कैपिटल्स को हरा दे।

गुजरात जॉइंट्स की टीम मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने पिछले सभी आठ मुकाबलों में हार चुकी है, जिससे कप्तान एशले गार्डनर का काम और भी मुश्किल हो गया है। उसकी टीम हार के इस सिलसिले को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध होगी लेकिन मुंबई इंडियंस भी अपना रिकॉर्ड और बेहतर करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

गुजरात जॉइंट्स की टीम फिलहाल लय में है। दिग्गज सोफी डिवाइन के शानदार प्रदर्शन से उसने पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स को तीन रन से हराया था। मुंबई इंडियंस ने भी पिछले मैच में आरसीबी को 15 रन से पराजित किया था जिससे निश्चित तौर पर उसका मनोबल बढ़ा हुआ होगा।

अगर मुंबई इंडियंस हारी तो?
मुंबई इंडियंस की तरफ से पिछले मैच में नैट साइवर-ब्रंट ने इस प्रतियोगिता के इतिहास में पहला शतक बनाया था। उन्होंने हेली मैथ्यूज के साथ मिलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। मैथ्यूज ने गेंद से भी अपनी छाप छोड़ी और तीन महत्वपूर्ण विकेट लिए। मुंबई इंडियंस को इन दोनों विदेशी खिलाड़ियों से फिर से इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

मुंबई इंडियंस के लिए यह सकारात्मक पहलू है कि जितनी भी टीम प्लेऑफ में जगह बनाने की दौड़ में उनमें उसका नेट रन रेट सबसे बेहतर है। ऐसे में अंक बराबर होने पर मुंबई इंडियंस को फायदा मिलेगा जबकि गुजरात जॉइंट्स हार जाने पर अगर मगर की कठिन डगर में चला जाएगा।

अगर हरमनप्रीत की टीम गुजरात जॉइंट्स से हार जाती है, तो उसे उम्मीद करनी होगी कि दिल्ली अपने आखिरी लीग मैच में यूपी वॉरियर्स से हार जाए। ऐसे में नेट रन रेट मायने रखेगा।

टीम इस प्रकार हैं
गुजरात जॉइंट्स: एशले गार्डनर (कप्तान), डैनी व्याट-हॉज, बेथ मूनी (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, शिवानी सिंह (विकेटकीपर), कनिका आहूजा, सोफी डिवाइन, किम गार्थ, अनुष्का शर्मा, आयुषी सोनी, काशवी गौतम, राजेश्वरी गायकवाड़, जिन्तिमणि कलिता, तनुजा कंवर, रेणुका सिंह ठाकुर, जॉर्जिया वेयरहम।

मुंबई इंडियंस: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), पूनम खेमनार, हेली मैथ्यूज, राहिला फिरदौस (विकेटकीपर), मिल्ली इलिंगवर्थ, अमनजोत कौर, अमेलिया केर, नैट साइवर-ब्रंट, सजीवन सजना, निकोला कैरी, संस्कृति गुप्ता, सैका इशाक, शबनीम इस्माइल, क्रांति रेड्डी, वैष्णवी शर्मा, त्रिवेणी वशिष्ठ।

समय: मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

More From Author

शहर विकास की मजबूत नींव: उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने किया भूमिपूजन

एआई का उपयोग समस्या के समाधान के लिए करें विद्यार्थी: प्रभात मलिक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.