इंग्लैंड की नजर वापसी पर, स्कॉटलैंड के खिलाफ जीत जरूरी

कोलकाता
अब तक अपेक्षित प्रदर्शन करने में नाकाम रही इंग्लैंड की टीम को अगर सुपर आठ में जगह बनाने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखना है तो उसे स्कॉटलैंड के खिलाफ शनिवार को यहां होने वाले टी20 विश्व कप के ग्रुप सी के मैच में बड़ी जीत हासिल करनी होगी। वेस्टइंडीज लगातार दो जीत के साथ इस ग्रुप में शीर्ष पर है, जबकि स्कॉटलैंड, इटली और इंग्लैंड तीनों ने एक-एक जीत हासिल की है। नेट रन रेट के आधार पर स्कॉटलैंड ने इटली पर मिली बड़ी जीत से दूसरा स्थान हासिल किया है।

इसलिए शनिवार को होना वाला मैच दूसरे स्थान की दौड़ में किसी भी टीम को निर्णायक बढ़त दिला सकता है क्योंकि इन दोनों टीम से अपने अंतिम ग्रुप मैच जीत हासिल करने की उम्मीद है। अपने अंतिम लीग मैच में स्कॉटलैंड का सामना नेपाल से और इंग्लैंड का इटली से होगा।

इंग्लैंड और स्कॉटलैंड के बीच प्रतिद्वंद्विता लंबे समय से चली आ रही है। स्कॉटलैंड ने कुछ अवसरों पर इंग्लैंड को हराया भी है और उसकी टीम इस मैच में अपने उस प्रदर्शन से प्रेरणा लेने की कोशिश करेगी।

स्कॉटलैंड के सलामी बल्लेबाज जॉर्ज मुन्सी और माइकल जोन्स ने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था। इन दोनों बल्लेबाजों ने तब इंग्लैंड के दिग्गज स्पिनर आदिल रशीद के दो ओवर में 26 रन बनाए थे और उनका मुकाबला एक बार फिर से देखने लायक होगा।

पूर्व चैंपियन इंग्लैंड पर वेस्टइंडीज के खिलाफ 30 रन की हार के बाद दबाव बढ़ गया है। इससे हैरी ब्रुक के नेतृत्व वाली टीम मुश्किल स्थिति में पहुंच गई है। नेपाल के खिलाफ अपने शुरुआती मैच में भी उसकी टीम हार के कगार पर पहुंच गई थी लेकिन आखिर में वह चार रन से जीत हासिल करने में सफल रही।

वानखेड़े की पिच पर मिली हार ने स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ इंग्लैंड की लगातार बढ़ती कमजोरी को भी उजागर कर दिया। वेस्टइंडीज के खिलाफ 197 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम बीच के ओवरों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई और आखिर में 19 ओवर में 166 रन पर आउट हो गई।

इंग्लैंड का कम रैंकिंग वाली टीमों के खिलाफ रिकॉर्ड भी बहुत अच्छा नहीं है। उसने टी20 विश्व कप में निचली रैंकिंग वाली टीमों के खिलाफ नौ मैच खेले हैं, जिनमें से चार में जीत हासिल की है और तीन में उसे हार का सामना करना पड़ा है। उसे दो बार नीदरलैंड से और एक बार आयरलैंड से हार मिली।

बांग्लादेश के भारत में खेलने से इनकार करने के बाद विश्व कप में नाटकीय रूप से देर से प्रवेश करने के बावजूद स्कॉटलैंड ने अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है।

उसे पहले मैच में वेस्टइंडीज से हार का सामना करना पड़ा था लेकिन दूसरे मैच में उसने इटली को हराकर अच्छी वापसी की। इस मैच में उसके बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया। टीम अपनी इस लय को बरकरार रखने के लिए उत्साहित होगी।

टीम इस प्रकार हैं:

इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, सैम करेन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल रशीद, फिल साल्ट, जोश टोंग और ल्यूक वुड।

स्कॉटलैंड: रिची बेरिंगटन (कप्तान), टॉम ब्रूस, मैथ्यू क्रॉस, ब्रैडली क्यूरी, ओलिवर डेविडसन, क्रिस ग्रीव्स, ज़ैनुल्लाह इहसान, माइकल जोन्स, माइकल लीस्क, फिनले मैकक्रीथ, ब्रैंडन मैकमुलन, जॉर्ज मुन्सी, सफ्यान शरीफ, मार्क वाट और ब्रैड व्हील।

मैच शुरू होने का समय: भारतीय समयानुसार दोपहर तीन बजे ।

 

More From Author

आपत्तिजनक स्थिति पर मुंडन की चेतावनी, भोपाल के चिनार पार्क के बाहर वैलेंटाइन डे पर तनाव

देश ने मनाया ब्लैक डे, पीएम मोदी ने पुलवामा शहीदों को किया याद और श्रद्धांजलि अर्पित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.