छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया: गरियाबंद के गणेश सोनी NCC प्री-कमीशन कोर्स में देशभर में नंबर-1

गरियाबंद

 जिले के देवभोग एनसीसी यूनिट के केयरटेकर गणेश सोनी ने ऑल इंडिया एएनओ  प्री-कमीशन कोर्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेकंड ऑफिसर पद पर कमीशन प्राप्त किया है। इतना ही नहीं, उन्होंने सर्वोच्च अंक हासिल कर ऑल इंडिया स्तर पर छत्तीसगढ़ को प्रथम स्थान दिलाया और एक साथ दो ट्रॉफी जीतकर नया रिकॉर्ड भी बनाया।

दरअसल, डायरेक्टर जनरल नेशनल कैडेट कोर (NCC), नई दिल्ली के निर्देशन में भारतीय वायु सेना एनसीसी द्वारा तमिलनाडु के चेन्नई में 104वां जेडीपीसी प्री-कमीशन कोर्स 5 जनवरी से 28 फरवरी तक आयोजित किया गया था। 56 दिनों तक चले इस कठिन प्रशिक्षण शिविर में देशभर के विभिन्न एनसीसी यूनिट से 47 केयरटेकर ऑफिसर प्रशिक्षण के लिए शामिल हुए थे। इनमें आंध्रप्रदेश-तेलंगाना, महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान, तमिलनाडु-पांडिचेरी, अंडमान-निकोबार, उत्तराखंड, बिहार-झारखंड, मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, नॉर्थ-ईस्ट रीजन, पंजाब-हरियाणा-हिमाचल-चंडीगढ़, केरल-लक्षद्वीप, कर्नाटक-गोवा और दिल्ली के प्रतिभागी शामिल थे।

इस कोर्स में गणेश सोनी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए “फर्स्ट इन ऑर्डर ऑफ मेरिट” और “बेस्ट इन एकेडमिक” ट्रॉफी अपने नाम की। इस उपलब्धि के साथ छत्तीसगढ़ को ऑल इंडिया स्तर पर पहला स्थान मिला। खास बात यह है कि किसी एक राज्य द्वारा एक साथ दो ट्रॉफी जीतने का यह पहला मौका बताया जा रहा है।

गणेश सोनी का चयन ग्रुप हेडक्वार्टर रायपुर में साक्षात्कार के बाद पुरुष वर्ग से एकमात्र प्रतिनिधि के रूप में हुआ था। चेन्नई के एयरफोर्स स्टेशन में आयोजित इस प्रशिक्षण में विदेशी देशों युगांडा और कनाडा के प्रतिभागियों के साथ भारतीय वायुसेना के गरुण कमांडो भी शामिल रहे। इस कोर्स का संचालन कैप्टन दिग्विजय सिंह चौहान द्वारा किया गया, जिन्होंने अब तक 13,000 से अधिक फ्लाइंग घंटे पूरे किए हैं।

सुबह 4 बजे से रात 10 बजे तक कड़ा प्रशिक्षण

56 दिनों के प्रशिक्षण में सुबह 4 बजे से रात 10 बजे तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित होती थीं। इसमें ड्रिल ट्रेनिंग, वेपन ट्रेनिंग, एयर ट्रैफिक कंट्रोल की जानकारी, टेक्निकल और स्पेशल सब्जेक्ट, कंट्रोल लाइन मॉडल, रेडियो कंट्रोल मॉडल, चक ग्लाइडर निर्माण सहित भारतीय वायुसेना के प्रशिक्षण विमान किरण, पिलाटस पीसी-7 और चेतक हेलीकॉप्टर से जुड़ी जानकारियां दी गईं। प्रशिक्षण के अंत में हुए प्रैक्टिकल, इंटरव्यू और थ्योरी परीक्षा में गणेश सोनी ने 92.16 प्रतिशत अंक हासिल किए।

कमीशन प्राप्त करने वाले जिले से पहले व्यक्ति हैं गणेश सोनी

इस उपलब्धि के साथ गणेश सोनी गरियाबंद जिले से भारतीय वायुसेना (एनसीसी) में सेकंड ऑफिसर (एएनओ) जूनियर डिवीजन के पद पर कमीशन प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बन गए हैं। गणेश सोनी की इस उपलब्धि पर 3 सीजी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी रायपुर के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर विवेक कुमार साहू, सेजेस प्राचार्य गिरीशचंद्र बेहेरा, शाला प्रबंधन विकास समिति के अध्यक्ष सुशील यादव, उपाध्यक्ष धनसिंह मरकाम सहित समस्त स्टाफ और प्रबंधन समिति ने उन्हें बधाई दी है। गणेश सोनी ने अपनी सफलता का श्रेय 3 सीजी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी रायपुर, पीआई स्टाफ, अपने परिवार, जन्मभूमि देवभोग और विद्यालय परिवार को देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

More From Author

क्षत्रिय कुशवाह समाज द्वारा फाग महोत्सव ओर होली मिलन समारोह

मध्य प्रदेश सरकार का बड़ा फैसला: शमशाबाद बना ‘सूर्य नगर’, कई सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.