रायपुर में गिग श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा एवं विधिक प्रावधानों पर संगोष्ठी का आयोजन

रायपुर. 
छत्तीसगढ़ गिग एवं प्लेटफॉर्म आधारित अर्थव्यवस्था के विस्तार के साथ गिग श्रमिकों के समक्ष उत्पन्न हो रही चुनौतियों के समाधान हेतु रायपुर स्थित महाराष्ट्र मंडल, चौबे कॉलोनी में रविवार, 12 अप्रैल को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक एक संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।

उक्त संगोष्ठी में गिग मजदूरों के भविष्य, सामाजिक सुरक्षा, उत्थान एवं विधिक प्रावधानों से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य गिग श्रमिकों की वर्तमान स्थिति का विश्लेषण, उनके समक्ष उपस्थित समस्याओं की पहचान तथा सामाजिक सुरक्षा एवं विधिक ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए सुझाव प्राप्त करना है। साथ ही, श्रमिकों के संगठन, अधिकारों के प्रति जागरूकता एवं सामूहिक सशक्तिकरण पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। संगोष्ठी में गिग मजदूरों के भविष्य एवं संभावनाएं, सामाजिक सुरक्षा की आवश्यकता एवं वर्तमान स्थिति, विधिक प्रावधान एवं अधिकार तथा संगठन की आवश्यकता जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ की अध्यक्ष श्रीमती सीमा सिंहदेव द्वारा की जाएगी। छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, संगोष्ठी में स्वतंत्र श्रमिक शोधार्थी सुशुभांगी शुक्ला, महाराष्ट्र मंडल रायपुर परितोष डोंगरे एवं पूर्व अध्यक्ष बीओसीडब्ल्यू मोहन एंटी सहित अन्य विशेषज्ञ अपने विचार व्यक्त करेंगे।

छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा) योगेश दत्त मिश्रा ने बताया कि गिग श्रमिक वर्तमान अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, किन्तु उनके अधिकारों एवं सामाजिक सुरक्षा के संबंध में अनेक चुनौतियां विद्यमान हैं। यह संगोष्ठी इन विषयों पर सार्थक संवाद का मंच प्रदान करेगी तथा श्रमिक हितों के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने गिग एवं प्लेटफॉर्म श्रमिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की है।

More From Author

लखनऊ, सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर सरकार कसेगी शिकंजा

वीवो 15 अप्रैल को लॉन्च करेगा Vivo T5 Pro 5G, 9020mAh की विशाल बैटरी के साथ होगा दुनिया का सबसे स्लिम स्मार्टफोन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.