टाइम्स सम्मान-2026 में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

लखनऊ. 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को ‘टाइम्स सम्मान-2026’ कार्यक्रम में शामिल हुए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में सीएम योगी ने इसे भारत के वीरों व वीरांगनाओं के प्रति सम्मान का समारोह बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर सैनिक की सांस में भारत है, जो राष्ट्र को जीवन देता है। उसकी शान में भारत है, जो तिरंगे को गर्व से लहराने की शक्ति देता है। उसकी हर पहचान में भारत है, जो चुनौतीपूर्ण मुकाबला करते हुए दुनिया को ताकत का अहसास कराता है। वीर माताओं व वीर परिवारों के सदस्यों का त्याग शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। सीमा पर एक सैनिक लड़ता है, लेकिन हम उन परिस्थितियों की कल्पना करें, जब उनका परिवार प्रतिदिन चुनौतियों से लड़ता हुआ दिखाई देता है। आज का सम्मान उन आंसुओं का सम्मान है, जो कभी मंच तक नहीं पहुंच पाते।

जहां जीवन ठहर जाता है, वहां भी अडिग रहता है सैनिक
सीएम योगी ने कहा कि वीरों का साहस-स्वाभिमान पूरे भारत को नया जीवन देता है। वीरों के दृढ़ साहस की दीवार भारत को सुरक्षा देती है, उनका विश्वास 145 करोड़ भारतीयों के मन में नया साहस भरता है। जब सैनिक सीमा पर अडिग होकर देश की सुरक्षा करता है, तब 145 करोड़ का भारत निश्चिंत भाव के साथ चैन की नींद सोता है। सियाचिन की जमा देने वाली ठंड हो या रेगिस्तान की तपती हुई रेत, घने जंगलों का अंधकार हो या समुद्र व आकाश की अनंत चुनौतियां। जहां जीवन ठहर जाता है, वहां भी सैनिक इन झंझावतों की परवाह किए बिना राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का मजबूती से निर्वहन करता है। 

रक्षा मंत्री के नेतृत्व में ताकत का अहसास करा रही भारतीय सेना 
सीएम योगी ने कहा कि रक्षा मंत्री के नेतृत्व में भारतीय सेना अत्याधुनिक, सशक्त व आत्मनिर्भर सेना के रूप में दुनिया के समक्ष अपनी ताकत का अहसास करा रही है। आज भारत केवल अपनी सीमाओं की रक्षा नहीं करता, बल्कि मित्र राष्ट्रों के लिए भी सुविधा उपलब्ध कराने में आगे दिखाई देता है। जब भी सेना से जुड़े मुद्दों की चर्चा होती है तो मैं कहता हूं कि अन्य मुद्दों पर बहस करो, देश की सुरक्षा के मुद्दे पर बहस व वाद-विवाद नहीं होना चाहिए, क्योंकि देश सुरक्षित है तो हम सब सुरक्षित हैं। 

सबके मन में होना चाहिए सेना व सैनिक के प्रति सम्मान
सीएम योगी ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए आवश्यक है कि सेना व सैनिक के प्रति सर्वोच्च सम्मान का भाव हर किसी के मन में सदैव बना रहना चाहिए। हम सभी हमेशा उन सैनिकों, वीर नारियों के साथ खड़े हैं, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी देश को संबल दिया है। शासन के सामने जो भी प्रस्ताव आते हैं, वह केवल योजना भर नहीं हैं, बल्कि वह प्रत्येक सैनिक के लिए आश्वस्ति है कि समाज हमेशा आपके साथ खड़ा है और सरकार हर विपरीत परिस्थिति में भी सैनिकों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने को तैयार है। 

जब ब्रह्मोस ने किया हमला तो बड़ी ताकतें भी कांपती दिखीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन व रक्षा मंत्री के नेतृत्व में यूपी रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त कर रहा है। यहां डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के छह नोड हैं। लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। ऑपरेशन सिंदूर में जब दुश्मन के ठिकानों पर ब्रह्मोस ने सबसे पहला हमला किया तो दुनिया की बड़ी ताकतें भी कांपती दिख रही थीं। ब्रह्मोस दुनिया को भारत की ताकत का अहसास कराती है। रक्षा मंत्री जी ने चित्रकूट नोड के लिए भी बीईएल कंपनी को भेजा है, उन्होंने 75 हेक्टेयर जमीन ले ली है। हमने उन्हें कागज भी उपलब्ध करा दिया है। विश्वास है कि बहुत जल्द उस यूनिट को प्रारंभ करने के लिए रक्षा मंत्री जी का कार्यक्रम मिलेगा। झांसी में बीडीएल अपने कार्यों को तेजी से बढ़ा चुका है। सभी छह नोड जिस मजबूती के साथ बढ़े हैं, वह रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को बढ़ा रहे हैं। 

आत्मनिर्भरता हमारी सक्षमता का भी प्रतीक 
सीएम योगी ने कहा कि यूपी में सरकार ने रक्षा क्षेत्र में कुछ नए कार्यक्रम भी आगे बढ़ाए हैं। नोएडा व कानपुर में ड्रोन टेक्नोलॉजी में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किए गए हैं। आईआईटी कानपुर व नोएडा सेंटर भारत की सेनाओं के साथ बेहतर तालमेल बनाकर रक्षा आवश्यकताओं के अनुरूप ड्रोन का निर्माण व नए इनोवेशन करते हुए मजबूती से कार्य कर रहे हैं। मैं और रक्षा मंत्री जी गौतमबुद्ध नगर में ड्रोन निर्माण इकाई में एयरक्रॉफ्ट इंजन एंड डिफेंस एयरोस्पेस टेस्ट फैसिलिटी के उद्घाटन कार्यक्रम में साथ गए थे। पहले हम दूसरे राष्ट्रों पर निर्भर रहते थे। दुश्मन हमारे डेटा का इस्तेमाल कर हमें कमजोर बनाते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। हमारी आत्मनिर्भरता हमारी सक्षमता का भी प्रतीक है। यूपी इस दिशा में अब प्रयास कर रहा है।

युद्ध स्मारक देखकर युवाओं की नसों में देशभक्ति दौड़ उठेगी 
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज रक्षा मंत्री के कर-कमलों से जिस युद्ध स्मारक का लोकार्पण हो रहा है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का तीर्थ होगा, जब-जब युवा यहां आएंगे तो उनकी नसों में देशभक्ति दौड़ उठेगी। यह आयोजन राष्ट्र के प्रति हम सभी के कर्तव्यभाव को प्रेरित करने वाला है। जब कोई मीडिया ग्रुप इसके साथ जुड़ता है तो वह समाज को बदलने का कार्य करेगा। 

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सेंट्रल कमांड के कमांडर लेफ्टिनेट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र यादव आदि मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत टाइम्स ऑफ इंडिया के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अजय अय्यर ने किया।

More From Author

स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल: AIIMS भोपाल के NICU में 25 मृत चूहे, बच्चों की सुरक्षा पर चिंता

CG Weather Alert: 14 अप्रैल के बाद चिलचिलाती गर्मी और लू का असर, तापमान में उछाल तय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.