वसंत पंचमी अमृत स्नान के लिए उमड़ने लगे श्रद्धालु, संगम घाट पर 28 नए स्ट्रैटेजिक पॉइंट

प्रयागराज

दो दिनों की राहत के बाद रविवार से फिर आस्था का रेला उमड़ने की उम्मीद है। वसंत पंचमी अमृत स्नान पर्व सोमवार को तो चार करोड़ से अधिक लोगों के स्नान की उम्मीद की जा रही है। शनिवार शाम से इसकी झलक भी दिखने लगी है और संगम आने वाले मार्गों पर स्नानार्थियों का रेला दिख रहा है। इसका अनुमान प्रशासन को भी है और इसे ध्यान में रखते हुए तैयारियां भी की जा रही हैं।

26 जनवरी से ही मेला में आने वालों का तांता लग गया था। मौनी अमावस्या के दिन तो सभी रिकॉर्ड टूट गए और करीब आठ करोड़ लोगों ने स्नान किया। इसके अगले दिन भी मेला क्षेत्र तथा आसपास के मार्गों पर स्नानार्थियों का रेला आता रहा। हालांकि शुक्रवार और शनिवार को अपेक्षाकृत कम भीड़ रही। शहर में आवागमन सुचारू रहा तो मेला क्षेत्र में भी पूर्व की तरह भीड़ नहीं दिखी।

इसके विपरीत रविवार से फिर स्नानार्थियों का रेला आने की उम्मीद है। वसंत पंचमी अमृत स्नान पर्व सोमवार को है। हालांकि, रविवार को ही पंचमी लग जाने की बात कही जा रही है। यानि, रविवार से ही वसंत पंचमी का स्नान शुरू हो जाएगा। इसके अलावा अवकाश भी है। ऐसे में रविवार और सोमवार को एक बार फिर आस्था का जन सैलाब उमड़ने की उम्मीद है। काली मार्ग, बांध समेत मेला क्षेत्र के प्रमुख मार्गों तथा संगम की तरफ आने वाली सड़कों पर दोपहर से ही स्नानार्थियों की कतार लंबी होने लगी और देर रात तक लोगों के आने का क्रम जारी रहा।

शनिवार को करीब दो करोड़ ने किया स्नान
शनिवार को भी करीब दो करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया। मेला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार दिन में चार बजे तक ही 1.80 करोड़ से अधिक लोगों ने स्नान कर लिया था।
 
मेला में तैनात किए गए पांच और एसडीएम
मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर हुए हादसे के बाद सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है। किसी तरह की कमी न रहे, इसके लिए हर स्तर पर कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शासन की ओर से मेला क्षेत्र में कुंभ 2019 में प्रयागराज के मंडलायुक्त रहे आशीष गोयल तथा पीडीए के उपाध्यक्ष तथा डीएम रहे भानु चंद्र गोस्वामी के साथ पांच विशेष सचिवों की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है। शनिवार को पीसीएस स्तर के पांच और अफसरों की मेले में तैनाती की गई।

नोएडा विकास प्राधिकरण में तैनात देवेंद्र कुमार सिंह, बुंदेलखंड औद्योगिक प्राधिकरण के ओएसडी राम कुमार शुक्ला, फिरोजाबाद से शिव ध्यान पांडेय, उन्नाव के प्रशांत कुमार नायक तथा सीतापुर के पराग माहेश्वरी को मेला प्राधिकरण से 15 फरवरी तक के लिए संबद्ध किया गया है। ये अफसर महाकुंभ आयोजन को बेहतर बनाने में सहयोग करेंगे।

वसंत पंचमी के लिए संगम घाट पर 28 नए स्ट्रैटेजिक प्वाइंट
वसंत पंचमी के अमृत स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान कराने के लिए नए सिरे से रणनीति बनाई गई है। उसके तहत संगम घाट पर 28 स्ट्रैटेजिक प्वाइंट बनाए गए हैं। इन प्वाइंटों पर पुलिस के साथ ही आरएएफ और पैरामिलिट्री के जवानों की संयुक्त टीम इन प्वाइंटों पर तैनात की जाएगी। मौनी अमावस्या पर हुए हादसे को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। 28 स्ट्रैटेजिक प्वाइंट उन स्थानों पर बनाए गए हैं जो भीड़ के लिहाज से संवेदनशील हैं।

 मौनी अमावस्या और मकर संक्रांति स्नान पर्वों पर भीड़ के प्रवाह के आधार पर इन स्थलों को चिह्नित किया गया है। पिछले अनुभवों से यह माना गया कि भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर इन प्वाइंट पर विशेष रूप से सतर्कता बरते जानी की जरूरत है। इसी को देखते हुए इन 28 स्ट्रैटेजिक प्वाइंट पर वसंत पंचमी के दिन विशेष रूप से गठित टीमें तैनात करने का निर्णय लिया गया है। संगम घाट पर यह टीमें तैनात की जाएंगी।

हादसे से सबक लेते हुए कुछ अन्य व्यवस्थाएं भी की
इसके अलावा मौनी अमावस्या पर हुए हादसे से सबक लेते हुए कुछ अन्य व्यवस्थाएं भी की गई हैं। संगम घाट पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात सभी जवानों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी हाल में वसंत पंचमी के दिन संगम घाट पर भीड़ इकट्ठी न होने पाए। कहा गया है कि स्नान के बाद तुरंत श्रद्धालुओं को घाट छोड़ने को कहा जाए। इस बात का विशेष ख्याल रखा जाए कि अखाड़ा मार्ग पर किसी भी श्रद्धालु का आवागमन न हो। श्रद्धालु अपनी निर्धारित लेन से ही स्नान करने जाएं और फिर पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार ही वापसी करें।

इसके लिए एक बार फिर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात किए जा रहे जवानों को रूट मैप दिखाकर एक-एक बिंदु के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है। शुक्रवार को मेला पुलिस के आला अधिकारियों ने पुलिस लाइन में हुई ब्रीफिंग में सभी जवानों को ड्यूटी के संबंध में विस्तृत दिशा निर्देश दिए हैं।

 बैरिकेड तोड़ने वालों पर रहेगी विशेष नजर
वसंत पंचमी के मौके पर यह भी व्यवस्था की गई है कि इस बार बैरिकेड तोड़ने वालों की निगरानी के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। सभी स्ट्रैटेजिक पॉइंट पर मेला क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से निगरानी की जाएगी। कमांड सेंटर से इस बात पर विशेष नजर रखी जाएगी की कोई बैरिकेडिंग ना तोड़ पाए। आला पुलिस अफसरों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वह किसी भी हालत में बैरिकेडिंग को पार न करें।

More From Author

पाकिस्तानी 18 सैनिकों की मौत के बाद बलूचिस्तान पहुंचे सेना प्रमुख

छत्तीसगढ़-बीजापुर में मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों के शव और हथियार बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13783/138

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.