श्रेष्ठ कर्मों और व्यवहार से जनता में लोकप्रिय थे स्वर्गीय प्रजापति : डॉ. मोहन यादव

भोपाल,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनात पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने रविवार को हिंदी भवन में भाजपा के वरिष्ठ नेता व माटी कला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय रामदयाल प्रजापति के निधन के पश्चात आयोजित शोक सभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि रामदयाल प्रजापति ने एक श्रेष्ठ जन प्रतिनिधि की पहचान बनाई। उनका जीवन श्रेष्ठ कर्मों और कुशल व्यवहार के कारण जाना गया है। प्रजापति के निधन के बाद उनके प्रति विभिन्न जनप्रतिनिधियों और नागरिकों द्वारा व्यक्त विचारों से भी यह सिद्ध होता है कि वे एक कर्मठ व्यक्तित्व के धनी थे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय रामदयाल प्रजापति भाजपा के आदर्श कार्यकर्ता थे। संगठन को गढ़ने में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने कहा स्वर्गीय प्रजापति वरिष्ठ नेता होते हुए भी सहज व्यवहार के लिये जाने जाते थे। उन्होंने आधुनिक युग के अनुकूल सूचना प्रौद्योगिकी माध्यमों का भी कुशलता से उपयोग किया।

स्वर्गीय प्रजापति सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते थे : डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 1994-1995 से मेरी और स्वर्गीय प्रजापति के बीच अच्छी मित्रता रही। प्रजापति ने भोपाल नगर निगम के अध्यक्ष और माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष के नाते अपने कार्य और आचरण से सभी को प्रभावित किया। वे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जनता को साथ में लेकर चलने में विश्वास रखते थे। उनके व्यक्तित्व का यह अनूठा गुण था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वे कार्य के प्रति इतने कर्मठ थे कि उनका एक भी दिन ऐसा नहीं जाता था, जब वे संगठन का कार्य किए बिना रह सकें।

स्वर्गीय प्रजापति का निधन पार्टी संगठन और हमारे लिए अपूर्णीय क्षति : विष्णुदत्त शर्मा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय रामदयाल प्रजापति पार्टी के आदर्श कार्यकर्ता थे। उनका अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यों में निरंतर सहयोग प्राप्त होता था। कार्यकर्ता के लगातार सहयोग से विश्वास का भाव जाग्रत होता है, ऐसे ही विश्वसनीय कार्यकर्ता स्वर्गीय प्रजापति थे, जो आज हमारे बीच नहीं है। उनका देवलोक गमन संगठन और हमारे लिए एक अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने संगठन द्वारा दी गई प्रत्येक जिम्मेदारी को निष्ठापूर्वक निभाया। स्वर्गीय प्रजापति को श्रद्धासुमन अर्पित करता हॅू एवं प्रार्थना करता हॅू कि ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान कर परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

सजह व्यवहार के धनी थे स्वर्गीय रामदयाल प्रजापति : हितानंद जी
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने कहा कि स्वर्गीय रामदयाल प्रजापति वरिष्ठ नेता होने के साथ सजह व्यवहार के धनी थे। उनकी सहजता और सरलता के सभी कार्यकर्ता कायल थे। स्व. रामदयाल प्रजापति सदैव कार्यकर्ता के भाव से सौंपे गए दायित्व को पूरा करते रहे। वरिष्ठ नेता होते हुए भी सहज व्यवहार के कारण जाने जाते थे। उन्होंने आधुनिक युग के अनुकूल सूचना प्रौद्योगिकी माध्यमों का भी कुशलता से उपयोग किया।
श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी, पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, पूर्व मंत्री  उमाशंकर गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, वरिष्ठ नेता शैलेंद्र प्रधान, पूर्व सांसद आलोक संजर, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, पूर्व जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी एवं नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भी शोक व्यक्त किया।

 

 

More From Author

राष्ट्रीय खेल: कर्नाटक का राफ्टिंग में दबदबा, महिला और मिश्रित श्रेणियों में भी जीते गोल्ड

38वें राष्ट्रीय खेलों में टेनिस मुकाबले अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गए, सेमीफाइनल और फाइनल के लिए खिलाड़ी तैयार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.