जो राम का नहीं वो किसी काम का नहीं, चुनाव में इन्हें सबक सिखाएं : डॉ. मोहन यादव

भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद  विष्णुदत्त शर्मा, बिहार शासन के मंत्री राजू कुमार सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने रविवार को भाजपा प्रदेष कार्यालय में बिहार दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘‘एक भारत श्रेष्ठ भारत‘‘ अभियान के तहत आयोजित स्नेह मिलन कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज बिहार नई करवट ले रहा है। ऐसे में देश में और बिहार में एनडीए की सरकार होना जरूरी है। भगवान राम और कृष्ण के नाम से ही हमारी संस्कृति चलती है, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी हमेशा भगवान राम और कृष्ण का रास्ता रोकते रहे हैं। इन्हीं लोगों ने राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान आडवाणी जी की रथयात्रा को रोका था। आप सभी को यह याद रखना है कि जो राम का नहीं, वो किसी काम का नहीं। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की स्मृति में भोपाल में पॉर्क भी बनेगा और उनकी प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बिहार ने धर्म, आध्यात्म से लेकर संस्कृति को अक्षुण्य बनाने का कार्य किया है।

दुनिया को लोकतंत्र की शिक्षा देने का कार्य बिहार ने किया है। बिहार के वैशाली गणराज्य ने दुनिया को सबसे पहले लोकतंत्र की शिक्षा दी है। देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या करने वालों को बिहार ने ही सबक सिखाने का कार्य किया है। बिहार के लोग अपनी कर्मठता, कर्मशीलता, मेहनत और विश्वास से दुनिया के कई देशों में स्थापित हैं। भोजपुरी समाज के लोग भोपाल के साथ मध्यप्रदेश के लिए बड़ी ताकत हैं। बिहार शासन के मंत्री राजू कुमार सिंह ने कहा कि देश के विकास में बिहार समाज का अभूतपूर्व योगदान रहा है। भोजपुरी समाज के समर्पण और साधना की चर्चा पूरे देश में होती है। फिरंगियों के खिलाफ सबसे पहले आवाज बिहार से ही उठी थी। देश और बिहार के विकास के लिए एनडीए का साथ दें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने बिहार को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया : डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जब बिहार में एनडीए की सरकार बनी, तो उस सरकार ने वहां के ऐतिहासिक स्थलों, नालंदा जैसे विश्वविख्यात विश्वविद्यालय और धार्मिक-सांस्कृतिक महत्व के स्थलों का जीर्णोद्धार कराया। सड़कें और हाइवे बनाए, आईआईटी और आईआईएम जैसे शैक्षणिक संस्थान खोले और बिहार को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया। आज बिहार नई करवट ले रहा है। ऐसे में देश में और बिहार में एनडीए की सरकार होना जरूरी है। इस मिलन समारोह में उपस्थित सभी भोजपुरी भाई-बहनें ये संकल्प लें कि आने वाले चुनाव में बिहार में एनडीए की सरकार बनाने के लिए काम करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बिहार के सपूत पूर्व राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने पं. जवाहरलाल नेहरू के मना करने के बावजूद सरदार वल्लभ भाई पटेल के आमंत्रण पर सोमनाथ मंदिर का उद्घाटन किया था। सनातन संस्कृति के संरक्षण में उनके इस योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। डॉ. राजेंद्र प्रसाद की स्मृति में भोपाल में पॉर्क भी बनेगा और उनकी प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।

सदियों पुराना है मध्यप्रदेश और बिहार का नाता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बिहार एक स्वतंत्र राज्य के रूप में भले ही 1912 में अस्तित्व में आया हो, लेकिन मध्यप्रदेश से उसके ऐतिहासिक संबंध रहे हैं। मौर्य काल में जब सम्राट पाटलिपुत्र में बैठते थे, तो भावी सम्राट अवंतिका में बैठकर शासन व्यवस्था संभालते थे। उस काल में सम्राट अशोक ने भी अपने जीवन के 10 वर्ष अवंतिका में बिताए थे। विधर्मियों ने जब राजा भोज के साम्राज्य पर आक्रमण किया, तो यहां के लोगों ने अपने धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए बिहार में ही शरण ली थी। हमें यह बताते हुए गर्व की अनुभूति होती है कि भोजपुरी बोली भी राजा भोज से संबंधित है। बिहार के क्षत्रियों में उज्जैनिया ठाकुर के नाम वाली भी एक शाखा है, जो उज्जैन से बिहार के घनिष्ठ संबंधों को प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि बिहार देश का इकलौता राज्य है जिसका नाम वृंदावन बिहारी यानी भगवान कृष्ण के नाम पर है। नरकासुर के वध के लिए भगवान कृष्ण द्वारका से बिहार होते हुए ही असम गए थे। भगवान राम और कृष्ण के नाम से ही हमारी संस्कृति चलती है, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी हमेशा भगवान राम और कृष्ण का रास्ता रोकते रहे हैं। इन्हीं लोगों ने राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान आडवाणी जी की रथयात्रा को रोका था। आप सभी को यह याद रखना है कि जो राम का नहीं, वो किसी काम का नहीं।

भोजपुरी समाज के लोगों के रग-रग में विश्वास और प्रतिबद्धता है: विष्णुदत्त शर्मा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की दुनिया को शिक्षा देने वाले बिहार ने लोकतंत्र को बचाने में प्रमुख भूमिका निभाई थी। कांग्रेस पार्टी ने जब देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र पर प्रहार किया तो जयप्रकाश नारायण जी ने ही लोकतंत्र बचाने की अलख जगाई और उनके आह्वान पर ही देशभर में आंदोलन शुरू हुआ। जयप्रकाश नारायण जी के आंदोलन से निकली सोच को ही आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी देश की सेवा करने में जुटे हैं। बिहार के लोग देश के हर कोने में मिलेंगे और अपनी योग्यता व कर्मठता से देश व समाज की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। भोजपुरी समाज के लोग भोपाल सहित संपूर्ण मध्यप्रदेश के लिए भी बड़ी ताकत हैं। भोपाल में भोजपुरी समाज से आने वाले स्वर्गीय सुरेन्द्र नाथ सिंह तीन बार भाजपा के जिला अध्यक्ष रहे हैं। वे विधायक भी रहे हैं। वर्तमान में भोपाल के जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति भी भोजपुरी समाज से आते हैं। मध्यप्रदेश के गठन के बाद से आज तक देखा जाए तो भोपाल के अधिकांश कलेक्टर और एसपी बिहार और भोजपुरी समाज से ही रहे हैं।

बिहार में सशक्त और स्पष्ट सरकार बनाने में अपनी भूमिका निभाएं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बिहार का व्यक्ति जहां भी रहे, वह अपनी विश्वसनीयता, प्रतिबद्धता के लिए जाना जाता है। बिहार का व्यक्ति भोजपुरी समाज का व्यक्ति अपनी जान गवां सकता है, लेकिन किसी को धोखा नहीं दे सकता। लेकिन कुछ राजनीतिक दल ऐसे हैं, जो बिहार के लोगों को धोखा देने का कार्य किया है और अभी भी कर रहे हैं। मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी को धन्यवाद देता हूं कि उनके निर्देशन में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान’ चलाया जा रहा है। भाजपा इस अभियान के तहत मध्यप्रदेश सहित देश के 25 राज्यों के 75 स्थानों पर बिहार दिवस मना रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी बिहार को एक विकसित, समृद्धशाली, खुशहाल और आदर्श राज्य बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। अभी भी बिहार में एनडीए की सरकार है। आने वाले कुछ महीनों बाद बिहार में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। प्रधानमंत्री जी जिस प्रकार देश को आगे ले जाने का कार्य कर रहे हैं, उसी प्रकार बिहार भी कदम से कदम मिलाकर चलता रहे, इसके लिए आप सभी को भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। आप सभी भोजपुरी समाज के लोग भाजपा का साथ दें। आप सभी के साथ मिलने पर ही भाजपा बिहार को स्वर्णिम राज्य बनाने का सपना साकार कर पाएगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश सुरक्षित हाथों में है : राजू कुमार सिंह
बिहार शासन के मंत्री राजू कुमार सिंह ने कहा कि पूरा हिंदुस्तान जानता है कि बिहार ज्ञान की भूमि और तपोभूमि रही है। यहां एक से बढ़कर योग योद्वा, वीरपुरूषों ने जन्म लिया। अंग्रेजी हुकूमत और फिरंगियों के खिलाफ सबसे पहले आवाज उठाने वाला कोई व्यक्ति था तो वह भोजपुरिया बाबू कुमार सिंह थे। भगवान बुद्ध की कर्मभूमि, चाणक्य और सम्राट अशोक की भूमि भी बिहार रही है। मुझे गर्व होता है कि हमने बिहार की माटी में जन्म लिया है। बिहारी जब भी हिंदुस्तान के किसी भी कोने में जाता है तो हमारी परम्परा, संस्कृति और देश के प्रति समर्पण के लिए अतिथि देवो भवः की भावना के साथ मान-सम्मान मिलता है।

चुनाव के समय मैं मध्यप्रदेष में आया था तो देखा कि यहां बहुत बड़ा बिहारी समाज भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा है, यह देखकर बहुत प्रसन्नता होती है। उन्होंने कहा कि आज देष प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में सुरक्षित हाथों में हैं। हर कोई चैन से सांस ले सकता है। मुझे याद है 1990 में 15 अगस्त पर हॉस्टल में तिरंगा फहराया था तो मुझे पुलिस उठाकर ले गई थी और दो दिन बाद पुलिस ने मुझे छोड़ा था। आज वही हिंदुस्तान है, जहां हाथ में झंडा लेकर वीडियो कॉल करके मेरा बेटा दिखाता है कि मैं शिमला की सड़कों पर वंदे मातरम् गा रहा हूं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की ताकत बढ़ी है, हिन्दुस्तान की ताकत बढ़ी है। आज दुनिया के किसी भी कोने में जाकर भारतीय कहने में हमें गर्भ होता है। आप जहां भी जाएंगे बिहार समाज के अभूतपूर्व योगदान को जरूर देखेंगे। बिहार दिवस के अवसर पर पूरे देश ही नहीं दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों में बिहार दिवस मनाया जा रहा है। अभी चुनाव का समय है और हम सभी की जिम्मेदारी है कि अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर देश और बिहार के विकास के लिए पार्टी का सहयोग करें। बिहारी जो तय कर लेता है उस लक्ष्य को अपने परिश्रम से पूरा जरूर करता है। चुनाव में भी हमें इसी प्राणपण से जुटना है।

इस अवसर पर प्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर, पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, बिहार के वरिष्ठ नेता सत्यपाल नरोत्तम, प्रदेश महामंत्री व बिहार दिवस अभियान के प्रभारी रणवीर सिंह रावत, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, बिहार दिवस अभियान के सह प्रभारी विजय दुबे एवं जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति सहित पार्टी पदाधिकारी व भोपाल में निवासरत बिहार के नागरिकगण उपस्थित रहे।

 

More From Author

आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस के पहले ही मैच में खाता भी नहीं खोल पाए रोहित शर्मा, डक पर लौटे पवेलियन

औरंगजेब की कब्र पर ताला लगाने निकले बलराजे आवारे पुलिस हिरासत में, कब्र हटाने को लेकर चल रहा विवाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13695/1

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.