मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा- यह बदलते दौर का भारत है, देश विकास की नई परिभाषा लिख रहा है

भोपाल 
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि यह बदलते दौर का भारत है। देश विकास की नई परिभाषा लिख रहा है। देश के विकास में महिलाओं की भी पूरी भागीदारी है। उन्होंने कहा कि सशक्त महिला ही विकसित समाज की धुरी होती है। शनिवार 31 मई को होने वाला विशाल महासम्मेलन नारी शक्ति को समर्पित है और इसके माध्यम से प्रदेश में महिलाओं के कौशल और उनके योगदान को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन के रूप में इस दिन एक अद्वितीय इतिहास रचा जाएगा, जब इस पूरे महासम्मेलन की सभी व्यवस्थाओं का संचालन महिलाएं ही करेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार की शाम जंबूरी मैदान में महासम्मेलन के प्रबंधन में संलग्न महिला शक्ति को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यहां लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन की सभी तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी की रूपरेखा और व्यवस्थाओं का भी मुआयना किया।

प्रधानमंत्री श्री मोदी प्रदेश को देंगे कई सौगातें
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर आयोजन की तैयारियों के लिए नियुक्त की गई महिलाओं से चर्चा की, उन्हें मार्गदर्शन दिया और इस महासम्मेलन के आयोजन की बड़ी जिम्मेदारी निभाने के लिए उनका उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई के सम्मान में दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के महानायक श्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को स्वयं भोपाल आ रहे हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री मोदी मध्यप्रदेश को कई सौगातें भी देंगे। इसलिए कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं रहे। सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रहें और जिन्हें जो कार्य दिया गया है, वे पूरी जिम्मेदारी और लगन से उसका निर्वहन करें।

देवी अहिल्याबाई ने सिखाया कि कुछ कर गुजरने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति होनी चाहिए
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महिलाओं को रानी दुर्गावती, लोकमाता देवी अहिल्याबाई और रानी लक्ष्मी बाई के बारे में रोचक जानकारियां देते हुए कहा कि हमारी मातृशक्ति ने न केवल शासन चलाया वरन् देश के लिए सर्वस्व न्यौछावर भी कर दिया। देवी अहिल्याबाई ने तो शासन व्यवस्था की नई इबारत लिखी थी। कुछ कर गुजरने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति और सामर्थ्य होना चाहिए, यह हमें देवी अहिल्याबाई ने सिखाया। उन्होंने कहा कि हम विरासत को संजोकर विकास की ओर बढ़ रहे हैं। हमारे अतीत की गौरवशाली विरासत का वह स्वर्णिम अध्याय अब भी प्रत्यक्षत: सामने आना ही चाहिए, इसलिए महिलाएं आगे आएं और अपनी दक्षता और कौशल्य से विकास के नए क्षितिज की ओर बढ़ें।

देश की अहिल्याएं विकास प्रदर्शनी का अवलोकन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आयोजन स्थल की व्यापक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मंच पर पहुंचकर डायस प्लान, मंच संचालन, महिला प्रतिभागियों की बैठक व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, विशिष्टजनों की दीर्घा, मीडिया दीर्घा, यातायात प्रबंधन, भोजन व्यवस्था, चिकित्सा और सुरक्षा सभी विषयों पर जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन की गरिमा के अनुसार सभी प्रकार की व्यवस्थाएं समय पर और व्यवस्थित रूप से पूर्ण कर ली जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित 'देश की अहिल्याएं' नामक विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और यहां महिलाओं द्वारा उत्पादित, प्रबंधित और व्यवस्थापित उत्पादों, घरेलू सामानों और अन्य प्रादर्शों का अवलोकन कर सराहना की। उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके साथ सेल्फी भी ली।

इस अवसर पर केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, वरिष्ठ नेता और संगठन पदाधिकारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं श्री हितानंद शर्मा, खजुराहो सांसद श्री वी.डी. शर्मा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, भोपाल सांसद श्री आलोक शर्मा, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय, समाजसेवी श्री रविन्द्र यति, मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। 

More From Author

पश्चिम मप्र में अब तक 12.10 लाख स्मार्ट मीटर स्थापित

ऊर्जा मंत्री तोमर ने किया सिविल अस्पताल हजीरा का निरीक्षण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.