राजा रघुवंशी हत्या के मामले में ED की एंट्री, सामने आया हनीमून मर्डर में मनी लॉन्ड्रिंग वाला एंगल!

इंदौर
चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच अब आर्थिक अपराध की दिशा में बढ़ गई है। इस केस में अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एंट्री हो चुकी है। हत्या की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी के साथ-साथ उसके भाई गोविंद रघुवंशी की गतिविधियां भी ईडी के रडार पर आ गई हैं। जांच एजेंसियों को हवाला नेटवर्क और संदिग्ध लेनदेन से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं।

पूछताछ में राज ने कबूली थी हवाला की बात

सूत्रों के मुताबिक, राजा रघुवंशी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए गए राज कुशवाह के मोबाइल से हवाला ट्रांजेक्शन से जुड़े सबूत मिले हैं। पुलिस को फोन में दस रुपये के नोटों की तस्वीरें भी मिली हैं, जो एक खास कोडवर्ड के रूप में इस्तेमाल की जाती थीं। पूछताछ में राज ने कबूल किया कि वह सोनम और गोविंद के साथ मिलकर हवाला का पैसा इधर-उधर करता था।
इंदौर और गुजरात में फैला है बिजनेस

जानकारी के अनुसार गोविंद रघुवंशी का श्री बालाजी एक्टिरियो के नाम से प्लायवुड और लेमिनेशन का कारोबार है। उसका ऑफिस इंदौर के मंगल सिटी स्थित मॉल में है, जबकि गोदाम समरपार्क (कमल विहार) निपानिया इलाके में स्थित है। क्राइम ब्रांच ने हवाला और नकद लेनदेन से जुड़ा पूरा ब्योरा ईडी को सौंप दिया है, जिसके बाद ईडी ने विस्तृत जानकारी मांगी है। अब गोविंद से जुड़े जितेंद्र रघुवंशी के बैंक खातों की भी जांच की जा रही है, जिनके जरिए सोनम ने ट्रांजेक्शन किए थे।

सोनम रघुवंशी ने हत्यारों को हवाला के जरिए पहुंचाया पैसा
जांच में पता चला है कि सोनम रघुवंशी ने अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या के लिए कथित तौर पर हवाला के जरिए हत्यारों को पैसे पहुंचाए हैं। इस मामले में जितेंद्र रघुवंशी का नाम भी सामने आ रहा है, जिसके बैंक खाते से 23 मई 2025 को हत्यारों को शुरुआती पेमेंट की गई थी।

सोनम के भाई गोविंद रघुवंशी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। गोविंद का कहना है कि जितेंद्र उनके चचेरे भाई हैं और पारिवारिक बिजनेस में जूनियर कर्मचारी की भूमिका निभाते हैं। उनका बैंक खाता सिर्फ सामान्य व्यावसायिक लेनदेन के लिए इस्तेमाल किया जाता है न कि हवाला के लिए। गोविंद ने हवाला के दावों को कोरी और बनावटी कहानियां बताया है।

सोनम और कथित प्रेमी राज के फोन में मिलीं नोटों की तस्वीरें
बताया जा रहा है कि जांच के दौरान पुलिस को सोनम के कथित प्रेमी और सह-आरोपी राज कुशवाह के फोन में टूटे हुए नोटों की तस्वीरें मिली हैं। जो हवाला लेनदेन की ओर इशारा करती हैं।खबर है कि राज ने मध्य प्रदेश के पीथमपुर में एक हवाला डीलर से 50,000 रुपए लिए थे, जो हत्यारों तक पहुंचाए गए। ऐसे में हवाला और मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका के चलते इस मामले में ईडी की जांच की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।पुलिस इस केस में सोनम के परिवार के एचपीएल शीट्स बिजनेस की भी छानबीन कर रही है, जिसमें राज कुशवाह कथित तौर पर पैसे का लेनदेन देखता था।

सोनम के भाई ने उसके खाते में 15 लाख रुपए, कहां से आए ये पता नहीं
बता दें कि सोनम के भाई गोविंद रघुवंशी का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वो सोनम के खाते में पड़े 15 लाख रुपए की बात कह रहे हैं। गोविंद ने बताया कि पिछले एक महीने से सोनम के खाते में 15 लाख रुपए हैं। लेकिन वो कहां से आए हैं, इस बारे में उन्हें कुछ भी जानकारी नहीं है।

दंपति के खातों से असामान्य लेन-देन दर्ज
बताया जा रहा है कि मामले की जांच में दंपति के खातों में असामान्य लेन-देन की बात सामने आई है। इस लेन-देन में अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिक्शन भी शामिल है। जानकारी के मुताबिक राजा रघुवंशी के कारोबार में पिछले कुछ महीनों में बड़ी मात्रा में कैश का फ्लो नजर आया है। जो संदेह को गहरा कर रहा है।

तीन राज्यों की पुलिस उलझी
राज रघुवंशी की हत्या और सोनम रघुवंशी की प्रेम कहानी का ये मामला अब उलझता जा रहा है। तीन राज्यों मेघालय, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश पुलिस मिलकर इस हत्याकांड की परतें खोलने में जुटी हैं।राजा-सोनम रघुवंशी के इस मामले ने हर किसी को हैरान कर दिया है, अब देखना होगा कि ईडी कब इस मामले की आधिकारिक जांच शुरू करती है और क्या नये खुलासे हो सकते हैं।

सोनम के नार्को टेस्ट की उठी मांग

इस बीच, राजा रघुवंशी के परिजनों ने सोनम के नार्को टेस्ट की मांग की है। भाई सचिन और विपिन रघुवंशी का कहना है कि मामले की परतें खुलनी बाकी हैं और सोनम कई सच्चाइयों को छिपा रही है। शिलांग पुलिस ने गोविंद रघुवंशी को भी पूछताछ के लिए तलब किया है। शुक्रवार को उसे ईस्ट खासी हिल्स थाने से कॉल आया, जिसमें जल्द शिलांग पहुंचने को कहा गया है।

राजा के परिजन लगा रहे गंभीर आरोप

परिजनों का यह भी आरोप है कि सोनम की मां को प्रेम प्रसंग की पूरी जानकारी थी, फिर भी उसने चुप्पी साधे रखी। वहीं सोनम के पिता देवीसिंह भी कई अहम जानकारी छिपाते रहे। सगाई के बाद उन्होंने सभी कर्मचारियों को तो मिलवाया, लेकिन राज को कभी सामने नहीं लाए। अब परिजनों को उम्मीद है कि नार्को टेस्ट से सच सामने आएगा।

More From Author

‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के 27वें संस्करण की रौनक बढ़ाएंगे सांसद मनोज तिवारी

राज्य सरकार ने एकात्म धाम में भव्य ‘अद्वैत लोक कला संग्रहालय’ के लिए स्वीकृत किए 2195 करोड़ रुपए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13695/1

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.