हिमंत का बड़ा दावा- असम में कांग्रेस को प्रमोट कर रहे मुस्लिम देशों के 5000 सोशल मीडिया अकाउंट

गुवाहाटी
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि असम कांग्रेस के पक्ष में 5,000 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट अचानक सक्रिय हो गए हैं, जिनमें से अधिकतर इस्लामिक देशों से ऑपरेट हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार को इस बारे में जानकारी दे दी गई है। मुख्यमंत्री ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इन सोशल मीडिया अकाउंट्स की उत्पत्ति 47 अलग-अलग देशों से हुई है, जिनमें सबसे ज्यादा अकाउंट बांग्लादेश और पाकिस्तान से हैं। ये अकाउंट पिछले एक महीने से असम कांग्रेस की गतिविधियों और एक विशेष कांग्रेस नेता पर केंद्रित हैं। शर्मा ने आरोप लगाया कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए ये अकाउंट्स राज्य के राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।

‘केवल एक नेता और असम कांग्रेस पर है फोकस’
मुख्यमंत्री ने कहा, “यह बहुत ही चौंकाने वाली बात है कि ये अकाउंट राहुल गांधी या अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी से संबंधित पोस्ट्स पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देते। ये सिर्फ असम कांग्रेस और एक विशेष नेता की पोस्ट्स को लाइक और कमेंट कर रहे हैं।” हालांकि उन्होंने उस नेता का नाम नहीं लिया, लेकिन माना जा रहा है कि उनका इशारा हाल ही में असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बनाए गए गौरव गोगोई की ओर था। गौरव गोगोई को मई के आखिरी सप्ताह में यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

‘इस्लामी कट्टरता से जुड़ा कंटेंट भी शेयर कर रहे अकाउंट’
सीएम ने आगे कहा कि इन सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए न सिर्फ असम कांग्रेस के पक्ष में प्रचार किया जा रहा है, बल्कि इनमें इस्लामी कट्टरता से जुड़ी कंटेंट भी शेयर किया जा रहा है। इनमें ‘प्रो-फिलिस्तीन’, ‘ईरान समर्थन’ और बांग्लादेश के चीफ एडवाइजर मोहम्मद यूनुस से संबंधित पोस्ट्स शामिल हैं।

2026 के चुनाव से पहले विदेशी दखल का आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा, “पहली बार असम की राजनीति में इतनी बड़ी संख्या में विदेशी हस्तक्षेप देखा गया है, वह भी 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले। यह सिर्फ एक राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा का विषय है।” शर्मा ने यह भी बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी भारत सरकार को दी है और उचित जांच व कार्रवाई की मांग की है।

पहले भी लगा चुके हैं आरोप
बता दें कि ये पहली बार नहीं है जब असम सीएम ने इस तरह का सनसनीखेज दावा किया है। इसी महीने की शुरुआत में उन्होंने कहा था कि करीब 2000 फेसबुक अकाउंट असम चुनाव पर टिप्पणी कर रहे हैं और इनमें से कम से कम आधे अकाउंट पाकिस्तान और बांग्लादेश से संचालित किए जा रहे हैं। असम पुलिस (विशेष शाखा) को इन अकाउंट की जांच करने का काम सौंपा गया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत ने कहा कि ये अकाउंट कथित तौर पर असम की राजनीति को निशाना बना रहे हैं और कहा कि पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) भी "किसी को जिताना चाहती है"। उन्होंने कहा कि ये फेसबुक प्रोफाइल कथित तौर पर 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले असम के राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने के उद्देश्य से समन्वित ऑनलाइन गतिविधि में शामिल हैं।

 

More From Author

शाहरुख खान की ‘किंग’ में हिंदी गाना गाएंगे Ed Sheeran

11 जुलाई से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी स्पेशल ऑप्स 2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.