रायपुर : दिव्या रंगारी ने दिलाया भारत को स्वर्ण पदक, एशियन चौंपियनशिप मलेशिया के लिए भारतीय टीम को दिलाई क्वालीफाई

रायपुर : दिव्या रंगारी ने दिलाया भारत को स्वर्ण पदक, एशियन चौंपियनशिप मलेशिया के लिए भारतीय टीम को दिलाई क्वालीफाई

दिव्या रंगारी ने दिलाया भारत को स्वर्ण पदक

महासमुंद की बेटी ने रचा नया इतिहास, कलेक्टर लंगेह सहित

समस्त जिले में हर्ष की लहर

रायपुर

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की होनहार बालिका दिव्या रंगारी ने अन्तर्राष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करते हुए मालदीव में आयोजित अंडर-16 एशियन बास्केटबॉल चौंपियनशिप क्वालीफायर में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ भारतीय टीम ने फिबा अंडर-16 वूमेन एशियन चैंपियनशिप 2025 के लिए सफलतापूर्वक क्वालीफाई कर लिया है, जो आगामी 14 से 20 सितम्बर 2025 तक मलेशिया में आयोजित होगी।

उल्लेखनीय है कि 12 से 15 जून 2025 तक आयोजित इस अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने श्रीलंका, बांग्लादेश तथा मालदीव जैसी टीमों को पराजित करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में भारत ने एक बार पुनः श्रीलंका को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस स्वर्णिम सफलता में महासमुंद जिले की दिव्या रंगारी का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा।

दिव्या इससे पूर्व भी 48वीं सब-जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चौंपियनशिप (अगस्त 2023, पांडिचेरी) में छत्तीसगढ़ की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें राष्ट्रीय से अन्तर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया है।

इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने दिव्या को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि, दिव्या की उपलब्धि न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। यह सफलता जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। इसके अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक, अपर कलेक्टर रवि साहू, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, जिला खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने दिव्या को शुभकामनाएं दीं एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिला बास्केटबॉल संघ महासमुंद के अध्यक्ष नुरेन चंद्राकर, चेयरमैन गौरव चंद्राकर, सचिव शुभम तिवारी एवं सदस्य मनीष श्रीवास्तव तथा संतोष कुमार सोनी ने भी दिव्या की इस ऐतिहासिक जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके कोच एवं परिवार को बधाई दी।

महासमुंद जिले के मिनी स्टेडियम में दिव्या ने नियमित अभ्यास कर यह मुकाम हासिल किया है। यहाँ जिले के शहरी व ग्रामीण अंचलों से अनेक बालक-बालिकाएँ प्रतिदिन बास्केटबॉल का प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। हाल के वर्षों में जिले के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतकर जिले की पहचान खेल जगत में स्थापित की है।

दिव्या रंगारी की यह उपलब्धि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के खेल परिदृश्य को एक नई दिशा देगी और खेल संस्कृति को और अधिक सशक्त बनाएगी।

More From Author

युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री स्व-रोजगार आधारित विकास का विजन अब जमीनी स्तर पर हो रहा साकार

केंद्रीय कृषि मंत्री ने खरीदी के दिए निर्देश- केंद्र सरकार मप्र से खरीदेगी 3.51 लाख टन मूंग और 1.23 लाख टन उड़द

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13783/138

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.