पाकिस्तान में हुआ आत्मघाती हमला, विस्फोटक से लदे वाहन ने सैन्य काफिले को मारी टक्कर, 16 सैनिकों की मौत

इस्लामाबाद 
पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के उत्तरी वजीरिस्तान जिले में शनिवार को एक आत्मघाती हमला हुआ। इसकी चपेट में आने से 16 सैनिकों की मौत हो गई और 25 लोग घायल हैं, जिनमें सैन्यकर्मी और नागरिक दोनों शामिल हैं। एक स्थानीय सरकारी अधिकारी ने बताया कि आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटक से लदे वाहन को सैन्य काफिले में टक्कर मार दी। इससे 16 सैनिकों की जान चली गई और 6 सैन्यकर्मी व 19 नागरिक घायल हो गए। हमले में दो घरों की छतें ढह गईं, जिसके कारण छह बच्चे भी घायल हुए हैं।

पाकिस्तान तालिबान की हाफिज गुल बहादुर शाखा ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। एक प्रशासनिक अधिकारी के अनुसार, 4 घायल सैनिकों की हालत गंभीर है। मालूम हो कि अफगानिस्तान में 2021 में तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद से पाकिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्रों में हिंसा में तेजी आई है। इस्लामाबाद का आरोप है कि अफगानिस्तान अपनी जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ हमलों के लिए होने दे रहा है, जिसे तालिबान ने खारिज किया है। इस साल की शुरुआत से अब तक खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में हुए हमलों में करीब 290 लोग (ज्यादातर सुरक्षाकर्मी) मारे गए हैं।

पाकिस्तान में भारी बारिश से 22 लोगों की मौत
दूसरी ओर, पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में भारी प्री-मॉनसून बारिश के कारण 22 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों अन्य घायल हो गए। यह जानकारी एक अधिकारी ने शुक्रवार को न्यूज एजेंसी शिन्हुआ को दी। इससे पहले आज राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने देश के प्रमुख भागों में व्यापक बारिश और तूफान आने की संभावना पर मौसम संबंधी चेतावनी जारी की थी। एजेंसी ने आम लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली के खंभों और कमजोर अवसंरचना से दूर रहने की सलाह दी है। स्थानीय प्रशासन को संभावित नुकसान को न्यूनतम करने के लिए पूर्व-निवारक उपाय सुनिश्चित करने और आकस्मिक योजनाओं को सक्रिय करने का निर्देश दिया है।

 

More From Author

उपार्जित गेहूँ का किसानों को हुआ 20197.77 करोड़ रुपये का भुगतान : खाद्य मंत्री राजपूत

मुख्यमंत्री साय ने किया एग्री-हॉर्टी एक्सपो एवं क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का वर्चुअल शुभारंभ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13766/145

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.