किसानों की खुशहाली व बेहतरी के लिये सरकार ने उठाए प्रभावी कदम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने ग्वालियर में बलराम जयंती पर हुए “किसान सम्मान समारोह” को किया वर्चुअली संबोधित
“अखिल भारतीय कवि सम्मेलन” का भी हुआ आयोजन

भोपाल 
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसानों की बेहतरी एवं खुशहाली के लिये राज्य सरकार ने प्रभावी कदम उठाए हैं। सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, बिजली के बिल से बचाने के लिये कृषि सोलर पंप पर बड़ा अनुदान, कृषि आधारित उद्योगों को विशेष बढ़ावा और पशुपालन व डेयरी के लिये अनुदान सहित किसानों को केन्द्र व राज्य सरकार तमाम सुविधाएँ मुहैया करा रहीं हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को ग्वालियर में बलराम जयंती पर आयोजित हुए किसान सम्मान समारोह को भोपाल शासकीय विमानतल से वर्चुअल संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर सभी को कृषि के देवता हलधर भगवान बलराम जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही आयोजन करने के लिये नंदलाल बाल कल्याण समिति को साधुवाद दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पिछले सवा साल के भीतर प्रदेश में 7 लाख हैक्टेयर से अधिक सिंचाई रकबा बढ़ा है, जबकि वर्ष 2003 में प्रदेश में मात्र लगभग साढ़े 7 लाख हैक्टेयर में सिंचाई होती थी। इस प्रकार आजादी के बाद प्रदेश में जितना सिंचाई का रकबा था, उतनी सिंचाई सुविधा पिछले सवा साल में सरकार ने उपलब्ध करा दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2003 के बाद कुल मिलाकर 44 लाख हैक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ाया गया है। इसमें लगातार बढ़ोत्तरी जारी है। इसी क्रम में केन-बेतवा और पार्वती–काली सिंध-चंबल नदी जोड़ो परियोजना से बुंदेलखंड और ग्वालियर-चंबल संभाग सहित प्रदेश के बहुत बड़े हिस्से में सिंचाई सुविधाओं का क्रांतिकारी विस्तार हो रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खेती में कम लागत आए, इसके लिये सरकार किसानों को तमाम सुविधाएँ मुहैया करा रही है। सरकार द्वारा किसानों को बिजली के बड़े बिल से बचाने के लिये 10 व 5 हॉर्स पॉवर के सोलर पंप पर 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा किसानों को खेती के लिये सरकार बिना ब्याज के कृषि ऋण उपलब्ध करा रही है। साथ ही इस साल सरकार ने देश में सबसे अधिक समर्थन मूल्य 2600 रूपए प्रति क्विंटल के हिसाब से गेहूँ की खरीदी की है। आने वाले साल में इसमें और बढ़ोत्तरी की जायेगी।

बीहड़ों में लगाई जायेगी नेपियर घास और उद्योग भी होंगे विकसित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार द्वारा बीहड़ों में नेपियर घास लगवाई जायेगी। साथ ही कृषि आधारित उद्योग विकसित करने के प्रयास भी होंगे। किसानों को उन्नत कृषि तकनीक व कृषि उपकरण उपलब्ध कराने के लिये सरकार व्यापक स्तर पर किसान मेलों का आयोजन भी करा रही है। इसी क्रम में जल्द ही मुरैना में वृहद किसान मेला आयोजित होगा, इससे ग्वालियर-चंबल अंचल के किसान लाभान्वित होंगे। उन्होंने ग्वालियर जिले में सुपर सीडर की बड़े पैमाने पर बोवनी एवं ड्रोन दीदियों के प्रशिक्षण की सराहना की। साथ ही कहा किसानों की खुशहाली के लिये प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दोनों सरकारें लगातार काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की तर्ज पर प्रदेश सरकार द्वारा भी मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना चलाई जा रही है। इन दोनों योजनाओं से प्रत्येक किसान के खाते में हर साल 10 हजार रूपए पहुँच रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने की कड़ी में दालों से टैक्स कम कर दाल कारखानों को विशेष प्रोत्साहन दे रही है। उन्होंने दुग्ध उत्पादन में बढ़ोत्तरी एवं नरवाई प्रबंधन के लिये सरकार द्वारा दिए जा रहे प्रोत्साहन की जानकारी भी दी।

किसान खुशहाल होंगे तो देश भी खुशहाल होगा : कृषि मंत्री श्री कंषाना
कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने कहा कि किसान खुशहाल होगा तो देश भी खुशहाल होगा। इसी भाव के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केन्द्र व राज्य सरकार किसानों के हित में काम कर रहीं हैं। उन्होंने कहा प्रदेश में सिंचाई रकबे में क्रांतिकारी विस्तार हुआ है। श्री कंषाना ने इस अवसर पर भरोसा दिलाया कि सरकार प्रदेश के किसी भी जिले व तहसील में खाद की कमी नहीं आने देगी। खाद की कमी की शिकायत आने पर 12 घंटे के भीतर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जायेगी।

मिलजुलकर नई पीढ़ी के लिये बनाएँ अच्छा वातावरण : ऊर्जा मंत्री श्री तोमर
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सभी को बलराम जयंती एवं किसान दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हमारे सभी आराध्यों का यही संदेश होता है कि हम वर्तमान के साथ भविष्य के लिये अच्छा वातावरण तैयार करें, जिससे हमारी नई पीढ़ी संस्कारवान होकर प्रगति पथ पर आगे बढ़ सकें। उन्होंने आह्वान किया कि हम सभी मिलजुलकर इस काम को अंजाम दें।

कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम के संयोजक व बीज एवं फॉर्म विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री महेन्द्र सिंह यादव ने स्वागत उदबोधन दिया। साथ ही जानकारी दी कि वर्ष 2006 से ग्वालियर में बलराम जयंती पर किसान दिवस मनाया जा रहा है। आरंभ में अतिथियों ने भगवान बलराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किसान सम्मान समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. अरविंद कुमार शुक्ला, नगर निगम सभापति श्री मनोज तोमर, जनप्रतिनिधि और नंदलाल बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री रूपसिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में किसान भाई मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन देश के सुविख्यात कवि श्री शशिकांत यादव “शशि” ने संचालन किया।

 

More From Author

बालवाटिकाएं बनीं नन्हे-मुन्नों का सीखने और खेलने का रंगीन संसार

तीन दिन तक मसूरी में हिट रहेगी पर्यटन की रफ्तार, होटल उपलब्धता खत्म

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13695/1

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.