रिंकू सिंह की एशिया कप टीम में जगह पर संकट, सिलेक्शन कमेटी सख्त रुख में

नई दिल्ली 
एशिया कप टी20 के लिए भारतीय टीम की घोषणा मंगलवार को की जाएगी, जिसमें अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति कुछ कड़े फैसले ले सकती है। भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल की टीम में जगह चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं रिंकू सिंह के लिए भी 15 सदस्यीय टीम में जगह बनाना आसान नहीं होगा। रिंकू कुछ साल पहले तब पूरे देश में चर्चा का विषय बन गए थे, जब उन्होंने यश दयाल के ओवर में लगातार पांच छक्के लगाकर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को आईपीएल मैच जिताया था और तब से उन्हें भारतीय टीम में एक फिनिशर के रूप में देखा जाने लगा था।

रिंकू के करियर ग्राफ में हालांकि पिछले कुछ समय में थोड़ी गिरावट देखी गई है और वह टी 20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने में असफल रहे (वह स्टैंड बाई पर थे)। आईपीएल 2024 में उन्होंने केवल 113 गेंदों का जबकि 2025 के सत्र में केवल 134 गेंदों का सामना किया था, जिससे उनकी भूमिका कम होने का संकेत मिलता है। दिलचस्प बात यह है कि 2024 में वर्तमान में भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ही केकेआर के मुख्य रणनीतिकार थे।

केकेआर के पूर्व थिंक-टैंक प्रमुख ने जिस तरह से रिंकू का इस्तेमाल किया, उससे यह संकेत मिलता है कि उनकी योजनाओं में अलीगढ़ के इस बाएं हाथ के खिलाड़ी की भूमिका बहुत सीमित थी। प्रत्येक बल्लेबाजी स्थान के लिए हो रही प्रतिस्पर्धा को देखते हुए कोई भी पक्के तौर पर यह नहीं कह सकता कि रिंकू अगले वर्ष की शुरुआत में भारत और श्रीलंका में होने वाले टी-20 विश्व कप के लिए स्वतः पसंद होंगे।

लेकिन अगर इस समय केवल एशिया कप टी-20 को ही ध्यान में रखा जाए तो रिंकू की स्थिति थोड़ी अस्थिर नजर आती है। यदि सभी फिट और उपलब्ध रहे तो अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (बल्लेबाज-विकेटकीपर), तिलक वर्मा, कप्तान सूर्य कुमार यादव और हार्दिक पंड्या का शीर्ष पांच में चयन तय है।

आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करने वाले गिल और यशस्वी जायसवाल टीम में वापसी करते हैं तो चयनकर्ताओं को एक या दो स्थानों को लेकर कुछ समझौता करना होगा। एक पूर्व राष्ट्रीय चयनकर्ता ने पीटीआई से कहा, ‘‘हम अक्सर लोगों को कहते हुए सुनते हैं कि अमुक खिलाड़ी को चुनना चाहिए, लेकिन कोई भी हमें यह नहीं बता सकता कि 'किसकी जगह'? श्रेयस अय्यर ने 180 के स्ट्राइक रेट से 600 रन बनाए हैं, लेकिन वह शीर्ष चार में बल्लेबाजी करते हैं। उनके लिए जगह कहां है।’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप अभी अपने शीर्ष पांच खिलाड़ियों में बदलाव नहीं कर सकते तो शुभमन को नहीं चुन सकते। अगर आप अभी शुभमन को चुनते हैं, तो जाहिर है कि टेस्ट कप्तान को बाहर नहीं बिठाया जा सकता।‘‘ भारत के लिए खेल चुके पूर्व चयनकर्ता ने कहा, ‘‘तो आप समझौता कहां करेंगे? मुझे तो रिंकू की जगह पर संदेह नजर आ रहा है क्योंकि बल्लेबाजी क्रम में उनकी उतनी जरूरत नहीं है। और ध्यान रहे, हम जायसवाल की बात ही नहीं कर रहे हैं।’’

यदि रिंकू के साथ समझौता भी कर लिया जाए, तब भी शिवम दुबे (क्योंकि नितीश रेड्डी के फिट होने की संभावना नहीं है) और जितेश शर्मा (दूसरे विकेटकीपर) टीम में होंगे, जो फिनिशर की भूमिका अच्छी तरह से निभा सकते हैं।

 

More From Author

मुख्यमंत्री साय आईबीसी 24 स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप 2025 में हुए शामिल: प्रदेश की मेधावी बेटियों को किया सम्मानित

बिहार में वोट अधिकार यात्रा, लोकतंत्र की मजबूती को बढ़ावा—पवन खेड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13783/138

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.