सोयाबीन किसानों को मुआवज़ा, सीएम बोले- भावांतर की राशि भी जल्द मिलेगी

भोपाल 
मध्य प्रदेश में पहली बार किसानों को सोयाबीन की फसल में पीला मोजेक रोग लगने से खराब हुई फसलों का भी मुआवजा मिला है. सीएम मोहन यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से 13 जिलों के किसानों को 653 करोड़ रुपए की राहत राशि ट्रांसफर की है, इसके अलावा उन्होंने कहा कि आज से राज्य में सोयाबीन भावांतर योजना भी शुरू हो गई है जिसका पैसा भी जल्द ही किसानों को मिलेगा, इसलिए सभी किसानों से उन्होंने भावांतर योजना के लिए पंजीयन कराने की सलाह दी है, वहीं उन्होंने राहत राशि ट्रांसफर करने के साथ ही प्रदेश के किसानों से संवाद भी किया है

इससे पहले मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से अतिवृष्टि और बाढ़ प्रभावित किसानों के खातों में 653.34 करोड़ रुपए की राहत राशि जमा कराई। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद भी किया। सीएम यादव ने कहा कि किसानों की समस्याओं को सरकार हमेशा प्राथमिकता देती है। उन्होंने किसानों को राष्ट्र की रीढ़ बताते हुए कहा कि जैसे सीमाओं पर जवान देश की रक्षा करते हैं, वैसे ही खेतों में किसान देशवासियों के लिए अनवरत मेहनत करते हैं।

13 जिलों के किसानों को दी राशि

सरकारी आंकड़ों के अनुसार 13 जिलों की 52 तहसीलों के 8 लाख 84 हजार 772 किसान अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। राहत राशि जिन जिलों के किसानों को दी गई है उनमें मंदसौर, विदिशा, सिवनी, बड़वानी, नीमच, रतलाम, दमोह, बुरहानपुर, मंडला, उज्जैन, खंडवा और शहडोल शामिल हैं।

किसानों के लिए हमने वार-त्योहार नहीं देखा

सीएम यादव ने कहा कि जो कहा है वह किया है और जो कहते हैं वह करते हैं। 6 जिलों में 322 करोड़ की राशि सोयाबीन फसल प्रभावित किसानों को बांटी गई है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए हमने वार देखा न त्योहार लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता दी है।

मंदसौर के किसान बोले- दीवाली से पहले सरकार ने कराई दीवाली

मंदसौर जिले के किसान रामदास बैरागी ने कहा कि सोयाबीन पीला मोजेक पर पहली बार चिंता की गई और राहत राशि सरकार और प्रशासन ने दिलाई है। सरकार ने ऐसा करके दीवाली से पहले दीवाली कराई है। रेखा देवी ने कहा कि सरकार ने किसानों के लिए दरियादिली दिखाई है। दीवाली के पहले सरकार ने किसानों की बल्ले बल्ले कर दी है। गरोठ निवासी ओमप्रकाश ने कहा कि सरकार ने बुरे वक्त में मदद की है। 63 हजार रुपए मिले हैं। सुनीता शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए जो सोचा है, उसके लिए वे सीएम मोहन यादव का धन्यवाद करती हैं।

रतलाम के किसानों को 171 करोड़ दिए, दस अक्टूबर को किसान सम्मेलन में जाएंगे सीएम

रतलाम जिले के किसानों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि 171 करोड़ रुपए रतलाम के किसानों को बांटे गए हैं। राजस्व मंत्री करन सिंह वर्मा ने कहा कि किसी भी जिले को एक बार में इतनी राशि पहली बार दी गई है। सीएम मोहन यादव ने कहा कि वे 10 अक्टूबर को रतलाम आएंगे और वहां के किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। भाजपा विधायक राजेंद्र पांडेय ने कहा कि बीमा कंपनियों से भी किसानों को राशि सीएम दिला रहे हैं, इसलिए किसान खुश हैं।

किसान प्रहलाद पाटीदार ने कहा कि दो बार सोयाबीन की फसल लगाई थी जो बारिश के कारण नष्ट हो गई है। अगले साल सोयाबीन के बीज के लिए भी पैसे नहीं हैं। इस पर सीएम यादव ने कहा कि फसल काटकर आने के पहले किसानों के पास पैसा भेजा है। किसान चरणदास ने कहा कि दीवाली के पहले राहत राशि दे दी है, इसके लिए वे सीएम का धन्यवाद करते हैं।

कांग्रेस विरोध करने की तैयारी में थी, उनका मुंह बंद हो गया

नीमच जिले के किसानों के साथ चर्चा के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस विरोध करने की तैयारी में थी, लेकिन सरकार ने समय पर राहत देकर कांग्रेसियों का मुंह बंद कर दिया है। अनावारी के आधार पर बीमा कंपनियों से राहत राशि दिलानी की मांग की गई। नीमच जिले को 119 करोड़ रुपए देने की जानकारी इस दौरान सीएम यादव ने दी।

राकेश पाटीदार ने कहा कि किसानों को नई फसल के लिए सरकार ने राहत राशि देकर सहयोग किया है। शंभूलाल ने कहा कि राहत राशि देने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भावांतर दे रहे हैं, इसके लिए किसानों की ट्रेक्टर के साथ रैली निकाली जाए। मंदसौर रतलाम संसदीय करोड़ को 600 करोड़ से अधिक की राशि दी गई है।

बुरहानपुर में केले की फसल पर दिया मुआवजा

विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर के एक किसान को 3.60 लाख रुपए मिला है। एक माह में ही मुआवजा प्राप्त हो गया है। किसान ने सीएम यादव का धन्यवाद किया। सीएम यादव ने कहा कि केले की फसल नहीं आ पा रही है तो केले के तने, शाखों का उपयोग कपड़े की फैक्ट्री में होगा।

उज्जैन, विदिशा के किसान बोले, दशहरे पर मुख्यमंत्री ने दिवाली मनवाई

उज्जैन जिले के किसान पवन सिंह और अन्य ने कहा कि दशहरे पर मुख्यमंत्री ने दिवाली मनवा दी। भावांतर के लिए आज से शुरू हुए पंजीयन को लेकर भी सीएम की कार्यशैली की सराहना की। विदिशा जिले के किसानों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि बीजेपी की सरकार सदा ही किसानों का ध्यान रखती है। किसान भारत सिंह ने कहा कि किसान खुश हैं।

सीएम ने पूछा कितने रुपए मिले, इस पर भारत सिंह ने कहा कि 90 हजार मिले हैं। मनोज सिंह ने कहा कि धान के 40 हजार रुपए मिले हैं। ऐसा लगता है कि सरकार साथ है और हाथ पकड़कर आगे लेकर जा रही है। सीएम यादव ने दमोह, अलीराजपुर, शहडोल, मंडला, बड़वानी समेत अन्य प्रभावित जिलों के किसानों से भी बात की।

More From Author

ट्रंप का बड़ा कदम: अमेरिका के शत्रु पर सशस्त्र कार्रवाई का आदेश, दस्तावेज़ों में उजागर हुई रणनीति

सुहानी कोल ने बढ़ाया शहडोल का मान, फुटबॉल प्रशिक्षण के लिए जर्मनी रवाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.