शमी का तूफान! सिर्फ 2 मैचों में 15 विकेट लेकर सेलेक्टर्स को दिया सख्त संदेश

नई दिल्‍ली
मोहम्‍मद शमी ने रणजी ट्रॉफी में शानदार गेंदबाजी करके अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया है। शमी ने बंगाल का प्रतिनिधित्‍व करते हुए केवल दो मैचों में 15 विकेट चटकाए। इस तरह शमी ने टीम इंडिया में वापसी की दावेदारी पेश की, जिसे अगले महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्‍ट सीरीज खेलनी है। शमी की फिटनेस को लेकर काफी बखेड़ा हुआ। प्रमुख चयनकर्ता अजीत अगरकर ने शमी के बारे में कहा था कि उनकी फिटनेस पर कोई अपडेट नहीं है और तेज गेंदबाज को खुद को साबित करने के लिए ज्‍यादा मैच खेलने की दरकार है। तब शमी ने अगरकर पर पलटवार करते हुए कहा कि चयनकर्ताओं की तरफ से संवाद की कमी रही।
 
ईडन गार्डन्‍स पर शमी का कहर
ऐसे में मोहम्‍मद शमी और अजीत अगरकर के बीच विवाद किसी से छिपा नहीं। बहरहाल, शमी ने ईडन गार्डन्‍स पर गुजरात के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और बंगाल को 141 रन की जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। 35 साल के गेंदबाज ने दूसरी पारी में 10 ओवर में एक मेडन सहित 38 रन देकर पांच विकेट झटके। गुजरात की टीम 327 रन के लक्ष्‍य का पीछा करते हुए 185 रन पर ढेर हो गई। इससे पहले शमी ने पहली पारी में 44 रन देकर तीन विकेट झटके थे, जिससे बंगाल ने मैच पर शिकंजा कसा था। याद दिला दें कि शमी ने पहले राउंड के मुकाबले में उत्‍तराखंड के खिलाफ सात विकेट झटके थे, जिसमें बंगाल ने आठ विकेट से जीत दर्ज की थी।

तीसरे स्‍थान पर शमी
मौजूदा रणजी ट्रॉफी सीजन में शमी दो मैचों में 15 विकेट के साथ सबसे ज्‍यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में तीसरे स्‍थान पर काबिज हैं। जम्‍मू-कश्‍मीर के आकिब नबी दर (17) और सर्विसेज के अर्जुन शर्मा (16) उनसे आगे हैं। शमी आखिरी बार चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए खेलते हुए नजर आए थे। इसके बाद से वो अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं। उन्‍होंने अपना आखिरी टेस्‍ट 2023 विश्‍व टेस्‍ट चैंपियनशिप फाइनल खेला था। शमी ने अपनी गेंदबाजी से साबित किया कि उन्‍हें नजरअंदाज करने के लिए चयनकर्ताओं के पास कोई विकल्‍प नहीं बचा है। देखना दिलचस्‍प होगा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्‍ट सीरीज के लिए शमी की भारतीय टीम में वापसी हो पाती है या नहीं।

 

More From Author

समुद्री शक्ति पर मोदी का फोकस: 29 अक्टूबर को मुंबई में ‘इंडिया मैरीटाइम वीक 2025’ में देंगे संबोधन

ITOT लखनऊ ने लिखा सफलता का इतिहास, 10 में से 9 ट्रेड्स में प्रशिक्षु रहे प्रथम — CM योगी के विजन को मिला बल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13766/145

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.