कांग्रेस ने किया बड़ा फैसला: खैरागढ़ में पहली बार मंडल कांग्रेस कमेटियों का गठन, 28 अध्यक्ष नियुक्त

खैरागढ़ 
 छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए प्रदेश के सभी जिलों में पहली बार मंडल कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों की नियुक्ति की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट की सहमति के बाद मंडल अध्यक्षों की जिलेवार सूची जारी की।

प्रदेशभर में कुल 1370 मंडल कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। कांग्रेस का दावा है कि इस फैसले से पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूती मिलेगी और आगामी चुनावों में इसका सीधा लाभ मिलेगा। इसे भाजपा की तर्ज पर मंडल स्तर तक संगठनात्मक ढांचे को सशक्त करने की कांग्रेस की रणनीतिक पहल माना जा रहा है।

पार्टी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने बताया कि मंडल अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों की स्पष्ट जिम्मेदारी दी गई है। वे बूथ, सेक्टर और मंडल स्तर पर संगठन को सक्रिय करेंगे, जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाएंगे। उनके अनुसार यह नई संरचना कांग्रेस को अधिक अनुशासित, सक्रिय और चुनावी रूप से प्रभावी बनाएगी।

इसी क्रम में खैरागढ़ जिले में कुल 28 मंडल कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। खैरागढ़ नगर, छुईखदान, मुढ़ीपार और गंडई विकासखंडों में मंडलवार अध्यक्ष घोषित किए गए हैं। पार्टी नेतृत्व ने सभी वर्गों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है, जिससे संगठन में संतुलन और क्षेत्रीय सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति से संगठन को नई धार मिलेगी और स्थानीय मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा। खासकर केसीजी जिले जैसे क्षेत्र में मंडल स्तर पर संगठन का विस्तार कांग्रेस की चुनावी रणनीति को मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है।

More From Author

इन्वेस्टर्स समिट, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और चार ग्राउंडब्रेकिंग समारोहों से यूपी बना देश का सबसे भरोसेमंद निवेश गंतव्य

राशिद लतीफ का बड़ा बयान: पाकिस्तान ने नहीं मानी सलाह तो टी20 वर्ल्ड कप में होगी भारी बेइज्जती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.