आध्यात्म के साथ सेवा ही सनातन दर्शन – मंत्री विश्वास कैलाश सारंग

रुद्राक्ष महोत्सव की तैयारियों को लेकर की जिला प्रशासन की बैठक
मंत्री सारंग एवं पंडित प्रदीप मिश्रा ने कुबेरेश्वरधाम में अस्पताल का किया लोकार्पण

भोपाल
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने रविवार को सीहोर स्थित कुबेरेश्वरधाम में विट्ठलेश सेवा समिति, सीहोर के तत्वावधान में निर्मित पंडित रामेश्वर मिश्रा प्राथमिक चिकित्सालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध कथावाचक प्रदीप मिश्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंत्री सारंग एवं पंडित मिश्रा ने संयुक्त रूप से अस्पताल का लोकार्पण कर श्रद्धालुओं एवं आमजन को समर्पित किया।

मंत्री सारंग ने इस अवसर पर कहा कि आध्यात्म के साथ सेवा ही सनातन दर्शन है। जब भक्ति के साथ मानव सेवा जुड़ जाती है, तो वह समाज के लिए एक सशक्त आधार बनती है। उन्होंने कहा कि पूज्य कथावाचक प्रदीप मिश्रा ने देश-विदेश में सनातन संस्कृति का ध्वज फहराया है और अपनी कथाओं के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि कुबेरेश्वरधाम में निर्मित यह अस्पताल श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों के लिए एक बड़ी सौगात है। यहां आने वाले हजारों भक्तों को अब बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

20 बिस्तरीय आधुनिक सुविधायुक्त अस्पताल

नव निर्मित पंडित रामेश्वर मिश्रा प्राथमिक चिकित्सालय 20 बिस्तरों की क्षमता वाला एक आधुनिक सुविधायुक्त अस्पताल है, जहां श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंगी। इस अस्पताल में ओपीडी एवं आईपीडी की सुविधा, आईसीयू की व्यवस्था, ऑपरेशन थियेटर, ऑक्सीजन सपोर्ट, ईसीजी, वेंटिलेटर तथा आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इससे मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार प्राप्त हो सके।

रुद्राक्ष महोत्सव की तैयारियों को लेकर की जिला प्रशासन की बैठक

मंत्री सारंग ने सुप्रसिद्ध कथावाचक प्रदीप मिश्रा की उपस्थिति में कुबेरेश्वरधाम में 14 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले रुद्राक्ष महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि श्रद्धालुओं के लिए शेड बनाए गए हैं, प्रवेश-निकास मार्ग सुव्यवस्थित किए गए हैं तथा अलग-अलग सेक्टर में दर्शन की व्यवस्था की गई है। स्थल पर 500 से अधिक शौचालयों के साथ चलित शौचालयों की भी व्यवस्था की जाएगी। पेयजल के लिए टैंकर लगाए जाएंगे। बताया गया कि आपात स्थिति के लिए विशेष कॉरिडोर बनाया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिये 20 से अधिक एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के लिए 1500 से अधिक पुलिस बल तैनात रहेगा।

मंत्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण हों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और समन्वय के साथ कार्य करे, ताकि महोत्सव सफल एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो। बैठक में जिला कलेक्टर, पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

More From Author

1.25 करोड़ हिंदुओं की ताकत पर मोहन भागवत का कड़ा इशारा, बांग्लादेश पर संदेश साफ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन में सर्वदलीय बैठक को किया संबोधित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13766/145

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.