बाबर-शाहीन-शादाब पर गिरी गाज! पाकिस्तानी पूर्व खिलाड़ी बोले- अब टीम से करो बाहर

नई दिल्ली
टी20 विश्व कप में भारत के हाथों एकतरफा मुकाबले में मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान के कई पूर्व दिग्गज जैसे सदमे में हैं। शोएब अख्तर जैसे कुछ पूर्व खिलाड़ी जहां पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी की लानत-मलानत कर रहे, वहीं मोहम्मद यूसुफ तो हार से इतने भड़के हैं कि कुछ सीनियर खिलाड़ियों की टी20 इंटरनेशनल से छुट्टी की ही मांग कर दी है। यूसुफ इस कदर गुस्से में हैं कि ये तक कह गए कि पाकिस्तान की टीम कमजोर टीमों के खिलाफ खोखली जीत हासिल कर रही है।

सिर्फ नाम के किंग और प्रीमियम फास्ट बोलर!
टी20 विश्व कप में भारत से हार के बाद मोहम्मद यूसुफ ने 'किंग बाबर आजम' और 'प्रीमियम फास्ट बोलर' शाहीन शाह अफरीदी पर भड़ास निकाली है। उन्होंने शादाब खान को भी नहीं बख्शा और तीनों की पाकिस्तान के टी20 स्क्वाड से छुट्टी की मांग की। भारत से हार के बाद यूसुफ ने एक्स पर पोस्ट किया, 'शाहीन, बाबर और शादाब का समय पूरा हुआ। पाकिस्तान के टी20 स्क्वाड को नए परफॉर्मर्स की जरूरत है न कि कमजोर टीमों के खिलाफ खोखली जीत की।'

‘प्रीमियम फास्ट बोलर’ ने 4 ओवर का कोटा तक पूरा नहीं किया!
टी20 विश्व कप में रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में चिर-प्रतिद्वंद्वियों भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप ए का महामुकाबला हुआ। इस एकतरफा मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली। सलमान आगा की अगुआई वाली टीम को बाबर आजम और शाहीन शाह अफरीदी से इस मैच में काफी उम्मीदें थीं लेकिन दोनों सुपर फ्लॉप रहे।

आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच स्पिनरों के लिए मददगार मानी जाती है। यही वजह है कि टॉस जीतकर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने पहले गेंदबाजी चुनी और भारत के खिलाफ स्पिनरों की फौज उतार दी। आगा ने ही पहला ओवर डाला और विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को शून्य पर आउट भी कर दिया। हालांकि जबरदस्त फॉर्म में चल रहे ईशान किशन ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उनकी 77 रनों की जबरदस्त पारी की बदौलत भारत ने 175 रनों का फाइटिंग टोटल खड़ा किया। पाकिस्तान ने इस मैच में सिर्फ एक तेज गेंदबाजी से गेंदबाजी कराई और उससे भी 4 ओवर का कोटा पूरा नहीं कराया। वह इकलौते तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ही थे। वह बिल्कुल भी असर नहीं छोड़ पाए और 2 ओवर में 31 रन लुटाए।

बाबर आजम का एक और फ्लॉप शो
बाबर आजम की बाद करें तो वह भी बल्लेबाजी में बुरी तरह फेल रहे। पाकिस्तानी अक्सर उनकी किंग कोहली यानी विराट कोहली से तुलना करते रहे हैं लेकिन बाबर बिल्कुल भी छाप नहीं छोड़ पाए। किंग कोहली तो मुश्किल हालात में लक्ष्य का पीछा करते हुए कई बार भारत को असंभव सी दिखने वाली जीत दिलाई है। वह चेज मास्टर कहे जाते हैं। पाकिस्तान के खिलाफ भी टी20 में वह ऐसा कर चुके हैं। बाबर आजम के पास रविवार को कोहली जैसा करिश्मा करने का मौका था लेकिन वह फ्लॉप रहे। बाबर आजम की पारी सिर्फ 7 गेंदों तक चली। वह 5 रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर चलते बने।

शादाब गेंद और बल्ले दोनों से नाकाम
शादाब खान गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में सुपर फ्लॉप रहे। उन्होंने 1 ओवर फेंका और उसमें बिना कोई विकेट लिए 17 रन लुटाए। वहीं बल्लेबाजी में वह 15 गेंदों में सिर्फ 14 रन बना पाए। पार्ट टाइम गेंदबाज तिलक वर्मा ने उन्हें चलता किया।

पाकिस्तान पर सुपर-8 की रेस से बाहर होने का खतरा
भारत से करारी हार के बाद पाकिस्तान ग्रुप ए के पॉइंट टेबल में पहले नंबर से सीधे तीसरे नंबर पर खिसक गया है। अब तो उसके पास सुपर-8 की रेस से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। अगर पाकिस्तान अपने आखिरी लीग मैच में नामीबिया से हार गया तो इस टी20 वर्ल्ड कप में उसका सफर वहीं पर खत्म हो जाएगा।

More From Author

टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान पर शानदार जीत के बाद मुंबई लौटे विराट-अनुष्का

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने करनपठार थाने में सौंपा ज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13814/1

RO No. 13843/161

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.