शर्ट उतारकर विरोध करने पर कार्रवाई: चार यूथ कांग्रेसी कार्यकर्ता पुलिस कस्टडी में, अदालत ने दिखाई सख्ती

नई दिल्ली
एआई सम्मेलन में शर्टलेस प्रदर्शन करने वाले युवा कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं पर कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। पटियाला कोर्ट ने इन चारों को पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा है। चारों आरोपियों की बेल एप्लीकेशन खारिज कर दी गई है। गिरफ्तार किए गए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि के समक्ष पेश किया गया। उन्होंने बहस पूरी होने के बाद फैसला सुरक्षित रखा था। गिरफ्तार किए गए प्रदर्शनकारियों में बिहार से युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरि, बिहार से युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश से युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार और तेलंगाना से नरसिम्हा यादव शामिल हैं।

दिल्ली पुलिस की क्या दलील
दिल्ली पुलिस ने यह दलील देते हुए गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों की पांच दिन की हिरासत का अनुरोध किया कि उन्होंने राष्ट्रविरोधी नारे लगाए और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आपत्तिजनक तस्वीरों वाली टी-शर्ट पहनी हुई थी। वहीं, आरोपियों के वकील ने तर्क दिया कि वे एक राजनीतिक दल से जुड़े हैं और उन्होंने भारत मंडपम में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने के अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग किया। वकील ने कहा कि ऐसी कोई फुटेज नहीं है जो यह साबित करती हो कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों पर हमला किया था, न ही इस बात का कोई सबूत है कि कोई राष्ट्रविरोधी बात कही गई थी।

भाजपा ने क्या कहा
इससे पहले भाजपा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर एक बार फिर हमला बोलते हुए विपक्षी पार्टी की युवा इकाई द्वारा यहां ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में किए गए विरोध प्रदर्शन को ‘देशद्रोह’ बताया। साथ ही आरोप लगाया कि ‘लश्कर-ए-राहुल के सिपाहियों’ ने देश की छवि खराब करने की कोशिश की। भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने शुक्रवार को एआई सम्मेलन के आयोजन स्थल भारत मंडपम के एक प्रदर्शनी हॉल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों द्वारा उन्हें वहां से हटा दिया गया।

विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहाकि कांग्रेस ने जो किया है वह सिर्फ राजनीति नहीं है। इसे महज नकारात्मक राजनीति कहकर खारिज नहीं किया जा सकता, यह देशद्रोह के बराबर है। त्रिवेदी ने यहां पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि अब तक राहुल गांधी विदेश जाकर भारत के बारे में अपमानजनक, आपत्तिजनक और निंदनीय बयान देते थे। अब लश्कर-ए-राहुल के झंडाबरदार और सिपाही विदेशी मेहमानों के सामने भारत की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई सम्मेलन स्थल पर हुआ विरोध प्रदर्शन कांग्रेस के ओछेपन का शर्मनाक प्रदर्शन था।

 

More From Author

खुफिया चेतावनी के बाद राजधानी में सुरक्षा कड़ी, हर गतिविधि पर नजर

वोटर लिस्ट से 31 लाख नाम बाहर, राजस्थान में फाइनल सूची जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.