कुलदीप यादव की वेडिंग सेलिब्रेशन मसूरी में, विराट कोहली-जय शाह सहित कई खास मेहमान पहुंचेंगे

मसूरी
उत्तराखंड की खूबसूरत पहाड़ियों में बसा मसूरी एक हाई-प्रोफाइल शादी के कारण चर्चा में है। भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिन जादूगर कुलदीप यादव अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ मसूरी में 14 मार्च को शादी करने जा रहे हैं। मेहंदी और शादी की सभी रस्में मसूरी के ऐतिहासिक सेवॉय होटल में होंगे। इस शादी को लेकर होटल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। शादी में विराट कोहली, आईसीसी अध्यक्ष जय शाह समेत कई राजनीतिक, फिल्मी और खेल जगह की हस्तियां पहुंच सकती हैं।

सेवॉय होटल में कर्मचारियों से होटल की तैयारियों को लेकर बातचीत की। कर्मचारियों ने हालांकि कार्यक्रम गोपनीय रखने का हवाला देते हुए ज्यादा जानकारी नहीं दी, लेकिन बताया कि वे इस हाई प्रोफाइल शादी को लेकर काफी उत्साहित हैं। मसूरी में स्थानीय लोग भी अपने चहेते क्रिकेटरों को देखने के लिए उत्सुक हैं। सूत्रों का कहना है कि समारोह में भारतीय क्रिकेट जगत, राजनीति और फिल्म इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियां शामिल हो सकती हैं।

मेहमानों की लंबी फेहरिस्त
मेहमानों की सूची में भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और टीम इंडिया के कई क्रिकेटर्स आ सकते हैं। होटल के एक स्टाफ ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि शादी में शरीक होने के लिए आईसीसी अध्यक्ष जय शाह भी पहुंच सकते हैं। इतना ही नहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कई राजनीतिक हस्तियां मेहमान के तौर पर नव दंपत्ति को आशीर्वाद देने पहुंच सकते हैं।

तय कार्यक्रम के अनुसार, 13 को मेहंदी और 14 को शादी के सभी कार्यक्रम सेवॉय होटल में ही होंगे। शादी समारोह के लिए मसूरी में खास इंतजाम किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक कई वीआईपी मेहमानों को कैंम्प्टी फॉल रोड स्थित जेडी ब्लू मेरिट होटल में ठहराने की व्यवस्था की गई है। यहां सुरक्षा, खानपान और आवागमन को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि मेहमानों को किसी तरह की असुविधा न हो।

ब्रिटिश वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध सेवॉय होटल
वहीं, शादी समारोह के मुख्य कार्यक्रम ऐतिहासिक सेवॉय होटल में आयोजित होंगे। ब्रिटिशकालीन वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध यह होटल पहले भी कई राजघरानों, राजनेताओं और अंतरराष्ट्रीय मेहमानों की मेजबानी कर चुका है। अब कुलदीप यादव की शादी के कारण एक बार फिर यह होटल सुर्खियों में है।

मसूरी में उत्साह
शादी को लेकर मसूरी के पर्यटन कारोबार में भी हलचल बढ़ गई है। होटल, टैक्सी और स्थानीय कारोबारियों को उम्मीद है कि इस हाई-प्रोफाइल समारोह से पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रशासन की ओर से ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है, क्योंकि समारोह में बड़ी संख्या में वीआईपी मेहमानों के आने की संभावना है।

More From Author

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर मंडल की समीक्षा बैठक कर दिए आवश्यक निर्देश

निर्माणाधीन कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरे हों: मंत्री तुलसी सिलावट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13783/138

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.