पश्चिमी विक्षोभ का डबल अटैक, दिल्ली से लेकर राजस्थान और यूपी तक बदलेगा मौसम, ओलावृष्टि की चेतावनी

 दिल्ली
देश के 15 से अधिक राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है. अप्रैल महीने की शुरुआत होने जा रही है और आमतौर पर इस समय कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ने लगती है. लेकिन इस बार झुलसाने वाली गर्मी की बजाय आसमान से झमाझम बारिश हो रही है. करीब पूरे मार्च महीने में देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और बादलों का असर देखने को मिला. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुमान के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का यही बदला हुआ रुख बना रह सकता है. उत्तर, पूर्वोत्तर, पश्चिमी, मध्य और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है.

पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदल रहा मौसम
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक दो दो पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने और कई चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के कारण देश भर में मौसम का मिजाज बदल गया है. इसके कारण कई इलाकों में बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि जारी है. आईएमडी के मुताबिक उत्तर भारत के मौसम पर इस समय कई सिस्टम एक साथ असर डाल रहे हैं. उत्तरी ईरान और कैस्पियन सागर के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी है और इसका असर उत्तर-पश्चिम भारत तक पहुंच रहा है. इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ बने हुए हैं, जिनसे मौसम में अस्थिरता बढ़ गई है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल तक भी निचले स्तरों पर ट्रफ सक्रिय हैं. पूर्वोत्तर भारत में बिहार से मणिपुर तक, मेघालय और असम के रास्ते पूर्व-पश्चिम गर्त (ट्रफ) बना हुआ है.

जम्मू कश्मीर में बारिश और 50 किमी की रफ्तार से तेज हवा
मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख समेत कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक, बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. उत्तराखंड में 3 से 5 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

हिमाचल प्रदेश में 5 अप्रैल तक बारिश का अनुमान
शिमला मौसम कार्यालय ने अनुमान जाहिर किया है कि राज्य में पांच अप्रैल तक बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने बताया कि दो अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित कर सकता है. इसके कारण हिमाचल प्रदेश में भी मौसम बदलेगा. मौसम विभाग ने इस दौरान बारिश के साथ-साथ 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, बिजली कड़कने और गरज के साथ छींटे पड़ने की चेतावनी दी है. आईएमडी ने येलो अलर्ट जारी किया है.

दिल्ली समेत पंजाब हरियाणा में बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में 3 से 5 अप्रैल के दौरान बारिश और तेज हवा का नया दौर दिख सकता है. 31 मार्च को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की से लेकर मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान कही-कही गरज-चमक के साथ छीटें भी पड़ने की संभावना है. कुछ इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है.

उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश के आगरा और अलीगढ़ जिलों में सोमवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग का अनुमान है कि आज (31 मार्च) को भी कई इलाकों में बारिश हो सकती है. विभाग ने बारिश को लेकर 24 घंटे का अलर्ट भी जारी किया था. हालांकि यूपी में कई जगहों पर मौसम शुष्क बना रहा. बीते 24 घंटों के दौरान बांदा प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं प्रयागराज में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा.

राजस्थान के कई इलाकों में आंधी-बारिश की चेतावनी
नये पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के कई इलाकों में मौसम का मूड बिगड़ा हुआ है. सोमवार को राजधानी जयपुर सहित कई इलाकों में सोमवार दोपहर बाद तेज हवाएं चलीं और कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई. मौसम विज्ञान केंद्र-जयपुर के अनुसार राज्य में फिलहाल हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. आईएमडी ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र सक्रिय है, जिसके असर से जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. एक और दो अप्रैल को कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी के आसार हैं जबकि अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इसके अलावा तीन से पांच अप्रैल के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है.

झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ तूफानी हवा का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक आज (31 मार्च) को झारखंड के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. राज्य के पांच जिले बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका और पाकुड़ में ओलावृष्टि के लिए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. जबकि बाकी के 19 जिलों में गरज के साथ बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. आईएमडी के अनुसार 2 और 3 अप्रैल को झारखंड के दक्षिणी और मध्य जिलों में हल्की बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और बिजली कड़कने का अनुमान है. रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया- आसमान में तीन अप्रैल तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे.

बिहार में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में गरज-चमक के साथ बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है. कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा, दक्षिण-पूर्व बिहार के भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगड़िया और जमुई, दक्षिण-पश्चिम बिहार के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ (कैमूर), औरंगाबाद और अरवल जिलों में मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है. 4 अप्रैल से राज्य के कई हिस्सों में फिर से आंधी और बारिश के आसार बन रहे हैं, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है.

More From Author

घबराहट में न करें पेट्रोल-डीजल का स्टॉक, बिलासपुर प्रशासन अलर्ट, सप्लाई पूरी तरह सुचारू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13379/55

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.