गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह में बोले पेट्रोलियम मंत्री

सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी ने बनाई नई मजबूत पहचान: हरदीप सिंह पुरी

गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह में बोले पेट्रोलियम मंत्री

अब विकास, कानून-व्यवस्था और सुशासन के लिए जाना जाता है उत्तर प्रदेश

गोरखपुर
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में आए शानदार बदलाव का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देते हुए कहा कि बीते नौ वर्षों में उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने पूरे देश में एक नई मजबूत पहचान बनाई है। पेट्रोलियम मंत्री शनिवार को गोरखपुर में सीएम योगी की उपस्थिति में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के भूमिपूजन एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन और नेतृत्व की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री के रूप में पिछले कुछ सालों में मैंने उत्तर प्रदेश में जो परिवर्तन देखा है, वह अद्भुत है। मैं दावे से कह सकता हूं कि ऐसा शानदार उदाहरण देश में कहीं और नहीं दिखा है। योगी जी के नेतृत्व में 2017 के बाद उत्तर प्रदेश ने नई पहचान बनाकर अन्य राज्यों के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया है। एक समय उत्तर प्रदेश की चर्चा जनसंख्या को लेकर होती थी, लेकिन अब यह विकास, कानून-व्यवस्था और सुशासन के लिए जाना जाता है। कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार से निवेशकों में नया विश्वास पैदा हुआ। विकास और रोजगार की गति तेज हुई है। उत्तर प्रदेश निवेशकों का पसंदीदा गंतव्य बन गया है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सीएम योगी की छवि दृढ़ प्रशासक की है। साथ ही उनमें हर विषय को गहराई में देखने का सामर्थ्य है। किसी विषय को बारीकी से समझकर ही वह निर्णय लेते हैं और क्रियान्वित करते हैं। एथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर शनिवार सुबह सीएम योगी के साथ हुई चर्चा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि योगी जी ने राष्ट्रहित में एथेनॉल ब्लेंडिंग के प्रस्ताव को यूपी में लागू करने की बात कही है। केंद्रीय शहरी आवासन मंत्री के रूप में पीएम आवास योजना से जुड़ा अनुभव साझा करते हुए पुरी ने बताया कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश से सिर्फ 17 हजार आवासों की डिमांड आई थी, योगी जी के मुख्यमंत्री बनने के बाद यह 17 लाख पार कर गई। केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में रोड, एयर, मेट्रो कनेक्टिविटी, डिफेंस कॉरिडोर, हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर, एजुकेशन के क्षेत्र में हुई प्रगति को उल्लेखनीय बताया। साथ ही कहा कि यूपी में हरित ऊर्जा और कम्प्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) के क्षेत्र में बहुत संभावनाएं हैं। यह किसानों की आय बढ़ाने में भी मददगार है। यूपी में लग रहे सीबीजी प्लांट ‘वेस्ट टू वेल्थ’ विजन को साकार कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम बताते हुए कहा कि आज केवल स्टेडियम परियोजना का शिलान्यास ही नहीं हो रहा, बल्कि युवाओं के सपनों और संभावनाओं को नई दिशा देने का संकल्प सिद्धि की ओर बढ़ रहा है। स्टेडियम निर्माण में पेट्रोलियम मंत्रालय के इंडियन ऑयल ने 60 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। अन्य पेट्रोलियम कम्पनियों ने भी अपने हिस्से की जिम्मेदारी उठाई है। यह स्टेडियम आने वाले समय के युवाओ के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा। यहां नई खेल प्रतिभाएं जन्म लेंगी और भारत का भविष्य निखरेगा।

अब पूर्वांचल में तैयार होंगे रोहित व विराट जैसे खिलाड़ी: कमलेश पासवान
इस अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के जरिये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे पूर्वांचल के लिए बड़ी सौगात दी है। इससे आने वाले समय में पूर्वांचल में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे बड़े खिलाड़ी तैयार होंगे। वर्ष 2029 में यहां आईपीएल के मैच हो सकेंगे। सीएम योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश और गोरखपुर का अभूतपूर्व विकास हुआ है। अब यहां स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर भी विश्वस्तरीय बन रहा है। 

सीएम योगी के नेतृत्व में तेजी से खेल क्षेत्र का विकास: गिरीश चंद्र यादव
शिलान्यास कार्यक्रम में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सीएम योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश खेल क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही सरकार ने ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम बनाने की पहल की है। सबसे बड़ी आबादी का राज्य होने के बाद भी यूपी में खेल विश्वविद्यालय नहीं था। मुख्यमंत्री के विजन से मेरठ में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर खेल विश्वविद्यालय बनाया गया है। सरकार ने हर मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने का काम आगे बढ़ाया है। सीएम योगी ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेता खिलाड़ियों को रोजगार की गारंटी दे रखी है।

जो कहते हैं, वो पूरा करते हैं सीएम योगी: रविकिशन
इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि गोरखपुर में भी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनेगा, यह किसी ने सोचा भी नहीं था। सीएम योगी ने युवा खेल प्रतिभाओं को पंख देने के लिए इस स्टेडियम की सौगात दी है। यहां विश्व के सारे खिलाड़ी खेलने आएंगे। इस स्टेडियम के बन जाने से रोजगार के नए द्वार भी खुलेंगे। डबल इंजन की सरकार में कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। मुख्यमंत्री जो कहते हैं, उसे पूरा भी करते हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह ने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के रूप में मुख्यमंत्री जी ने पूर्वांचल के युवाओं को बहुत बड़ा उपहार दिया है।

More From Author

चाणक्य नीत,धन को जमा करना क्यों मानी गई बड़ी भूल

नीदरलैंड्स में Narendra Modi का बड़ा बयान, बोले- हालात नहीं सुधरे तो दशकों तक भुगतना पड़ेगा असर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13783/138

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.