भारतीय संतों की भविष्यवाणियां: ज्ञानेश्वर से मावजी महाराज तक कलियुग के संकेत

भारत की धरती पर हर युग में ऐसे संत, ऋषि और ज्ञानी पुरुष आए हैं, जिन्होंने भविष्य के बारे में गहरी बातें कहीं. इन संतों ने अपनी वाणी और ग्रंथों के जरिए समाज को आने वाले समय के लिए चेताया भी और मार्गदर्शन भी दिया. अक्सर इनकी बातें क्षेत्रीय भाषाओं में लिखी गईं, इसलिए इन्हें उतनी प्रसिद्धि नहीं मिली, जितनी विदेशी भविष्यवक्ताओं जैसे बाबा वेंगा और नास्त्रेदमस को मिली. जबकि अगर तुलना करके देखा जाए तो भारतीय संतों की भविष्यवाणियां ज्यादा स्पष्ट और सीधी होती हैं. तो आइए जानते हैं ऐसे ही 7 महान संतों के बारे में और उनकी प्रमुख भविष्यवाणियां.

1. संत ज्ञानेश्वर महाराज
13वीं शताब्दी के संत ज्ञानेश्वर ने अपनी रचना ज्ञानेश्वरी में समाज और धर्म के भविष्य की झलक दी थी. उनकी प्रार्थना पसायदान में एक आदर्श समाज की कल्पना मिलती है, जहां लोगों के अंदर जागरूकता और अच्छाई बढ़ेगी.

उन्होंने एक ऐसे समय की कल्पना की थी जब दुनिया में फैला अधर्म धीरे-धीरे खत्म हो जाएगा और धर्म की रोशनी फिर से चमकने लगेगी. उनके अनुसार, चाहे कलियुग कितना भी कठिन क्यों न हो, इंसान के भीतर जागरूकता और सच्चाई की भावना एक दिन जरूर जागेगी. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अंधकार के बाद उजाला जरूर आता है और मनुष्य के अंदर की चेतना ही उसे सही रास्ता दिखाएगी.

2. संत अच्युतानंद दास (ओडिशा)
ओडिशा के पंचसखा संतों में शामिल अच्युतानंद दास ने भविष्य मालिका नामक ग्रंथ में हजारों भविष्यवाणियां लिखीं. उन्होंने बड़े युद्ध, प्राकृतिक बदलाव और धार्मिक घटनाओं का जिक्र किया. ऐसा भी कहा गया कि एक समय ऐसा आएगा जब जगन्नाथ मंदिर से जुड़ी बड़ी घटनाएं होंगी और दुनिया में बदलाव तेज हो जाएंगे.

3. संत सूरदास
भगवान कृष्ण के भक्त सूरदास ने अपनी रचनाओं सूरसागर और सूरसारावली में कलियुग के कठिन समय का वर्णन किया. उन्होंने भविष्य में आने वाले संकटों जैसे अकाल, महामारी और नैतिक पतन की बात कही. साथ ही यह भी संकेत दिया कि कठिन समय के बाद एक संत का जन्म होगा, जो समाज में शांति और धर्म स्थापित करेगा.

4. वीरब्रह्मेंद्र स्वामी (आंध्र प्रदेश)
इनकी भविष्यवाणियां कालज्ञानम नामक ग्रंथ में मिलती हैं. उन्होंने बहुत पहले ही आधुनिक चीजों का संकेत दिया था जैसे बिना बैल के चलने वाले वाहन (कार), लोहे के घोड़े (ट्रेन), इंसान का आकाश में उड़ना (हवाई जहाज). और उन्होंने बड़े युद्धों और महामारियों के बारे में भी चेतावनी दी थी. जिनका जिक्र आज भी दक्षिण भारत में आज भी किया जाता है.

5. गुरु गोविंद सिंह जी
सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी से जुड़ी सौ साखी में भविष्य के संकेत मिलते हैं. इसमें कलियुग के अंत, बड़े संघर्षों और खालसा शक्ति के पुनः उभरने की बात कही गई है. कुछ मान्यताओं के अनुसार इसमें आने वाले युद्धों के संकेत भी दिए गए हैं.

6. संत देवत अयात (गुजरात-राजस्थान क्षेत्र)
इन्हें त्रिकालज्ञ माना जाता है. इनकी वाणी में भविष्य के समाज का सटीक चित्रण मिलता है. उन्होंने कहा था कि एक समय ऐसा आएगा जब धर्म केवल दिखावा बन जाएगा और सच्चे साधु कम हो जाएंगे. साथ ही उन्होंने आधुनिक तकनीक की ओर इशारा करते हुए कहा- हवा में बातें होंगी यानी संचार के नए साधन विकसित होंगे.

7. संत मावजी महाराज (गुजरात)
मावजी महाराज ने अपने ग्रंथों में भविष्य की कई घटनाओं का उल्लेख किया. कहा जाता है कि उन्होंने लाखों भविष्यवाणियां लिखीं, जिन्हें चौपड़ा कहा जाता है. इन ग्रंथों में आधुनिक युग की तकनीक, बड़े युद्ध और सामाजिक बदलावों का जिक्र मिलता है. आज भी ये ग्रंथ विशेष अवसरों पर ही दर्शन के लिए निकाले जाते हैं.

भविष्य पुराण में कलयुग की भविष्यवाणियां-
स्वामी शिवानंद के अनुसार, आज दुनिया में जो भी घटनाएं हो रही हैं, वे अचानक नहीं हैं, बल्कि शास्त्रों में उनका पहले से ही उल्लेख मिलता है. भविष्य पुराण में वेद व्यास जी ने आने वाले समय के बारे में विस्तार से संकेत दिए हैं.

बताया जाता है कि कलियुग के हजारों वर्ष बीतने के बाद भारत में अलग-अलग प्रकार के शासन देखने को मिलेंगे. एक समय ऐसा भी आएगा जब बौद्ध प्रभाव बढ़ेगा. इसके बाद आदि शंकराचार्य के प्रकट होने से वैदिक परंपराओं का फिर से विस्तार होगा और धर्म के आधार पर शासन चलाया जाएगा. इसके बाद कई शताब्दियों तक अलग-अलग शक्तियों का प्रभाव रहेगा, जिनमें विदेशी शासन भी शामिल होगा. फिर धीरे-धीरे लोकतांत्रिक व्यवस्था का दौर शुरू होगा, जहां जनता के मत से सरकारें बनेंगी.

आगे चलकर ऐसा समय भी आएगा जब किसी एक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलेगा. इस दौरान महंगाई, भ्रष्टाचार और सामाजिक समस्याएं बढ़ सकती हैं. समाज में बड़े-बुजुर्गों, संतों और विद्वानों का सम्मान कम होने लगेगा. इन परिस्थितियों के बाद बड़े बदलाव का समय आएगा, जिसमें संघर्ष और अशांति भी संभव है. लेकिन अंततः भारत फिर से मजबूत होकर उभरेगा और दुनिया में अपना महत्वपूर्ण स्थान हासिल करेगा. भविष्य में एक बार फिर परंपराओं और मूल्यों के आधार पर व्यवस्था स्थापित होने की बात कही गई है.

More From Author

15 जून 2026 को सूर्य का मिथुन राशि में गोचर, 4 राशियों के लिए बनेंगे शुभ योग

उदयपुर के ग्रामीण सेवा शिविरों में ऑन-द-स्पॉट समाधान, किसानों और जरूरतमंदों को मिला लाभ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13814/1

RO No. 13843/161

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.