मुख्यमंत्री ने 295 करोड़ से अधिक लागत वाली 319 परियोजनाओं का किया लोकार्पण/शिलान्यास

गोरखपुर

मुख्यमंत्री ने गांधी इंटर कॉलेज, महुआपार बड़हलगंज में शनिवार को 295 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 319 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह धरा मां सरयू के आंचल में है। यहां के नौजवानों ने हर जगह अपनी प्रतिभा व परिश्रम का लोहा मनवाया है। एक समय बाढ़ की त्रासदी और कनेक्टिविटी के अभाव में क्षेत्र के लोग पलायन करते थे। आजीविका के लिए विदेश जाना पड़ता था, लेकिन अब यहां के नौजवान को बाहर नहीं जाना होगा। उसे यहीं रोजगार के ढेर सारे अवसर मिलेंगे। अब आपके द्वारा चुने गए विधायक-सांसद डबल इंजन सरकार की ताकत का इस्तेमाल करते हुए विदेश के लोगों को चिल्लूपार में काम करने का अवसर देने जा रहे हैं। विदेशी लोग यहां आकर चाकरी करेंगे। सीएम ने विश्वास जताया कि विकास व विरासत की यात्रा के साथ चिल्लूपारवासी बिना रुके-बिना झुके निरंतर आगे बढ़ेंगे। 

सीएनजी-एथेनॉल ने बंद नहीं होने दिया काम

सीएम योगी ने कहा कि हम लोगों ने धुरियापार में बंद पड़ी चीनी मिल की खाली जमीन पर सीएनजी का प्लांट लगवाया। अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण दुनिया में संकट है, लेकिन सीएनजी-एथेनॉल के कारण हमारे यहां काम बंद नहीं हुआ। ऊर्जा में आत्मनिर्भर अमेरिका में भी महंगाई चार गुना हो गई है। वहां 100 रुपये की वस्तु 400 रुपये में मिल रही है, लेकिन भारत में महंगाई नियंत्रित है।

धुरियापार में लगने जा रही सीमेंट फैक्ट्री

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत गरीब कल्याण, विकास व सुरक्षा का बेहतरीन माहौल देते हुए माफिया को मिट्टी में भी मिलाता है। एक समय रामजानकी मार्ग पर आवागमन ठप होता था। उपचार के लिए लखनऊ जाने को मजबूर होना पड़ता था। कनेक्टिविटी, रोडवेज बस व अन्य साधन तक नहीं थे। जैसे-तैसे व्यवस्था चल पाती थी, लेकिन आज कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। 2017 के पहले कोई सोच भी नहीं सकता था कि धुरियापार में इंडियन ऑयल का सीएनजी प्लांट लगेगा या सहजनवां का गीडा आ पाएगा। अब हम यहां ग्रेटर गीडा बनाने जा रहे हैं। अभी से हजारों करोड़ रुपये के प्रस्ताव आ गए हैं, जिन्हें हमें उद्योग के रूप में स्थापित करना है। इसमें सीमेंट की फैक्ट्री धुरियापार में लगने जा रही है। पावर प्लांट, आधुनिक पेंट व अत्याधुनिक डिस्टलरी भी स्थापित होगी, जहां मॉडर्न मेडिसिन, एलोपैथिक दवा भी बनेगी। यहां भारी पैमाने पर निवेश के प्रस्ताव आ रहे हैं। 

राजेश त्रिपाठी जितने प्रस्ताव देंगे, सरकार स्वीकृत करेगी 

सीएम ने कहा कि विधायक राजेश त्रिपाठी जितने भी प्रस्ताव देंगे, सरकार उन्हें स्वीकृत करेगी। राजेश त्रिपाठी ने यहां होमियोपैथिक कॉलेज स्वीकृत कराया था, उस समय काम बढ़ा, लेकिन सपा सरकार ने आते ही काम रोक दिया। उस समय चुने गए लोगों ने कान में तेल डालकर इसे अनसुना कर दिया था। 2017 में सरकार आने पर राजेश जी इस काम के लिए रोज मिलते थे। आज इस विधानसभा क्षेत्र में आयुष के डॉक्टर बन रहे हैं। चिल्लूपार ट्रेडिशनल मेडिसिन का नया केंद्र बन रहा है।

जितनी फास्ट कनेक्टिविटी-उतनी तेज प्रगति

सीएम योगी ने बताया कि मैंने जलशक्ति मंत्री से कहा है कि बाढ़ बचाव के लिए जो भी प्रस्ताव आएंगे, उन समस्याओं का समाधान होना चाहिए। सीएम ने कनेक्टिविटी पर जोर देते हुए कहा कि यह जितनी फास्ट होगी, प्रगति उतनी तेज गति से बढ़ेगी। प्रगति होगी तो नौजवान को पलायन नहीं करना पड़ेगा। उन्हें अपने क्षेत्र में नौकरी व रोजगार मिलेगा, यही देश में डबल इंजन सरकार के कार्यों की पहचान है। गीडा यहीं आ रहा है, यहां के नागरिकों के लिए रोजगार के ढेर सारे अवसर बढ़ेंगे। नौजवानों को बाहर नहीं जाना होगा।

चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र से अब बेहतर कनेक्टिविटी

सीएम योगी ने कहा कि चिल्लूपार अब विकास की प्रक्रिया से जुड़ा है। एक तरफ लखनऊ को जोड़ने के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का लिंक एक्सप्रेसवे तो दूसरी तरफ गोरखपुर-वाराणसी को जोड़ने वाला फोरलेन का नेशनल हाइवे है। इस विधानसभा क्षेत्र से कनेक्टिविटी बहुत अच्छी है। यहां से तीन घंटे में लखनऊ, दो घंटे में वाराणसी, आधे-पौने घंटे में गोरखपुर पहुंच जाएंगे। 

सांसद कमलेश पासवान व विधायक राजेश त्रिपाठी ने तेज की विकास प्रक्रिया

मुख्यमंत्री ने विपरीत मौसम के बावजूद कार्यक्रम में आए आमजन के हौसले को सलाम किया और कहा कि आपके उत्साह को देखते हुए आंधी-तूफान भी थम गया। कल्याण चाहने वालों को डबल इंजन सरकार के साथ चलना होगा। सांसद कमलेश पासवान व विधायक राजेश त्रिपाठी ने मिलकर विकास की प्रक्रिया को तेज किया। विकास की हर योजना चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में आ रही है। यह क्षेत्र अब विकास से वंचित नहीं रहेगा। विकास की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़े, यही यूपी की पहचान है। 

कमल पर वोट देते हैं तो तर जाती है पीढ़ी दर पीढ़ी

सीएम ने कहा कि आप कमल पर वोट देते हैं तो पीढ़ी दर पीढ़ी तर जाती है। 500 वर्ष पहले जिस अयोध्या धाम में हम सभी अपमानित हुए थे, वहां लगातार आंदोलन चलता रहा। संघर्ष का सिलसिला थमा नहीं, लेकिन जब मोदी जी पीएम बने और यूपी में डबल इंजन सरकार आई तो अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बन गया। यह काम कांग्रेस या सपा नहीं कर पाती। 

जब विधायक ही ठेका-पट्टा करेगा तो क्या होगा 

सीएम ने कहा कि जो लोग आस्था-महापुरुषों को सम्मान, विकास की योजनाएं, नौजवान को रोजगार, उद्योग-धंधे नहीं ला सकते, बेटी-बहन को सुरक्षा, बाढ़ की समस्या का समाधान और सड़कों का निर्माण नहीं कर सकते, ऐसे लोगों को नहीं चुनना चाहिए। जब गलत व्यक्ति को चुनते हैं तो अपने ऊपर बोझ व कलंक का ठप्पा लगाते हैं। उत्तर प्रदेश के साथ यही होता था, गलत लोग चुनकर जाते थे तो जनता का पैसा कुछ लोगों के ही विकास में लगता था। नौकरी में सेंध लगती थी। नौजवानों को नौकरी नहीं मिलती थी। पैसे का लेनदेन शुरू हो जाता था। ठेके पट्टे के लिए मारपीट होने लगती थी। जब विधायक स्वयं ठेका करेगा तो क्या होगा, यह बताने की आवश्यकता नहीं।

गोरखपुर के 800 से अधिक नौजवान पुलिस में भर्ती

सीएम ने कहा कि पुलिस भर्ती में चिल्लूपार और गोरखपुर के भी लगभग 800 से अधिक नौजवान शामिल थे। आज सरकारी सेवाओं में गोला, बड़हलगंज, गगहा, बांसगांव, खजनी, सिकरीगंज, चौरीचौरा, पिपरौली, सहजनवा, पाली से भी नौजवानों का चयन होता है। जब मैं सांसद था तो उन नौजवानों की उम 12 से 15 साल के आसपास रही होगी। सांसद के रूप में गांव-गांव जाकर परिवार के सदस्यों से संपर्क करता था। 9 वर्ष से पूरे प्रदेश की सेवा में लगने के कारण उतना समय नहीं दे पाता। नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान युवाओं से गांव, परिवार और मां-पिता का नाम पूछता हूं तो उनकी पीठ थपथपाकर चयन की बधाई भी देता हूं। 2017 के पहले यह संभव नहीं था, क्योंकि चाचा-भतीजे की जोड़ी आपके हक पर डकैती डालती थी, वसूली होती थी और होनहारों का चयन नहीं होता था।

चिल्लूपार, मऊ, आजमगढ़ के नाम पर नहीं मिलती थी नौकरी

सीएम ने कटाक्ष किया कि 2017 के पहले युवा नौकरी व रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाता था तो पहचान का संकट होता था। लोग चिल्लूपार, आजमगढ़, मऊ के नाम पर नौकरी नहीं देते थे। किसी उद्योग में काम करने गए तो योग्यता होने पर भी यूपी का नाम सुनकर लोग कहते थे कि वहां का साया न पड़ने पाए। उस समय यहां दंगा, कर्फ्यू, अव्यवस्था, माफियागिरी, अराजकता थी। लेकिन, आज लोग बाहर जाकर बताएंगे कि गोरखपुर-चिल्लूपार से आए हैं तो सामने वाला 10 कदम आगे आकर गले मिलेगा। यह विकास की यात्रा की नई पहचान है। 

विकास, सुरक्षा और आस्था का करेंगे सम्मान 

सीएम ने कहा कि हम विकास, सुरक्षा, आस्था का सम्मान करेंगे और समृद्धि की नई ऊंचाई की ओर लेकर जाएंगे। हम यहां ऐसे संस्थान खोलेंगे, जहां उद्योग के लिए युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा और उद्योग में नौकरी भी मिलेगी। हम यहीं प्रशिक्षित युवाओं व बेटियों को नौकरी उपलब्ध कराएंगे। बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। विकास और अर्थव्यवस्था को गति तभी मिलेगी, जब अच्छी सरकारें होंगी और सुरक्षा-सुशासन का माहौल होगा। 

अच्छे लोग चुने गए तो अच्छी सरकारें आईं 

सीएम ने कहा कि जब अच्छे लोग चुनकर गए, तभी अच्छी सरकारें आईं और अयोध्या में राम मंदिर बना। रामजानकी मार्ग का निर्माण हो रहा है। काशी विश्वनाथ धाम, गोरखपुर में फर्टिलाइजर व एम्स का निर्माण पूरा हो गया है। चिल्लूपार, बड़हलगंज में मेडिकल कॉलेज, धुरियापार में ग्रेटर गीडा का निर्माण कर विकास की गति बढ़ाई गई। अच्छे जनप्रतिनिधि सुविधाएं विकसित करने का आधार बनते हैं। नेतृत्व के साथ मिलकर स्पीड को बढ़ाएंगे तो विकास को कोई ताकत रोक नहीं पाएगी।

कार्यक्रम में चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री व बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान, उप्र के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्य़क्ष साधना सिंह, विधायक श्रीराम चौहान, प्रदीप शुक्ल, महेंद्र पाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, फतेह बहादुर सिंह, सरवन निषाद, भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्य़क्ष अस्मिता चंद आदि उपस्थित रहे।

More From Author

16 जून 2026 से ही प्रारंभ होगा शैक्षणिक सत्र 2026-27

निपुण भारत मिशन को नई धार देगी योगी सरकार, जुलाई में प्रदेशभर में होंगी ‘निपुण संकल्प कार्यशालाएं’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13814/1

RO No. 13843/161

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.