सीएम योगी बोले, घर के विवाद घर में सुलझाएं, बाहरियों से बचें

लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को एक बार फिर अपने आवास पर ‘जनता दर्शन’ का आयोजन किया। सभी लोगों से एक-एक कर मुलाकात की। उनका हालचाल जाना, समस्याएं जानीं। लोगों से उनके प्रार्थना पत्र लिए और उचित निराकरण का आश्वासन भी दिया। इस दौरान पारिवारिक विवाद के मामले लेकर आए लोगों को घर का मामला घर के अंदर ही निबटाने की सलाह दी। कहा कि घर के मामलों में बाहरियों का दखल ठीक नहीं है।इस दौरान राजस्व, पुलिस से जुड़े मामलों में हीलाहवाली की शिकायत पर सख्ती भी दिखाई। अभिभावकों के साथ आए नन्हे-मुन्नों को चॉकलेट दी और बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने को कहा।

घर का विवाद घर में सुलझाएं
‘जनता दर्शन’ में पारिवारिक विवाद से जुड़े कई मामले आए। इस पर मुख्यमंत्री ने लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। फिर शिकायती पत्र लेकर आए लोगों की काउंसिलिंग की और इसके दुष्परिणाम को लेकर चेताया। कहा कि ऐसे मामले बच्चों पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं, इसलिए घर के बड़े-बुजुर्गों के सामने बैठकर इसे सुलझाएं। निजी मामलों में बाहरियों को न शामिल करें। घर के मामलों को घर के अंदर ही सुलझाएं।

आप पदक जीतिए, हम नौकरी में प्राथमिकता देंगे
‘जनता दर्शन’ में मुख्यमंत्री से मिलने कई खिलाड़ी भी पहुंचे। सभी ने अपनी बातें रखीं। सीएम ने भी खेलों के लिए उनकी तैयारी और पदकों के बारे में भी जानकारी ली। सकारात्मक उत्तर न मिलने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी खूब परिश्रम कीजिए। उत्तर प्रदेश सरकार खिलाड़ियों की निरंतर सीधी भर्ती कर रही है। कई खिलाड़ियों को डिप्टी एसपी, तहसीलदार समेत कई पदों पर नियुक्ति दी गई है। आप भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक लाइए, सरकार पुरस्कार राशि के साथ ही नौकरी भी देगी लेकिन इसके लिए खूब पसीना भी बहाना होगा। सीएम ने खिलाड़ियों को खेलकर खिलने का भी आशीर्वाद दिया।

अधिकारियों की हीलाहवाली पर दिखाई सख्ती
मुख्यमंत्री के सामने राजस्व व पुलिस से जुड़े मामले भी आए। इस पर उन्होंने प्रकरण की जानकारी ली। पूछा कि कितने दिन पहले पुलिस या राजस्व कर्मी से शिकायत की थी। समय अधिक होने पर मुख्यमंत्री ने सख्ती दिखाई और कहा कि यह हीलाहवाली नहीं चलेगी। समय सीमा के भीतर निस्तारण न करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी।

बच्चों को दुलारा, मन लगाकर पढ़ने की नसीहत
‘जनता दर्शन’ में कुछ अभिभावकों के साथ बच्चे भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उनसे नाम और क्लास पूछा। उन्हें दुलारा-पुचकारा, फिर चॉकलेट दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों से कुछ सवाल भी किए, फिर मन लगाकर पढ़ाई करने और खूब नाम कमाने का आशीर्वाद भी दिया।

More From Author

हाईकोर्ट का बड़ा आदेश, राजस्थान में चुनावी हलचल तेज

रामनामी परंपरा को मिला राष्ट्रीय सम्मान, छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का बढ़ा गौरव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13910/15

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.