पशुपालकों को बड़ी राहत, यूपी सरकार शुरू करेगी 10 लाख पशुओं की बीमा योजना

लखनऊ
मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजना के तहत प्रदेश में 10 लाख पशुओं का बीमा कराया जाएगा। पिछले दिनाें इस योजना को कैबिनेट ने स्वीकृति दी थी। अब बीमा का लक्ष्य तय कर दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

योजना के तहत पशुपालकों को उनके निजी पशु चिकित्सालयों में बीमा कराने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बीमा के लिए प्रीमियम का 85 प्रतिशत हिस्सा राज्य सरकार वहन करेगी, जबकि पशुपालकों को केवल 15 प्रतिशत राशि देनी होगी।

योजना के तहत सभी 75 जिलों में पशुओं का बीमा कराया जाएगा। पहले चरण में योजना की सामान्य श्रेणी में आठ लाख और एससीएसपी (अनुसूचित जाति) श्रेणी में दो लाख पशुओं को बीमा सुरक्षा देने का लक्ष्य है। योजना का उद्देश्य पशुओं की मृत्यु या स्थायी विकलांगता की स्थिति में पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा देना है। बीमा के लिए पशुपालक अपने निकटतम पशु चिकित्सालय में आवेदन करेंगे।

एक साल का औसत प्रीमियम 2250 रुपये निर्धारित
पशु का स्वास्थ्य परीक्षण, मूल्यांकन और यूनिक ईयर टैग लगाने के बाद बीमा कंपनी मोबाइल एप के जरिए फोटो अपलोड कर पालिसी जारी करेगी। पशु का मूल्य उसकी नस्ल, स्वास्थ्य, दुग्ध उत्पादन और अन्य मानकों के आधार पर तय किया जाएगा। 50 हजार रुपये के अनुमानित मूल्य वाले पशु के लिए एक वर्ष का औसत प्रीमियम 2,250 रुपये निर्धारित किया गया है।

इसमें 1,913 रुपये सरकार और केवल 337 रुपये पशुपालक को देने होंगे। दो वर्ष के बीमा पर लाभार्थी का अंश 600 रुपये और तीन वर्ष के बीमा पर 825 रुपये रहेगा। सरकार ने भूमिहीन, लघु एवं सीमांत किसानों, महिला पशुपालकों, बीपीएल, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लाभार्थियों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है।

पशु की मृत्यु पर दावा राशि सीधे लाभार्थी के खाते में भेजी जाएगी, जबकि स्थायी विकलांगता के मामलों में बीमित राशि का 75 प्रतिशत तक भुगतान किया जाएगा।

More From Author

वेस्ट बैंक में इजरायल सख्त, नेतन्याहू बोले- व्यापक कार्रवाई के लिए तैयार

बाराबंकी का लोधेश्वर महादेव बनेगा हाईटेक तीर्थ, श्रद्धालुओं को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13997/202

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.