मुख्यमंत्री डॉ. यादव बोले- किसानों की हर समस्या का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

किसानों की हर समस्या का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

केले की फसल को हुए नुकसान के लिए बुरहानपुर के किसानों को राहत राशि जारी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों के खातों में अंतरित किए 107 करोड़ 82 लाख रुपए
किसानों की समृद्धि और आय बढ़ाने के लिए जिलों में हो रहे है बलराम कृषि महोत्सव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को दीं पवित्र श्रावण मास की शुभकामनाएं
जिला कलेक्टर्स को कांवड़ियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के दिये निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बुरहानपुर से भेजी जाएगी केले के रेशे से बनी राखी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुरहानपुर के बलराम कृषि महोत्सव को उज्जैन से किया वर्चुअली संबोधित

भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसान कल्याण का जो संकल्प राज्य सरकार ने लिया है, उसकी पूर्ति के लिए हम निरंतर सक्रिय हैं। किसानों की हर समस्या का समाधान करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बुरहानपुर में मई और जून में मौसम की मार ने केले की फसल को बहुत नुकसान पहुंचाया। बुरहानपुर नगर, बुरहानपुर ग्रामीण, नेपानगर और खकनार तहसीलों के 188 गांवों के 8 हजार 115 किसानों की केले की फसल प्रभावित हुई है। संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार कंधे से कंधा मिलाकर किसानों के साथ खड़ी है। आज प्राकृतिक आपदा से प्रभावित जिले के 8 हजार से अधिक किसानों के खातों में 107 करोड़ 72 लाख रुपये से अधिक की राहत राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की जा रही है। यह राशि मुश्किल समय में किसानों को संबल देगी। जब तक किसानों के चेहरों पर दोबारा मुस्कान नहीं आ जाती, राज्य सरकार चैन से बैठने वाली नहीं है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को बुरहानपुर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को उज्जैन से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केले की पैदावर में हुए नुकसान के लिए किसानों के खातों में सिंगल क्लिक से मुआवजा राशि अंतरित की। बुरहानपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद ज्ञानेश्वर पटेल, पूर्व मंत्री एवं विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस उपस्थित थीं। वीसी में बुरहानपुर से शामिल श्रीमती चिटनिस ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव को रक्षाबंधन पर बुरहानपुर से केले के रेशे से बनी राखी भेजी जाएगी।

बलराम कृषि महोत्सव में किसानों को सेवाओं के साथ सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को पवित्र श्रावण मास की बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि श्रावण मास में प्रदेश में जहां-जहां से कांवड़ यात्रा निकलने वाली हैं, वहां कांवड़ियों के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में कृषक कल्याण वर्ष 2026 में राज्य सरकार किसानों की समृद्धि, सम्मान और कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्यों को तेजी से पूरा कर रही हैं। उन्होंने आहवान किया कि किसान नई तकनीक को आत्मसात करें, प्राकृतिक खेती, जैविक खेती और उद्यानिकी फसलों से अपनी आय बढ़ाएं। खेती से सभी प्रकार के उद्योगों के लिए कच्चा माल और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलते हैं। राज्य सरकार ने कृषक कल्याण वर्ष के माध्यम से किसानों को लाभान्वित करने के लिए 16 विभागों के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार की है। किसानों की समृद्धि, उनकी आय दोगुनी करने के लिए जिलास्तर पर बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। इसकी शुरुआत मां अहिल्याबाई होल्कर की धरती इंदौर से की थी।

केले से बने उत्पादों ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर देश-दुनिया में बनाई पहचान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ताप्ती मैया के आशीर्वाद से बुरहानपुर क्षेत्र अपनी उद्यानिकी फसलों के लिए प्रसिद्ध है। यहां के स्वादिष्ट केले, हल्दी और कपास अपने आप में बेहद खास है। यहां सभी धर्मों के बीच मिलकर रहने की संस्कृति, खेती की विविधता में भी दिखाई देती है। यहां कृषि से लेकर कपड़ा, दवा से लेकर फर्नीचर और पाइप उपकरण से लेकर अन्य कई सामग्रियों का निर्माण होता है। कपास और कपड़ा उत्पादन के लिए सहूलियत देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने कपास पर लगने वाले मंडी टैक्स को आधा कर दिया है, इससे प्रदेश भर के कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिला। उल्लेखनीय है कि इसके लिए मांग सबसे पहले बुरहानपुर जिले से ही उठी। बुरहानपुर को केला फसल के प्रसंस्करण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। अब केले के रेशे से कपड़ा और सजावटी सामान भी तैयार किया जा रहा है। इन उत्पादों की ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से बिक्री के जरिए देश-दुनिया में बुरहानपुर को नई पहचान मिल रही है।

बुरहानपुर के किसानों को भी मिलेगा धार के पीएम मित्र पार्क का लाभ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुरहानपुर के किसानों ने खेती में फसलों के विधीकरण पर विशेष ध्यान दिया है। कपास की फसल हैंडलूम के साथ ही पॉवरलूम से जुड़े कामगारों को सशक्त बनाती है। खंडवा और बुरहानपुर की कपास मंडी में टैक्स 1 रुपए से घटाकर आधा करने के निर्देश दिए गए हैं। बुरहानपुर के किसानों को धार के पीएम मित्र पार्क का भी लाभ मिलेगा। बुरहानपुर अब केवल कच्चे माल ही नहीं, बल्कि प्रोसेसिंग, वैल्यू एडिशन, एक्सपोर्ट का भी बड़ा हब बनने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। जिले में सिंचाई के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य हो रहा है। बुरहानपुर में सिंचाई का रकबा बढ़ा है, हर खेत तक पानी पहुंचाना हमारा संकल्प है।

ग्वालियर में टेलीकॉम सेक्टर के मैन्यूफैक्चरिंग जोन के लिए एमओयू

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार महाराष्ट्र के साथ मिलकर ताप्ती मेगा रिचार्ज परियोजना पर काम कर रही है। राज्य सरकार निवेश संवर्धन के लिए भी कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि ग्वालियर को टेलीकॉम सेक्टर के मैन्यूफैक्चरिंग जोन के रूप में स्थापित करने के लिए आज नई दिल्ली में भारत सरकार और मध्यप्रदेश सरकार के बीच एमओयू साइन किया जाएगा। राज्य सरकार युवाओं को रोजगार दिलवाने और किसानों को उपज का सही मूल्य दिलवाने के लिए संकल्पित है। बुरहानपुर में आयोजित कार्यक्रम में महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, जिलाध्यक्ष मनोज माने, जनपद पंचायत अध्यक्ष बुरहानपुर श्रीमती सोनाली प्रदीप पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में किसान भाई-बहन और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

More From Author

Indore News: शहर में बन रहा एक और फ्लाईओवर, रोज़ाना 1.78 लाख वाहन चालकों का सफर होगा आसान

राज्यपाल पटेल का निर्देश: वन अधिकार अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन समन्वय के साथ करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13910/15

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.