छत्तीसगढ़ को रेल विकास की बड़ी उम्मीद, मंत्री ने परियोजनाएं बढ़ाने का दिया भरोसा, CM साय का बड़ा बयान

रायपुर.

छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क के विस्तार को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य की लंबित एवं प्रस्तावित रेल परियोजनाओं को शीघ्र आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

बैठक में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और राजनांदगांव के सांसद संतोष पाण्डेय भी मौजूद रहे। चर्चा के दौरान कटघोरा-डोंगरगढ़, रावघाट-जगदलपुर सहित उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ की कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं पर सहमति बनी और रेल मंत्री ने इन्हें आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक पहल का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रेलवे नेटवर्क का विस्तार छत्तीसगढ़ के संतुलित एवं समावेशी विकास का मजबूत आधार बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के औद्योगिक, खनिज, कृषि, पर्यटन और जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए आधुनिक रेल संपर्क अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में करीब 295 किलोमीटर लंबी कटघोरा-डोंगरगढ़ नई रेल लाइन परियोजना पर विशेष सहमति बनी। यह परियोजना रेल मंत्रालय और छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त उपक्रम (ज्वाइंट वेंचर) के माध्यम से विकसित होगी, जिसके लिए स्पेशल परपज़ व्हीकल (एसपीवी) का गठन किया जाएगा। यह रेल लाइन कटघोरा, करतला, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ तक पहुंचेगी तथा अनेक क्षेत्रों को पहली बार रेल नेटवर्क से जोड़ेगी। करीब 140 किलोमीटर लंबी रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और रेलवे की निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। रेल मंत्री ने इस परियोजना को भी शीघ्र आगे बढ़ाने का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री साय ने सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर (244 किमी), धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा (301 किमी) तथा अंबिकापुर-बरवाडीह (200 किमी) रेल परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया। रेल मंत्री ने इन परियोजनाओं को भी सकारात्मक रूप से आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
बैठक में किरंदुल-कोत्तागुडेम (180 किमी) तथा गढ़चिरौली-बीजापुर-किरंदुल (बचेली) (490 किमी) नई रेल लाइन परियोजनाओं के सर्वे कार्य में तेजी लाने पर भी सहमति बनी, जिससे बस्तर क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी। बैठक के बाद राजनांदगांव के सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में रेल मंत्री के साथ हुई चर्चा अत्यंत सार्थक रही।

उन्होंने बताया कि कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन तथा बस्तर क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर रेल मंत्री ने सहमति दी है। सांसद पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश के विकास, रोजगार, उद्योग और पर्यटन को नई गति मिलेगी।

More From Author

Umar Abdullah Divorce: 15 साल से अलग रह रहे थे उमर-पायल, सुप्रीम कोर्ट में तलाक पर हुआ समझौता

जर्सी रंग बदलने पर हॉकी इंडिया में घमासान, अध्यक्ष ने मांगी रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13910/15

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.