स्वतंत्रता दिवस पर यूपी में होंगे भव्य आयोजन, सिनेमाघरों में राष्ट्रगान अनिवार्य

 लखनऊ
प्रदेश सरकार स्वतंत्रता दिवस को जनभागीदारी का सबसे बड़ा राष्ट्रीय उत्सव बनाने की तैयारी में जुट गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस वर्ष 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत पांच करोड़ घरों तक तिरंगा पहुंचाने का लक्ष्य तय करते हुए इसे महज सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के अनिवार्य प्रसारण के निर्देश दिए हैं।

साथ ही नौ अगस्त के काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस से लेकर 15 अगस्त तक पूरे प्रदेश में तिरंगा रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, कैंडल मार्च, शहीद स्थलों पर श्रद्धांजलि और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के विशेष आयोजन कर नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र की एकता के इतिहास से जोड़ने पर जोर दिया।

शुक्रवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश ने पिछले वर्षों में 'हर घर तिरंगा' अभियान को देश में मिसाल बनाया है और इस बार इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी, स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संगठनों, औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों सहित हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2022 में प्रदेश के 4.10 करोड़, वर्ष 2023 और 2024 में 4.50 करोड़ से अधिक तथा वर्ष 2025 में 4.76 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराया गया था। इस वर्ष पांच करोड़ घरों तक राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाने के लिए स्वयं सहायता समूहों, खादी एवं ग्रामोद्योग, एमएसएमई इकाइयों और स्थानीय उत्पादन केंद्रों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। राशन की दुकानों, ग्राम पंचायत भवनों, जन सेवा केंद्रों, डाकघरों, तहसीलों और अन्य केंद्रों के माध्यम से आमजन को आसानी से तिरंगा उपलब्ध कराया जाएगा

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेशभर में तिरंगा रैली, तिरंगा संगीत समारोह, चित्र एवं कला प्रदर्शनी, रंगोली, प्रकाश सज्जा और 'सेल्फी विद तिरंगा' जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। प्रमुख सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, हवाई अड्डों और बाजारों को तिरंगा थीम पर सजाया जाए। विद्यालयों और महाविद्यालयों में स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित प्रदर्शनी, वंदे मातरम् गायन, चित्रकला प्रतियोगिता और अन्य राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम होंगे।

मुख्यमंत्री ने नौ अगस्त के काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस और 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को गरिमा और राष्ट्रभक्ति के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए। पुलिस बैंड की सहभागिता से राष्ट्रभक्ति का वातावरण बनाया जाए तथा ग्राम पंचायतों के अमृत सरोवरों और ग्राम सचिवालयों पर भी विशेष आयोजन हों। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिला मुख्यालय पर 14 अगस्त को विभाजन विषयक प्रदर्शनी, कैंडल मार्च और संवाद कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

विभाजन से प्रभावित पंजाबी, सिंधी, बंगाली और बांग्लादेश से आए शरणार्थी परिवारों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराए जाएंगे। परिचर्चाओं एवं विचार गोष्ठियों के माध्यम से युवाओं को विभाजन के इतिहास, उसके दुष्परिणाम और राष्ट्रीय एकता के महत्व से अवगत कराया जाए। एनसीसी, एनएसएस, स्वयंसेवी संगठनों और व्यापार मंडलों की भागीदारी से अभियान को व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाने पर भी जोर दिया गया।

More From Author

एक्सप्रेसवे सफर होगा आसान, किमी 51 पर रेस्तरां सहित मिलेंगी कई यात्री सुविधाएं

कांस्य पदक के बाद 100 साल के दादा को गले लगाकर भावुक हुईं मेगन कीथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13910/15

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.