झांसी
अतीक अहमद के सबसे छोटे और पांचवें बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हो गई है. जानकारी के मुताबिक अबान अहमद झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली से मिलकर वापस लौट रहा था. झांसी से वापस प्रयागराज लौटते समय उसकी कार डिवाइडर से जा टकराई. इस टक्कर में उसकी मौत हो गई. इससे पहले अतीक अहमद के एक और बेटे असद का एनकाउंटर भी झांसी में ही हुआ था।
इस हादसे में दो लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है. वहीं तीन लोग घायल हुए हैं. मरने वालों में माफिया अतीक अहमद का सबसे छोटा और पांचवा बेटा आबान अहमद भी शामिल है. घटना झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली की है. हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मोठ लेकर पहुंची. इस हादसे में अतीक अहमद के बेटे समेत दो लोगों की मौत हो गई है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं घायलों का इलाज चल रहा है।
बता दें कि माफिया रहे अतीक अहमद का दूसरा बेटा अली अहमद झांसी जेल में बंद है. उसका छोटा बेटा आबान उससे मिलकर प्रयागराज वापस लौट रहा था.तभी डिवाइडर से गाड़ी टकराने की वजह से यह हादसा हो गया।
चकनाचूर हुई कार… तस्वीरें बयां कर रहीं हादसे की कहानी
प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की हादसे में मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि कार जिस तरफ से डिवाइडर से टकराई, उसी तरफ का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. अबान उसी ओर बैठा था. हादसा कितना भयावह था, इसकी गवाही तस्वीरें दे रही हैं।
ये हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ. प्रयागराज से एक कार झांसी की ओर बढ़ रही थी. कार में पांच लोग सवार थे. इनमें माफिया अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा अबान अहमद भी था. सभी लोग झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे. लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही सफर खत्म हो गया।
हाइवे पर कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे की तस्वीरें बताती हैं कि कार के एक हिस्से को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा. अबान अहमद उसी तरफ बैठा था, जिस ओर टक्कर हुई।
हादसे में अबान अहमद समेत दो लोगों की मौत हो गई. वहीं मोहम्मद जैद, उमर और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया. क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया. अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ. क्या कार की रफ्तार अधिक थी? क्या चालक को झपकी आई? या फिर कोई तकनीकी खराबी हादसे की वजह बनी? इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
दरअसल, अली अहमद को नैनी जेल से झांसी जेल भेजा गया था. अबान और उसके साथ मौजूद लोग उसी से मुलाकात करने जा रहे थे. हादसे की तस्वीरों में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह प्रभावित दिखाई देता है. लोहे की चादरें मुड़ चुकी हैं. शीशे टूट चुके हैं. और सबसे ज्यादा नुकसान उसी हिस्से में दिखाई देता है, जहां शुरुआती जानकारी के अनुसार अबान बैठा था. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अतीक अहमद के पांच बेटों के बारे में जानें
अतीक के पांच बेटे है जिसमें सबसे बड़ा बेटा उमर अहमद लखनऊ जेल में बंद है, अली अहमद झांसी जेल में बंद है, तीसरा बेटा असद अप्रैल 2023 में झांसी में पुलिस एनकाउंटर में मारा जा चुका है. चौथा अहजम बाहर है. पांचवें नंबर के बेटे अबान की आज एक्सीडेंट में मौत हो गई।
